क्या बढ़ता वजन आपकी पर्सनैलिटी और सेहत पर असर डाल रहा है? क्या आप तेजी से वजन कम करने के उपायों की तलाश कर रही हैं? यदि हां, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। हम यहां आपको एक देसी डिटॉक्स डाइट प्लान बताएंगे, जिसे आप 7 दिनों तक आसानी से फॉलो करके 2 किलो वजन कम कर सकती हैं। इस डाइट की जानकारी डाइटिशियन सिमरन कौर दे रही हैं, जो एक सर्टिफाइड डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट हैं।
हम में से ज्यादातर महिलाएं बढ़ते वजन और शरीर में जमा विषाक्त पदार्थों से परेशान रहती हैं। यदि आप भी इन समस्याओं का सामना कर रही हैं और अपना वजन कम करना चाहती हैं, तो यह 7 दिनों का डिटॉक्स प्लान आपके लिए असरदार हो सकता है। इस प्लान से आप न सिर्फ वजन घटा सकती हैं, बल्कि यह आपके शरीर को अंदर से साफ भी करेगा। तो आइए इस डिटॉक्स प्लान के बारे में जानते हैं, जो शरीर को अंदर से हेल्दी बनाएगा और वजन घटाने में मदद करेगा।
मॉर्निंगरूटीन
सुबह का समय शरीर को डिटॉक्स करने और उसे ताजगी देने का होता है। जब आप सुबह उठते हैं, तब सबसे पहले मेथी के बीज का गुनगुना पानी पीना चाहिए। मेथी के दाने शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं, क्योंकि ये वजन घटाने, ब्लड शुगर को कंट्रोल करने और डाइजेशन को सुधारने में मदद करते हैं।
कैसे बनाएं मेथी का पानी?
- रात को कुछ मेथी के बीज पानी में भिगोकर रख दें।
- सुबह उठकर इस पानी को गुनगुना करके पिएं।
यह आपके मेटाबोलिज्म को बढ़ाने में मदद करेगा और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालेगा।
इसे जरूर पढ़ें: 95 से 60 पर लाना है वजन, फॉलो करें एक्सपर्ट का बताया यह डाइट प्लान
ब्रेकफास्ट
ब्रेकफास्ट दिन का सबसे जरूरी भोजन होता है। इस समय आपको हल्का और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन लेना चाहिए, ताकि दिन-भर के लिए एनर्जी मिल सके। नाश्ते में आपको हरी चटनी के साथ ओट्स और पालक का चीला खाना चाहिए।
ओट्स फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो डाइजेशन को सही रखता है और भूख को कंट्रोल करता है। पालक में आयरन और विटामिन्स होते हैं, जो शरीर को पोषण देते हैं। हरी चटनी में विटामिन C और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को डिटॉक्स करते हैं।
मीड मॉर्निंग
मीड मॉर्निंग में आपको हल्का और ताजगी से भरपूर कुछ खाना चाहिए। इस समय आप 1-2 मौसमी फल खा सकती हैं। मौसमी फल में नेचुरल शुगर और फाइबर होता है, जो भूख को शांत करता है और शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है।
लंच
लंच में आपको ऐसा भोजन लेना चाहिए, जो पोषक तत्वों से भरपूर और हल्का भी हो। आप एक कटोरी मौसमी सब्जी, एक कटोरी स्प्राउट्स सलाद, या एक चपाती खा सकती हैं। मौसमी सब्जियां ताजगी और पोषण से भरपूर होती हैं और स्प्राउट्स में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा होती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। चपाती का सेवन आप हल्के और हेल्दी लंच के रूप में कर सकती हैं।
शाम का समय
शाम को अदरक वाली चाय पीने से शरीर को स्फूर्ति मिलती है। अदरक डाइजेशन को बेहतर बनाता है और शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है। साथ ही, आप इसके साथ मखाना या पॉपकॉर्न भी खा सकती हैं। यह एक हल्का और स्वादिष्ट स्नैक है, जो वजन कम करने में मदद करता है।
डिनर
रात के समय हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना चाहिए, ताकि रात-भर शरीर को पाचन में कोई कठिनाई न हो। इस समय आपको मूंग और ओट्स का सूप लेना चाहिए। यह सूप हल्का, पौष्टिक और पचाने में आसान होता है। इसमें मौजूद मूंग दाल और ओट्स प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत हैं। यह आपके शरीर को पर्याप्त पोषण देता है और वेट लॉस में मदद करता है।
सोने से पहले
सोने से पहले आपको त्रिफला पाउडर को गुनगुने पानी के साथ लेना चाहिए या फिर आप आधे कप दूध में दालचीनी पाउडर डालकर पी सकती हैं। त्रिफला पाचन क्रिया को सुधारता है और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है। दालचीनी शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज और वजन को कम करती है।
वजन घटाने के अन्य उपाय
वजन घटाने के साथ-साथ शरीर को हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ और उपायों को भी अपनाना चाहिए:
- 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लें। रोजाना सही समय पर नींद लेना वजन घटाने में अहम भूमिका निभाता है।
- 30 मिनट की एक्सरसाइज या रोजाना पैदल चलना बेहद जरूरी है। इससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है और शरीर से कैलोरी बर्न होती है।
- जंक फूड और चीनी से दूरी बनाकर रखें। इनका सेवन शरीर में अनावश्यक कैलोरी और विषाक्त पदार्थों का निर्माण करता है।
इस डिटॉक्स प्लान को 7 दिनों तक फॉलो करके आप न सिर्फ वजन घटा सकती हैं, बल्कि शरीर अंदर से हेल्दी होगा और आप ताजगी से भरपूर भी महसूस करेंगी। साथ ही, सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर आप अपने स्वास्थ्य को और भी बेहतर बना सकती हैं।
अगर आपको वेट लॉस से जुड़ी कोई जानकारी चाहिए, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock & Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों