herzindagi
actress  shabana  azmi   love  story  interesting  facts

परिवार से बगावत कर जावेद अख्तर से शबाना आजमी ने किया था निकाह

बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी और गीतकार जावेद अख्तर की रोचक लव स्टोरी जानने के लिए पढ़ें ये आर्टिकल। 
Editorial
Updated:- 2022-02-03, 13:20 IST

'प्यार में सब कुछ जायज है', यह कहावत हमने कई बार और कई लोगों की मुंह से सुनी है। आज के जमाने के युवा भी इस बात से पूरी तरह सहमत नजर आते हैं और पुराने जमाने में भी इस कहावत के बहुत सारे वास्‍तविक उदाहरण मिल जाते हैं। खासतौर पर यदि भारतीय सिनेमा का इतिहास उठा कर देखा जाए, तो आपको ऐसी बहुत सी प्रेम कहानियां मिल जाएंगी जो आज के समय में किसी मिसाल से कम नहीं हैं।

कुछ ऐसी ही लव स्टोरी है बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी और लेखक जावेद अख्तर की। दोनों के लिए न तो प्रेम करना आसान था न अपने प्रेम को अंजाम तक पहुंचाना, लेकिन हर मुश्किल से लड़ कर दोनों ने अपने रिश्‍ते को एक नाम दिया और आज तक एक दूसरे का हाथ थामे हुए हैं।

आज हम आपको शबाना आजमी और जावेद अख्तर की लव स्टोरी से जुड़े कुछ बेहद रोचक पहलू बताएंगे।

इसे जरूर पढ़ें: जानें अभिनेत्री शबाना आजमी के जीवन से जुड़ी रोचक बातें

javed  akhtar  love  story

शबाना आजमी के बारे में जानें-

शबाना आजमी का जन्म 18 सितंबर 1950 में हैदराबाद में हुआ था। शबाना के पिता मशहूर शायर कैफी आजमी थे और मां स्टेज आर्टिस्ट शौकत आजमी थीं। दो बेहतरीन कलाकारों की पैदाइश होने का असर शबाना पर भी पड़ा और वह भी कला के क्षेत्र से जुड़ गईं।

वर्ष 1974 में शबाना ने श्‍याम बेनेगल की फिल्म 'अंकुर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। पहली ही फिल्‍म में बेस्‍ट एक्‍ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड अपने नाम कराने वाली शबाना को बहुत ही कम समय में नाम और शोहरत मिल गई थी। ऐसा बताया जाता है कि एक्टर शशि कपूर शबाना आजमी के पहले क्रश थे, मगर शबाना का दिल पहली बार जिस पर आया था वह फिल्‍म निर्देशक शेखर कपूर थे। मगर शेखर और शबाना का रिश्ता बहुत आगे नहीं बढ़ पाया।

जावेद अख्तर के बारे में जानें-

भारतीय सिनेमा को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में गीतकार एवं पटकथा लेखक जावेद अख्तर का बड़ा योगदान रहा है। जावेद जी का जन्म 17 जनवरी 1945 में ग्वालियर में हुआ था। जावेद जी प्रसिद्ध कवि निसार अख्तर और मशहूर उर्दू लेखिका सफिया अख्तर की संतान थे। जावेद जी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'सरहदी लुटेरा' की पटकथा लिख कर की थी। इस फिल्‍म में सलीम खान ने एक छोटी सी भूमिका निभाई थी। बाद में सीएम और जावेद में गहरी दोस्ती हो गई। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को बेहतरीन फिल्में दी हैं। हालांकि, बाद में दोनों अलग-अलग हो गए। वर्ष 1999 में जावेद जी को पद्मश्री और 2007 में पद्म भूषण से नवाजा जा चुका है।

वर्ष 1972 में जावेद जी ने स्क्रीन राइटर हनी ईरानी से लव मैरिज की थी, मगर शादी के 13 साल बाद और 2 बच्‍चों के पिता बनने के बाद जावेद अख्तर और हनी ईरानी का वर्ष 1985 में तलाक हो गया। आपको बता दे कि जोया अख्तर और फरहान अख्तर, जावेद और हनी की संताने हैं।

इसे जरूर पढ़ें: तब्बू और शबाना आजमी का आपस में है फैमिली रिलेशन, जानिए किस तरह कनेक्टेड हैं यह दोनों एक्ट्रेसेस

shabana  azmi  javed  akhtar  love  story  interesting  facts

कैसे हुई शबाना आजमी और जावेद अख्तर की मुलाकात-

जावेद अख्तर शबाना आजमी के पिता कैफी आजमी को अपना गुरु मानते थे। वह शायरी सीखने के लिए शबाना के घर भी आया करते थे। कैफी आजमी और जावेद अख्तर जब साथ में बैठ कर शायरी किया करते थे, तब शबाना और शौकत आजमी ऑडियंस बनकर दोनों की शायरी का मजा लेती थीं। जावेद जी के शायरी बोलने के अंदाज पर शबाना शुरू से ही फिदा थीं। वहीं बॉलीवुड की टॉप एवं खूबसूरत एक्ट्रेस शबाना ने भी जावेद जी का दिल जीत लिया था। जावेद जी भी शबाना आजमी को पसंद करने लगे थे। दोनों की मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और दोस्ती प्यार में बदल गई।

कैसे हुई शबाना आजमी और जावेद अख्तर की शादी-

शबाना आजमी और जावेद अख्तर की शादी मुमकिन ही नहीं थी। बड़ी वजह थी जावेद जी का पहले शादीशुदा होना और 2 बच्‍चों का पिता होना। शबाना आजमी के माता-पिता को जब यह बात पता चली तो वह काफी नाराज हुए और शादी को अपनी सहमती देने से इंकार कर दिया।

वहीं दूसरी तरफ अपने दिल की बात जावेद अपनी एक्‍स वाइफ हनी को बताने में हिचकिचा रहे थे। मगर जब हनी को इस बात की भनक लगी कि जावेद किसी और औरत के प्‍यार में हैं, तो उन्होंने खुद ही अलग होने का फैसला ले लिया। वर्ष 1984 में शबाना ने अपने परिवार से बगावत कर जावेद अख्तर से शादी कर ली और वर्ष 1985 में जावेद अख्तर और हनी ईरानी का तलाक हो गया।

javed  akhtar  love  story  interesting  facts

जावेद के परिवार से कैसे हैं शबाना आजमी के संबंध-

जावेद अख्तर और शबाना आजमी की अपनी कोई संतान नहीं है। बहुत समय पहले फर्स्‍टपोस्‍ट को दिए एक इंटरव्यू में शबाना ने बताया था कि उनकी मेडिकल कंडीशन कुछ ऐसी थी कि वह मां नहीं बन पाईं और इस बात से वह काफी समय तक दुखी भी रही थीं। मगर शबाना आजमी की जावेद के बेटे फरहान और बेटी जोया से बहुत ही अच्छी बॉन्डिंग है। शबाना के साथ फरहान और जोया की कई तस्वीरें आपको सोशल मीडिया पर नजर आ जाएंगी। इतना ही नहीं, शबाना आजमी हनी ईरानी की भी तारीफ करने से पीछे नहीं हटती हैं। एक मीडिया हाउस को दिए पुराने इंटरव्यू में शबाना ने कहा था, 'हनी बहुत ही अच्छी महिला हैं, उन्‍हें बच्‍चों के दिमाग में मेरे खिलाफ कभी कोई गलत बात नहीं भरी। बल्कि जब भी मुझे बच्चों की जरूरत पड़ी दोनों बच्चे मेरे साथ खड़े थे।'

उम्मीद है कि आपको शबाना आजमी और जावेद अख्तर की यह लव स्‍टोरी रोचक लगी होगी। इसी तरह और भी फिल्‍म स्‍टार्स की लव स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।