अक्सर घर पर पेंटिंग के दौरान कपड़ों पर कई रंगों वाले दाग लग जाते हैं, जो बहुत कोशिशों के बाद भी नहीं छूटते। कई बार नए कपड़ों पर भी पेंट के दाग लग जाते हैं, जिससे वे पहनने लायक नहीं रह जाते। ऐसी स्थिति में परेशान ना हों, कुछ आसान तरीके अपनाकर आप पेंट के निशान कपड़ों से हटा सकती हैं। आइए जानें इन तरीकों के बारे में-
अगर कपड़े पर पेंट का दाग लगने के वक्त ही उसे देख लिया जाता है तो उसका ज्यादातर हिस्सा उसी वक्त हटाया जा सकता है। इसके बाद बचे हुए हिस्से को अन्य तरीकों से हटाया जा सकता है। गीले पेंट के बजाय ड्राई पेंट को निकालना ज्यादा मुश्किल होता है। पेंट के दाग को छुड़ाने का तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि कपड़े पर किस तरह का पेंट लगा है। इसीलिए पेंट के टाइप के बारे में जानकर आप उसके अनुसार अच्छा सॉल्यूशन निकाल सकती हैं।
अगर पेंट वॉटर बेस्ड है या फिर लेटेक्स पेंट है, जिसका इस्तेमाल दीवारों और छतों को रंगने के लिए किया जाता है तो आप उसे छुड़ाने के लिए बर्तन धोने वाले लिक्विड का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए लिक्विड को कम से कम 10-15 मिनट तक कपड़े पर छोड़ दें। इसके बाद कपड़े को हल्के गुनगुने पानी से साफ करें। अगर दाग रह जाए तो इस प्रक्रिया को दोहराएं। लकड़ी और कैनवास पर इस्तेमाल होने वाले एक्रिलिक पेंट या ग्लॉसी पेंट के दाग इस तरीके से छुड़ाए जा सकते हैं। लेकिन कपड़ा साफ करते हुए इस बात का भी ध्यान रखें कि वह रंग ना छोड़ता हो, क्योंकि बर्तनों वाले लिक्विड डिटर्जेंट के इस्तेमाल से कपड़ों का रंग हल्का पड़ सकता है।
इसे जरूर पढ़ें: यह Home Decor Mistakes बिगाड़ देंगी आपके घर का लुक
अगर पेंट का दाग कपड़े के छोटे से हिस्से पर है तो आप इसे हेयर स्प्रे से भी मिटा सकती हैं। दरअसल हेयर स्प्रे में एरोसोल होते हैं, जिसमें अल्कोहल होता है। पेंट के दाग पर हेयर स्प्रे करने से लेटेक्स पेंट हल्का पड़ जाता है। इस बात का ध्यान रखें कि दाग वाले पूरे हिस्से पर हेयरस्प्रे का छिड़काव करें। इसके बाद पुराने टूथब्रश से कपड़े पर मलें। इसके बाद कपड़े को पानी में धो लें। अब कपड़े को सामान्य तरीके से वॉश कर लें।
लेटेक्स पेंट के दाग मिटाने के लिए अल्कोहल का इस्तेमाल किया जा सकता है। जिन कपड़ों पर लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने के बाद भी रंग नहीं छूटते, उनके लिए अल्कोहल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए कपड़े पर अल्कोहल डालकर उसे हल्के हाथों से मलें। इसके बाद कपड़े को सामान्य तरीके से वॉश कर लें। आप पाएंगी कि पेंट का दाग साफ हो गया है।
इसे जरूर पढ़ें: इन 5 तरीकों से चुनें अपने घर के लिए बेस्ट पर्दे
आजकल इन्फेक्शन से बचाव के लिए ज्यादातर घरों में अल्कोहल वाला हैंड सेनिटाइजर इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे भी पेंट के दाग छुड़ाए जा सकते हैं। इसके लिए भी सैनिटाइजर को दाग वाले हिस्से पर स्प्रे कर दें। अगर दाग निकालने में मुश्किल हो तो सैनिटाइजर के साथ हेयर स्प्रे का भी इस्तेमाल करें। इससे जिद्दी दाग भी छूट जाएगा। इसके बाद कपड़े को हल्के हाथों से मल लें और रेगुलर वॉश कर लें। आप पाएंगी कि कपड़े पर पेंट का निशान पूरी तरह से मिट गया है।
पेंट छुड़ाने के इन तरीकों को जानने के बाद आप जब मन चाहे घर पर बच्चे के साथ पेंटिंग का मजा ले सकती हैं और अगर दाग लग जाएं तो उन्हें आसानी से छुड़ा भी सकती हैं। अगर आपको यह जानकारी अच्छी लगी तो इसे जरूर शेयर करें। लाइफ को बेहतर बनाने वाले ईजी हैक्स के बारे में जानने के लिए विजिट करती रहें हरजिंदगी।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।