बॉलीवुड की सबसे चर्चित कोरियोग्राफर सरोज खान अब हमारे बीच नहीं रहीं। 3 जुलाई सुबह 1.30 बजे उनकी मृत्यु हो गई। उन्हें लंबे समय से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और वो 17 जून से ही बांद्रा के गुरु नानक अस्पताल में भर्ती थीं। हालांकि, पहले ये शक जताया जा रहा था कि वो COVID 19 पॉजिटिव हैं, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट्स निगेटिव आईं। सरोज खान को डायबिटीज सहित कई अन्य स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं थीं।
सरोज खान की ये न्यूज पढ़ते ही मुझे मेरा बचपन याद आ गया। उस वक्त 'एक दो तीन' से लेकर 'डोला रे डोला' तक हर गाने पर सरोज खान का ही नाम लिया जाता था। बॉलीवुड की मास्टरजी थीं वो और उस वक्त की हर एक्ट्रेस को सरोज खान ने अपनी उंगलियों पर नचवाया था।
शायद आपको न पता हो, लेकिन सरोज खान ने कई मेल एक्टर्स को भी अपनी उंगलियों पर नचवाया है। 3 साल की उम्र से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाली सरोज खान ने यकीनन बहुत स्ट्रगल किया और साथ ही साथ उन्होंने ये साबित कर दिया कि वो कितनी सशक्त महिला हैं।
3 साल की उम्र से शुरू किया करियर-
फिल्म 'नजराना' के लिए सरोज खान ने तीन साल की उम्र में ही काम किया था। वो उस फिल्म में डांसर की भूमिका में थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने कई फिल्मों में बतौर साइड एक्टर भी काम किया, फिल्म 'हावड़ा ब्रिज' में सरोज खान ने मधुबाला के साथ स्क्रीन स्पेस भी शेयर की थी। हालांकि, इस फिल्म में सरोज जी एक लड़के के किरदार में थीं।
इसके बाद 1950 के दशक तक सरोज खान एक सफल कोरियोग्राफर बन चुकी थीं। सरोज खान ने अपने 40 साल लंबे फिल्मी करियर में 2000 से ज्यादा गाने कोरियोग्राफ किए हैं। सरोज खान का आखिरी कोरियोग्राफ किया हुआ गाना था माधुरी दीक्षित का 'कलंक' फिल्म का गाना 'तबाह हो गए'।
पैसे की कमी के कारण आईं फिल्म इंडस्ट्री में-
सरोज खान और उनका परिवार पार्टीशन के बाद भारत आ गया था। उस वक्त वो लोग एक चॉल में रहा करते थे। सरोज खान की मां को लगता था कि उनकी बेटी पागल है क्योंकि वो दीवार को देखकर अलग-अलग इशारे करती है। वो डॉक्टर के पास सरोज को लेकर गईं और डॉक्टर ने बोला कि 'अगर आपकी बेटी को डांस का शौक है तो उसे करने दीजिए। वैसे भी आपको पैसों की कमी है। इस लड़की को फिल्म इंडस्ट्री में भेजो।'
जब सरोज 10 साल की थीं तो उनके पिता का देहांत हो गया। कई दिनों तक वो और उनके पांचों भाई बहन बिना खाने के रहते थे। पड़ोस के एक भजिएवाले के कारण उन्हें दिन में एक बार प्याज के भजिए और ब्रेड मिल जाया करती थी, बस यही खाना होता था।
शशि कपूर से लिया था लोन-
ग्रुप डांसर के तौर पर सरोज खान ने शशि कपूर के साथ भी काम किया था। सरोज खान ने उस वक्त शशि कपूर के पास जाकर कहा था कि 'मेरे घर में कुछ भी नहीं है। पेमेंट दीवाली के बाद आएगी। मुझे पैसे चाहिए।' तब शशि कपूर ने 200 रुपए अपनी जेब से निकाल कर सरोज को दिए थे और कहा था कि अभी तो मेरे पास सिर्फ इतना ही है।
13 साल की उम्र में शादी जिसके खिलाफ थे सब-
सरोज खान की शादी की खिलाफत इसलिए हुई थी क्योंकि उन्होंने 13 साल की उम्र में ही 41 साल की उम्र वाले डांस मास्टर बी सोहनलाल से शादी कर ली थी। उस वक्त सरोज खान को नहीं पता था कि सोहनलाल पहले से ही शादीशुदा थे और उनके 4 बच्चे भी थे।
उनकी शादी कैसे हुई इस बारे में भी एक इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था। उन्होंने कहा था, 'मैं उन दिनों स्कूल में पढ़ा करती थी। फिर एक दिन मास्टर सोहनलाल ने मेरे गले में एक काला धागा बांध दिया और मेरी शादी हो गई।'
14 की उम्र में बन गई थीं मां-
सरोज खान की शादी तो 13 साल की उम्र में हो गई थी और वो 14 साल की उम्र में मां भी बन गई थीं। उनके सबसे बड़े बेटे हैं हामिद खान (राजू खान)। सरोज खान का दूसरा बच्चा 8 महीने की उम्र में ही किसी बीमारी के कारण चल बसा। इसके बाद सरोज खान की बेटी हिना खान का जन्म हुआ। हालांकि, 41 साल की उम्र में हिना खान की लिवर की बीमारी से मृत्यु हो गई।
अपनी मर्जी से किया इस्लाम कबूल-
कई लोगों को ये बात नहीं पता, लेकिन सरोज खान असल में निर्मला नागपाल हुआ करती थीं। किशनचंद और नोनी सद्धू सिंह के घर पैदा हुई एक शांत लड़की। उन्होंने अपने 5 भाई बहनों में सबसे ज्यादा नाम कमाया। सरोज खान ने शादी के बाद ही इस्लाम कबूल कर लिया था। इसके लिए किसी ने उनपर दबाव नहीं डाला था।
अकेले मेहनत कर बच्चों को किया बड़ा-
बी सोहनलाल से सरोज खान ने शादी तो कर ली, लेकिन जब सोहनलाल ने बच्चों को अपना नाम देने से मना कर दिया तब सरोज खान ने अकेले अपने दम पर बच्चों को बड़ा किया। सरोज खान यकीनन बहुत ही दमदार महिला थीं जिन्होंने उस दौर में भी समाज से लड़कर अपनी जगह बनाई।
शादी के कुछ समय बाद ही सोहनलाल से वो अलग हो गई थीं, लेकिन जब सोहनलाल को हार्ट अटैक आया तो उस वक्त सरोज खान उनके साथ खड़ी थीं। इन दोनों ने अपने टूटे हुए रिश्ते को फिर से जोड़ने की कोशिश की। इनकी एक बेटी भी हुई, लेकिन फिर सरोज खान पर बच्चों की जिम्मेदारी छोड़ सोहनलाल चेन्नई चले गए। सरोज खान एक बार फिर से अकेली हो गईं।
बेटी की मौत के वक्त भी कर रही थीं शूटिंग-
सरोज खान पर बनी डॉक्युमेंट्री 'The Saroj khan Story'का ओपनिंग शॉट ही उनकी जिंदगी के संघर्ष को बयां करता है। सरोज खान फोन पर व्यस्त हैं और सोच रही हैं कि आखिर उनके बाद उनके बच्चों का क्या होगा। वो कहती हैं कि 'मैंने जिंदगी से ही सीखा है कि किसी पर निर्भर नहीं रहना है। जो आप कर सकते हैं वो सिर्फ आप कर सकते हैं।'
सरोज खान एक शूटिंग में व्यस्त थीं जब उनकी बेटी कुकू (हिना खान) का लिवर की बीमारी से देहांत हो गया था।
बॉलीवुड ने दी श्रद्धांजलि-
सरोज खान की मृत्यु पर बॉलीवुड ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
This is a sad news early in morning..since childhood I was trained in indian classical dance..it was she who taught me film dance once I joined films..(which I had zero knowlage of). A tough task master and a great one!! #RIPSarojKhan JI 🙏 https://t.co/UxRDUwFbrH
— Manisha Koirala (@mkoirala) July 3, 2020
मनीषा कोइराला से लेकर अक्षय कुमार तक कई फिल्म स्टार्स ने सरोज खान को लेकर ट्वीट की है।
Woke up to the sad news that legendary choreographer #SarojKhan ji is no more. She made dance look easy almost like anybody can dance, a huge loss for the industry. May her soul rest in peace 🙏🏻
— Akshay Kumar (@akshaykumar) July 3, 2020
बॉलीवुड कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने भी सरोज खान को श्रद्धांजलि दी।
#RIP SAROJI YOU WILL BE MISSED .... big loss to dance fraternity ..... pic.twitter.com/1Kv5B6CpKv
— Remo D'souza (@remodsouza) July 3, 2020
सरोज खान ने ये साबित कर दिया था कि वो बहुत ही दमदार महिला हैं और वो बचपन से लेकर जवानी तक एक अलग अंदाज़ में जीं।
हरजिंदगी की तरफ से सरोज खान को श्रद्धांजलि। हम आशा करते हैं कि उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत मिलेगी।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों