दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा के फैमिली बैकग्राउंड से लेकर क्वालिफिकेशन तक सबकुछ जानिए

दिल्ली को अपना नया सीएम और डिप्टी सीएम मिल चुका है। 20 फरवरी को रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में और प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। 
know everything about delhi deputy cm pravesh verma family background qualifications and more

20 फरवरी 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान पर दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के नये उपमुख्यमंत्री के तौर पर प्रवेश वर्मा ने शपथ ली है। दिल्ली के डिप्टी सीएम के रूप में उनका ध्यान शासन सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास, प्रदूषण नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और शहरी नियोजन जैसी चीजों पर केंद्रित होगा। साल 2013 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में तत्कलीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी और वह 12 सालों तक इस सीट से जीत हासिल करते रहे थे। लेकिन, 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट से हार झेलनी पड़ी। इस बार नई दिल्ली सीट की जीत का सेहरा भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के सिर पर सजा।

आज हम आपको इस आर्टिकल में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा के बारे में विस्तार से बताने वाले हैं। प्रवेश वर्मा की पर्सनल लाइफ, फैमिली बैकग्राउंड, राजनीतिक करियर, शैक्षिक योग्यता और कुल संपत्ति समेत सबकुछ-

प्रवेश वर्मा का जन्म

दिल्ली के डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा का जन्म 7 नवंबर 1977 को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा के घर हुआ था। बचपन से ही, उन्होंने अपने घर में राजनीतिक माहौल देखा था, इसलिए उनका रुझान हमेशा से राजनीति की तरफ रहा। प्रवेश वर्मा के चाचा आजाद सिंह वर्मा उत्तर दिल्ली नगरपालिका में मेयर पद पर सेवाएं दे चुके हैं और उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2013 में मुंडका सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

प्रवेश वर्मा की शिक्षा और शादी

Parvesh verma family

प्रवेश वर्मा ने स्कूली शिक्षा आरके पुरम के दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की है। इसके बाद, दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से उन्होंने आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने MBA की डिग्री फ़ोर स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट से हासिल की है। प्रवेश वर्मा की शादी पूर्व केंद्रीय मंत्री और और मध्य प्रदेश के भाजपा नेता विक्रम वर्मा की बेटी स्वाती सिंह से हुई है। स्वाती वर्मा एक बिजनेस वुमन के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। प्रवेश वर्मा और स्वाती वर्मा के तीन बच्चे हैं। दो बेटी सनिधि और त्रिशा हैं और एक बेटा है।

प्रवेश वर्मा का राजनीतिक करियर

साल 2013 में प्रवेश वर्मा ने राजनीति में औपचारिक तरीके से एंट्री ली थी और उन्हें पहली बार भाजपा के टिकट पर महरौली सीट से दिल्ली विधानसभा चुनाव 2013 में लड़ने का अवसर मिला था। इस सीट से प्रवेश वर्मा ने जीत हासिल की थी और दिल्ली विधानसभा के स्पीकर योगानंद शास्त्री को हराया था।

इसके बाद, लोकसभा चुनाव 2014 में उन्हें भाजपा के टिकट पर पश्चिम दिल्ली सीट से लड़ने का मौका मिला। वहां पर उन्होंने आप के जनरैल सिंह और कांग्रेस के तत्कालीन सासंद महाबल मिश्र को हराया और सांसद चुने गए। फिर, लोकसभा चुनाव 2019 में प्रवेश वर्मा को दुबारा पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से टिकट मिली और इस बार उन्होंने कांग्रेस के महाबल मिश्र को हराकर जीत हासिल की थी। उन्होंने 5,78,486 वोटों से जीत दर्ज की थी। हालांकि, लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें किसी भी सीट पर नहीं उतारा गया।

फिर, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में प्रवेश वर्मा को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया था। दिल्ली के नवनिर्वाचित डिप्टी सीएम ने जबरदस्त जीत हासिल की थी।

दिसंबर 2024 में जब प्रवेश वर्मा को जानकारी मिली थी कि उन्हें भाजपा के टिकट पर नई दिल्ली सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका मिल रहा है, तो उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल की विधानसभा सीट के अंतर्गत आने वाली बस्तियों का दौरा करना शुरू कर दिया था। उन्होंने स्थानीय लोगों से बात की थी और उनकी समस्याएं सुनी थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी वोट खरीदने के लिए महिलाओं को 1100 रुपये दे रही थी।

इसे भी पढ़ें - सुचेता कृपलानी से लेकर रेखा गुप्ता तक, देश में अब तक 18 बार चुनी गईं महिला मुख्यमंत्री

प्रवेश वर्मा की नेटवर्थ

parvesh verma

मायनेता डॉट कॉम पर चुनावी हलफनामे के अनुसार, प्रवेश वर्मा की पर्सनल नेटवर्थ कुल 89 करोड़ रुपये है। उनकी पत्नी स्वाती वर्मा की कुल नेटवर्थ 24.4 करोड़ रुपये है। कुल मिलाकर प्रवेश वर्मा के परिवार की कुल संपत्ति 114 करोड़ रुपये है। वहीं, प्रवेश वर्मा के पास 77.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है और 12.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी स्वाती के पास17.53 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 6.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसके अलावा, प्रवेश वर्मा के पास 2.2 लाख रुपये कैश है और बैक में कुल 1.2 करोड़ रुपये जमा हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 50,000 रुपये कैश और बैंक में 42 लाख रुपये जमा हैं। प्रवेश वर्मा ने शेयर और बॉन्ड्स में 52.75 करोड़ रुपये इन्वेस्ट किए हैं, जबकि उनकी पत्नी का इन्वेस्टमेंट 16 करोड़ रुपये है।

अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit - social media, jagran

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP