आमतौर पर खाने का स्वाद इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसे किस तरह के बर्तन में पकाया गया है। जैसे यदि लोहे के बर्तनों में खाना पकाया जाता है तो वो स्वाद के साथ हमारी सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसी तरह मिटटी के बर्तनों में पकाया गया खाना सुपाच्य होने के साथ सेहत के लिए कई तरह से लाभदायक होता है। इसके अलावा सोने या चांदी के बर्तनों में खाना पकाने और खाने के भी कई तरह के स्वास्थ्य लाभ हैं। लेकिन अगर आप एल्युमीनियम के बर्तनों में खाना पकाती हैं तो ये कई तरह से सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
महिलाएं किचन में काम करते समय कई बार कुछ ऐसी गलतियां करती हैं जिनसे न सिर्फ उनकी बल्कि उनके पूरे परिवार की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। ऐसी ही एक गलती है एल्युमीनियम के बर्तनों में खाना पकाना। जी हां, हममें से अधिकांश महिलाएं इस तरह के बर्तनों का इस्तेमाल खाना बनाने के लिए करती हैं। ये बर्तन बहुत जल्दी खराब नहीं होते हैं और बहुत आसानी से साफ़ भी हो जाते हैं। इसी वजह से इनमें खाना बनाना थोड़ा आसान हो जाता है। लेकिन आज इस लेख में फैट टू स्लिम ग्रुप की सेलिब्रिटी इंटरनेशनल डाइटीशियन और न्यूट्रिशनिष्ट शिखा ए शर्मा से जानें ऐसे बर्तनों में खाना पकाने के सेहत से जुड़े कुछ ऐसे नुकसानों के बारे में जिसे सुनकर आप एल्युमीनियम के बर्तनों में खाना पकाने की गलती दोबारा कभी नहीं करेंगी।
एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने से हो सकती हैं कई बीमारियां
एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाया गया खाना एल्युमिनियम को सोख सकता है क्योंकि खाना पकाने की प्रक्रिया के दौरान एल्युमीनियम भोजन और पानी में घुल जाता है। यह अवशोषित एल्युमीनियम रक्तप्रवाह में चला जाता है और अलग-अलग लोगों के विभिन्न अंगों में जमा हो जाता है, जिससे कई तरह के प्रभाव पड़ते हैं। एल्युमिनियम के बर्तनों में पका हुआ भोजन खाने से कई स्वास्थ्य समस्याएं जैसे हाइपर-एसिडिटी, पेप्टिक अल्सर, अपच, पेट फूलना, त्वचा की समस्याएं जैसे पिगमेंटेशन , एक्जिमा, रूसी और आंत की पुरानी सूजन का कारण बन सकता है।
इसे जरूर पढ़ें:Expert Tips: खाने की इन 10 चीज़ों से हो सकती है एलर्जी, डाइट में शामिल करते समय ध्यान रखें ये बातें
एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने से हो सकती हैं हड्डियों की समस्याएं
एल्युमीनियम हड्डी के विकास को कम करता है और ऑस्टियोपोरोसिस की संभावना रखता है। शरीर में एल्युमीनियम तत्व की अधिक मात्रा हड्डियों के विकास को कम कर देती है और कई समस्याओं जैसे आर्थराइटिस और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी के खतरे को बढ़ा देती है। यदि इन बर्तनों में बने भोजन का इस्तेमाल नियमित रूप से किया जाता है तो ये हड्डियों के खोखलेपन का कारण भी बन सकता है। एल्युमिनियम नमक और एसिड के साथ मिलने पर तुरंत पिघलने लगता है, जिससे खाने में इसका अंश तेजी से शामिल हो जाता है। खाने में शामिल आयरन और कैल्शियम की मात्रा को एल्युमिनियम आसानी से अब्जॉर्ब कर लेता है और यह हड्डियों की बीमारियों का कारण बन जाता है।
एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने से बढ़ सकता है अल्जाइमर का खतरा
एल्युमिनियम एक ऐसा तत्व है जो मस्तिष्क को प्रभावित करने के लिए जाना जाता है जिससे अल्जाइमर रोग होता है। मस्तिष्क पर इसके विषाक्त प्रभाव का पहला लक्षण मेमोरी का कमजोर होना है। शोध बताते हैं कि कई वर्षों तक लगातार एल्युमिनियम के बर्तनों में बने हुए खाने के सेवन करने से अल्जाइमर रोग का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। अल्जाइमर एक ऐसा रोग है जिसमें रोगी हाल की घटनाओं को याद करने में असमर्थ होता है, लेकिन कई साल पहले हुई घटनाओं को स्पष्ट रूप से याद करने में सक्षम होता है।
खट्टे खाद्य पदार्थों को एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाने से हो सकते हैं विषाक्त
एल्युमिनियम मूल खाद्य पदार्थों की तुलना में अम्लीय खाद्य पदार्थों में तेजी से घुल जाता है। टमाटर, चाय और कॉफी जैसे अम्लीय खाद्य पदार्थों को एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाना हमेशा सेहत के लिए बहुत ज्यादा नुकसानदेह साबित हो सकता है। यहां तक कि एल्युमिनियम से एलर्जी वाले लोगों कोएल्युमिनियम फॉयल में पैक की गई सामग्रियों से भी ख़ासा नुकसान पहुंच सकता है। यही नहीं ऐसे लोगों के लिए दवाओं की एल्युमिनियम कोटिंग भी सेहत के लिए नुक्सान पहुंचा सकती है। खासकर किसी भी तरह की अम्लीय दवा आसानी से नुकसान पहुंचा सकती है।
इसे जरूर पढ़ें:तुलसी के पत्ते फायदा ही नहीं नुकसान भी पहुंचाते हैं, ज्यादा लेने से बचें
उपर्युक्त सभी कारणों से एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाना और इसका सेवन सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है इसलिए अपनी इस आदत को तुरंत बदल लें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Recommended Video
Image Credit: freepik and unsplash
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों