कहानी में अब तक- मनु के ससुराल वाले बहुत अजीब व्यवहार कर रहे हैं, मनु को उसकी सास ने उसके पैर में एक धागा बांधा था जिसके बाद उसके साथ अजीब घटनाएं हो रही थीं। उसे एक बच्चा भी दिखता है जो घर में किसी का नहीं है। मनु अपने ससुराल के उस सूखे तुलसी के पेड़ में पानी डालती है और सभी उसे डांट देते हैं, मनु वो धागा निकाल देती है और अपने ससुराल के बंद पड़े कमरे में जाती है। अब आगे...
दरवाजा खोलते ही मनु को लगा कि वह कोई सपना सा देख रही है। कमरे में बहुत ज्यादा रौशनी नहीं थी, लेकिन खिड़की से आती हुई चांदनी दिखा रही थी कि वह कमरा असल में पूजा घर था। पर पूजा का सामान तो था, लेकिन देवताओं की मूर्ति गायब थी। उस कमरे के अंदर एक तरफ उल्टा स्वास्तिक बना हुआ था। कमरे में सिंदूर, आल्ता और सुहाग का सारा सामान रखा था। उस कमरे में एक तरफ कुछ तस्वीरें थीं। धुंधली तस्वीरें, बड़े लकड़ी के फ्रेम के साथ। थोड़ा और अंदर जाकर देखा, तो एक बक्सा था जिसमें किसी महिला के कपड़े थे। उस कमरे में हवन कुंड भी था, लकड़ियां भी रखी हुई थीं और एक टूटी हुई शिव की मूर्ति भी।
यह बहुत अजीब था। सूखा हुआ तुलसी का पौधा, टूटी हुई शिव की मूर्ति और मनु को दिया हुआ वह धागा। मनु वह सब देख ही रही थी कि अचानक उल्लू के बोलने की आवाज आई। मनु अंदर तक सिहर गई। उसने पीछे पलट कर देखा, तो वही बच्चा खड़ा था। उसकी आंखों से आंसू नहीं खून बह रहा था। मनु समझ गई थी कि यह कोई साधारण बच्चा नहीं है। पर इस बार उसे अहसास हुआ कि वह बच्चा उससे कुछ कहना चाह रहा है। वह बच्चा उसे पीछे देखने को कह रहा था।
मनु ने पीछे देखा, तो वहां एक साया था। किसी महिला का साया। उसका चेहरा ठीक से दिख नहीं रहा था, लेकिन वह साया मनु की तरफ ही आ रहा था। मनु तुरंत भागी और कमरी की दहलीज पार कर गई। वह साया कमरे के बाहर नहीं आया। कमरे के दरवाजे के बाहर लगी कील से मनु की साड़ी फट गई। वह कील ही उस साए को रोक रही थी। मनु को लग रहा था जैसे कोई सपना चल रहा है। उसकी नजर बाल्टी पर पड़ी, तो उसका पानी पूरी तरह से सूख चुका था। धागा अभी भी वहीं पड़ा हुआ था। मनु की हिम्मत नहीं हो रही थी कि वह कमरे को फिर से बंद कर दे। पर अगर बंद नहीं करा तो ससुराल वालों को पता चल जाएगा।
मनु ने हिम्मत की और दरवाजा बंद करने गई, वह साया खिड़की के पास था और उसे देख रहा था। उसने किसी तरह से दरवाजा बंद किया, तो उसके बगल में आकर वही बच्चा खड़ा हो गया। मनु के पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि बच्चा लगातार खून के आंसू रो रहा था। उसने तुलसी के पास दिखाया, पानी डालने से मिट्टी गीली हो गई थी और मनु ने पास पड़ी लकड़ी से उसे खोदना शुरू किया। तुलसी के पौधे की मिट्टी में कीलें गड़ी हुई थीं।
मिट्टी में कीलें कैसे हो सकती हैं। मनु को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था कि वह क्या देख रही है। यहां कुछ ऐसा हो रहा था जिसे नहीं होना चाहिए। मनु को लगा कि कोई जाग गया है। उसने तुरंत तुलसी की मिट्टी को वापस पहले जैसा करने की कोशिश की और भागी। वह बच्चा अब गायब हो चुका था। मनु छुपते-छुपाते ऊपर की तरफ गई, तो वहां रोहन खड़ा था। गुस्से से लाल, उसकी आंखों में जैसे खून उतर आया था। मनु को देखकर वह चीखा, 'क्या करने गई थी तुलसी के पास? मना किया एक बार समझ नहीं आता?', उसकी आवाज इतनी तेज थी कि नीचे भी लोग उठ गए।
रोहन ने मनु का हाथ पकड़ा और उसे कमरे की ओर ले गया। कमरे का दरवाजा बंद करते ही उसने कहा, 'अगर चाहती हो कि जिंदा रहो, तो उस तुलसी के पौधे से दूर रहो। समझीं...', इतना कहकर रोहन उसे कमरे में बंद करके चला गया। वह नीचे अपने परिवार वालों से बात करने लगा। इतने में रात के अंधेरे में ही लक्ष्मी जी और रौशनी उसके पास आए, 'तुझे धागा दिया था ना, उसे बाल्टी में डाल आई। पागल कहीं की पहन इसे।' सास का ये रूप देख मनु जैसे बावली हो गई थी। ये हो क्या रहा था उसके साथ।
इस बार लक्ष्मी जी ने उसके पैर में धागा बांधने की कोशिश की, तो धागा अपने आप ही गिर गया। वह बहुत कोशिशों के बाद भी उसे बांध नहीं पा रही थीं। इतने में बुआ रौशनी ने कहा, 'मंतर उतर गया है, अब काम नहीं करेगा।' लक्ष्मी ने रौशनी को देखा और मनु को गुस्से से देखा। मनु को वहीं छोड़ दोनों चली गईं। इतने में मनु ने अलमारी के साइड में देखा, तो फिर वही बच्चा खड़ा था। इस बार उसके हाथ में एक किताब थी। यह पहली बार था जब वह बच्चा कोई चीज अपने हाथ में लेकर आया था।
मनु के लिए वह बच्चा क्या मैसेज लेकर आया था? आखिर क्या हो रहा था उसके साथ, ससुराल का राज क्या था? मनु के सामने अब क्या नई चुनौती आने वाली थी? यह सब जानिए कल कहानी के अलगे भाग हॉन्टेड ससुराल-पार्ट 5 में।
डिस्क्लेमर: यह कहानी फिक्शन है और हरजिंदगी किसी भी तरह के काले जादू और भूत-प्रेत की बातों को प्रमोट नहीं करता है। यह कहानी सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए है।
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 1: आखिर क्यों मनु के ससुराल में जाते ही उसके साथ ऐसी अजीब हरकतें होने लगीं जिन्हें समझाया नहीं जा सकता?
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 2: आखिर वो कौन सा बच्चा था, जो मनु को बार-बार दिख रहा था? क्यों उसके अलावा वह किसी और को नहीं दिखता था?
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 3: मनु की सास ने जो काला धागा उसके पैर में बांधा था, उसके पीछे का राज यह होगा उसने सोचा भी नहीं था
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 5: अब मनु के साथ जो होने वाला था उसने सपने में भी नहीं सोचा था, उसकी जान खतरे में थी, लेकिन...
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 6: मनु को मारने के लिए ससुराल वालों ने पूरी तैयारी कर ली है, लेकिन उस डायरी का राज भी उसे पता चल गया है
इसे जरूर पढ़ें- Haunted Sasural Part 7: मनु के पास सिर्फ एक ही मौका था, एक गलती और उसकी जान चली जाएगी, लेकिन अचानक...
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों