बसंत के ये सुपर फ्रूट सेहत के लिए हैं वरदान, डाइट में जरूर करें शामिल

ये मौसमी फल  एंटी ऑक्सीडेंट और विटामिन सी से भरपूर होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार होते हैं। ऐसे में मौसमी बीमारियों से बचने और अच्छी सेहत के लिए इन फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। 

 
spring seasonal fruits

बसंत का मौसम सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। असल में इस ऋतु में तापमान धीरे-धीरे शरीर के अनुकूल होने लगता है और ठंड की परेशानियों को झेल चुका शरीर वापस सामान्य अवस्था में आने लगता है। बाहरी तापमान की शरीर के लिए यह अनुकूलता सेहत के लिहाज से फायदेमंद साबित होती है। इसलिए इस मौसम में पाचन बेहतर हो जाता है और आप जो भी खाते-पीते हैं उसका पूरा पोषण शरीर को मिलने लगता है।

इसके साथ ही बसंत में ऐसी कई सारी मौसमी फल-सब्जियां आती हैं जो काफी गुणकारी होती हैं और सेहत को सीधे लाभ पहुंचाती हैं। ऐसे ही कुछ फलों के बारे में आज यहां हम आपको बताने जा रहे हैं जिसे बसंत के सुपर फ्रूट के तौर पर जाना जाता है। दरअसल, इस बारे में हमने न्यूट्रीनिस्ट गुंजन सचदेवा से बात की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं।

न्यूट्रीनिस्ट गुंजन सचदेवा बताती हैं कि बसंत का मौसम देखने में जितना सुहाना लगता है, सेहत के लिहाज से भी उतना ही फायदेमंद होता है। लेकिन इस मौसम में तापमान में तेजी से बदलाव होता है, ऐसे में खान-पान में उचित बदलाव के साथ ही विशेष रख-रखाव की जरूरत पड़ती है। खासकर आहार में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े।

अच्छी बात यह है कि इस मौसम में जिस तरह के फल आते हैं, एंटी ऑक्सीडेंट और विटामिन सी से भरपूर होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार होते हैं। ऐसे में मौसमी बीमारियों से बचने और अच्छी सेहत के लिए इन फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। चलिए अब बसंत के सुपर फ्रूट माने जाने वाले इन फलों के बारे में जान लेते हैं।

स्ट्रॉबेरी

strawberry health benefits

स्ट्रॉबेरी वैसे तो आजकल मार्केट में हमेशा मौजूद रहता है, पर असल में प्राकृतिक रूप से बसंत ऋतु में स्ट्रॉबेरी पक कर लाल होता है। ऐसे में ताजा स्ट्रॉबेरी का स्वाद और लाभ दोनों बसंत के मौसम में ही मिलता है। बात करें इससे मिलने वाले लाभ की तो स्ट्रॉबेरी विटामिन सी की प्रचुर मात्रा होने के साथ ही यह फाइबर और फोलेट, मैंगनीज, पोटैशियम जैसे खनिज तत्वों का भी अच्छा स्रोत है। स्ट्रॉबेरी को लाल सुंदर रंगत देने वाले एंथोसायनिन दिल की सेहत के लिए लाभकारी माने जाते हैं। इसलिए इस मौसम में आपको स्ट्रॉबेरी को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।

प्लम

plum health benefits

प्लम भी बसंत ऋतु में मिलने वाले बेहद पौष्टिक फल है, जिसे हमारे यहां आलूबुखारा के नाम से जाना जाता है। बता दें कि इसमें विटामिन सी, विटामिन के और बी 6 के साथ शरीर के लिए जरूरी खनिज तत्व पाए जाते हैं। ऐसे में मौसमी बीमारियों से शरीर का बचाव तो करता ही, ही साथ ही यह ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों जैसे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में राहत दिलाने में भी मददगार होता है।असल में प्लम में पोटैशियम काफी अधिक मात्रा में पाया जाता है, ऐसे में इसके सेवन ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और हृदय संबंधी रोगों से बचाव होता है।

अंगूर

grapes health benefit

बात अगर बसंत ऋतु के फलों की कर रहे हैं तो अंगूर को कैसे भूल सकते हैं, हमारे यहां इस मौसम में अंगूर काफी अच्छी तादाद में मिलते हैं। अंगूर में विटामिन ए, विटामिन बी 6 और विटामिन सी के साथ ही एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, इसलिए इसका सेवन शरीर को मौसमी बीमारियों से बचाने में मददगार होता है। वहीं इसमें पोटैशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे खनिज तत्व भी अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को सेहतमंद बनाते हैं।

चीकू

chikoo benefits for health

चीकू भी बसंत ऋतु का फल है, जो फरवरी के महीने में बाजार में अच्छी तादाद मौजूद होता है। बात करें इसके गुणों की तो विटामिन ए अच्छी मात्रा में पाया जाता है, ऐसे में इसका सेवन आंखों के साथ स्किन के लिए काफी लाभकारी होता है। वहीं इसमें कैल्शियम भी प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। ऐसे में इसके सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट कैंसर सेल्स को विकसित होने से रोकते हैं, जिससे कैंसर से बचाव में मदद मिलती है।

कटहल

jackfruits health benefits

कटहल भी बसंत का मौसमी फल है, इस मौसम में पका कटहल आसानी से बाजार में मिल जाता है। सेहत के लिहाज से देखा जाए तो यह फल काफी गुणकारी होता है, इसमें मैंगनीज, पोटैशियम और जैसे मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये खनिज तत्व शरीर को कार्य करने के लिए आवश्यक ऊर्जा देते हैं। वहीं इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं, जो घाव को तेजी से भरने में सहायक होते हैं। इसके साथ ही कटहल का सेवन ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में भी मददगार साबित होता है।

इस तरह से देखा जाए तो बसंत में मिलने वाले ये सभी फल सेहत के लिए वरदान से कम नहीं है, इसलिए आप भी इन्हें अपनी डाइट शामिल कर इनका पूरा लाभ ले सकते हैं। उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी और अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

यह भी पढ़ें- यह भी पढ़ें- सेहत का खजाना हैं ये केसरिया रंग के फल, बुढ़ापे से लेकर दिल की समस्याओं को रखते हैं दूर

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें

Image Credit:Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP