Sat Mar 7, 2026 | Updated 01:22 PM IST
herzindagi
YouTuber Nakul Dhull chasing women video

'क्या ही कर लेगी लड़की...', यूट्यूबर नकुल ढुल ने कही घिनौनी बात; आखिर महिलाओं के डर को मनोरंजन का केंद्र बनाने में हमें शर्म महसूस क्यों नहीं होती?

Nakul Dhull Viral Video: हरियाणा के रहने वाले इन्फ्लुएंसर नकुल ढुल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह महिलाओं के उस डर का मजाक बना रहे हैं, जो उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में न चाहते हुए भी झेलना पड़ता है। इसके बाद से वह विवादों में हैं और कई इन्फ्लुएंसर और सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें जमकर फटकार लगा रहे हैं। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला?
Editorial
Updated:- 2026-02-27, 16:26 IST

सड़क पर, रात में या कई बार दिन में भी किसी सूनसान इलाके में निकलते वक्त कितना डर महसूस होता है, ये कोई भी लड़की आसानी से समझ सकती है। उस पल अगर कोई लड़का फब्ती कसता हुआ पास से निकल जाए या किसी की नजरें हमें खुद को घूरती हुई महसूस हों, तो दिल की धड़कन कुछ पल के लिए एकदम तेज हो जाती है। ऐसे में कभी हम फोन पर किसी से बात करने का नाटक करते हैं, तो कभी घबराहट में अपने घरवालों के साथ अपनी लाइव लोकेशन, ऐसा सोचकर शेयर करते हैं कि अगर कुछ गलत हो जाए, तो वो हमें ढूंढ पाएं।
यह कितना निंदनीय है न। हमने अपनी बेटियों को एक ऐसा समाज दिया है, जिसमें वे खुलकर सांस भी नहीं ले पा रही हैं।  सड़क पर कॉन्फिडेंस और बेबाकी के साथ वे चल भी नहीं पा रही हैं। हर कदम पर वे इस डर में जीती हैं कि अगले पल पता नहीं उनके साथ क्या होगा? महफूज महसूस करने जैसी बेसिक चीज भी मानो उनके लिए लग्जरी बन गई है।
अब सोचिए, यह डर जिसे आप, मैं और न जाने कितनी लड़कियां रोज जी रही हैं, उसका अगर कोई मजाक बनाए, तो कितना गुस्सा आएगा ना? कुछ ऐसा ही किया है हरियाणा के रहने वाले इन्फ्लुएंसर नकुल ढुल (Nakul Dhull Controversy) ने। इनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह व्यक्ति उस 'सस्ती मर्दानगी' का दम भरते हुए नजर आ रहा है, जो हमारे पितृसत्तामक समाज में न जाने कितने लड़कों के अंदर बसी हुई है। इस वीडियो में नकुल महिलाओं को परेशान जैसी गंभीर समस्या का मजाक बना रहे हैं और ऐसा करना उन्हें काफी 'कूल' लग रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से वह विवादों में हैं। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला और यह भी समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर मर्दानगी की ऐसी सस्ती परिभाषा बदल क्यों नहीं पा रही है?

कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल ने वायरल वीडियो में क्या कहा?

youtuber nakul dhull viral video about chasing women and joking about their fear

कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह बता रहे हैं कि कैसे रात में एक अकेली लड़की को डराया जा सकता है? असल में वह सीधे तौर पर लड़कियों के डर का मजाक बना रहे हैं, जबकि माफ कीजिएगा लड़कियों का यह डर ऐसी ही सोच रखने वाले लड़कों की वजह से कायम है, जो उन्हें सेफ फील ही नहीं करने दे रहे हैं। खैर, नकुल के साथ वीडियो में कंटेट क्रिएटर लक्ष्य चौधरी भी नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में एक लड़का पहले पूछता है कि वह किसी लड़की को अप्रोच करने से डरता है। इसके जवाब में नकुल कहते हैं कि लड़कियों को डराना तो बहुत आसान होता है। कैसे उनका पीछा करके या ओवरटेक करके उन्हें डराया जा सकता है। वीडियो के आखिर में नकुल ये भी कहते हैं कि ऐसा करने पर लड़की क्या ही कर लेगी, लड़कियों से क्या डरना, अगर डरना है तो किसी ढंग के से डरो। वीडियो में नकुल ने ऐसे कई शब्दों का इस्तेमाल किया है, जिन्हें यहां लिख पाना संभव नहीं है क्योंकि ये सीधे तौर पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। वीडियो देखने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं। बता दें कि यह वीडियो का फुल वर्जन नहीं है।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर में योग मुद्रा करती तस्वीरों से अश्लीलता! महिला की परछाई तक सुरक्षित नहीं और बात देवी पूजा की, आखिर कब बदलेगी ये गंदी मानसिकता?

सोशल मीडिया पर हो रही है फजीहत

इस वीडियो के वायरल होने के बाद नकुल को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल होना पड़ रहा है और ऐसा होना भी लाजमी है। एक सेंसिटिव मुद्दे पर जिस तरह का घटिया कमेंट उन्होंने किया है, उसके लिए उनसे सवाल किया जाना तो बनता है। यूजर्स का कहना है कि इसे ह्यूमर कहना बिल्कुल गलत है और ह्यूमर की आड़ में इतने संवेदनशील मुद्दे पर इस तरह के कमेंट्स करना, पूरी तरह से गलत है। कई इन्फ्लुएंसर भी उनके इस वीडियो को गलत ठहराते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो पोस्ट कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- 'हर बेटी अपने पापा को ऐसे ही प्यार...', रायपुर में पिता ने 12 साल तक किया बेटी का रेप, मां की हिम्मत से मिली सजा; क्या महफूज हाथों में भी सुरक्षित नहीं हैं बेटियां?

आखिर मर्दानगी की यह सस्ती परिभाषा बदल क्यों नहीं पा रही?

youtuber nakul dhull viral video about chasing women and joking about their fear sparks outrage
नकुल ढुल ने जो कहा है, वह असल में मजाक तो बिल्कुल नहीं है। यह उस घटिया सोच का आईना है, जहां औरतों को डराकर, उन्हें दबाकर और उनकी आवाज को न सुनकर, मर्दानगी के झंड़े गाड़े जाते हैं। इसी सोच की आड़ में पहले महिलाओं को डराया जाता है, फिर उनके उसी डर का मजाक बनाया जाता है और इसी डर के चलते उन्हें बौना बना दिया जाता है। अब आप खुद ही सोचिए जिस डर का जिक्र नकुल अपने वीडियो में कर रहे हैं, वह डर हम लड़कियों के मन में कहां से आया? जाहिर सी बात है कि लड़कों की ओझी हरकतों के चलते ही यह डर पैदा हुआ है, जिसमें कभी सड़क चलते किसी लड़की का दुपट्टा खींच लिया जाता है, कभी भीड़ में उसके शरीर को छूने की कोशिश की जाती है, तो कभी गंदी नजरों से उसका कॉन्फिडेंस और आत्मसम्मान ही तोड़कर रख दिया जाता है। इसके बाद देर रात सड़क पर चलते हुए एक लड़की के मन में यह डर घर कर जाता है कि कहीं उसके साथ कुछ गलत न हो जाए। लड़कियों को इस तरह डराना, उनके साथ गलत हरकतें करना और फिर ऐसे स्टेटमेंट्स का सामने आना, क्या वाकई यह मर्दानगी है? नहीं, बिल्कुल नहीं।

शायद यही वह सोच है, जो महिलाओं को आज भी छोटा और तुच्छ समझती है, जो उन्हें दबाकर रखना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है और जिसकी वजह से, आज भी महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर पाती हैं।
Image Courtesy: Shutterstock

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।