हर रोज़ एक बात सोचना कि ब्रेकफास्ट में क्या बनाया जाए ये बहुत ही ज्यादा परेशानी भरा साबित हो सकता है। आखिर रोज़ाना कोई कैसे सोचे कि क्या बनाया जाए और वो हेल्दी भी हो। अक्सर हम वेट लॉस के लिए तरह-तरह की रेसिपीज खोजते हैं और ये सोचते हैं कि क्या बनाया जाए और दिन की शुरुआत में हमारे पास इतना समय भी नहीं रहता कि बहुत ज्यादा मेहनत कर कोई डिश बनाने के बारे में सोचें तो क्यों न हफ्ते के 7 दिन 7 अलग तरह के ब्रेकफास्ट कर अपना समय काटा जाए?
आज हम आपको बताने जा रहे हैं न्यूट्रिशनिस्ट, डाइटीशियन और डायबिटीज एजुकेटर स्वाति बथवाल के ब्रेकफास्ट टिप्स। स्वाति जी ने हमें ये बताया कि कैसे हफ्ते के 7 दिनों में आप प्रोटीन से भरपूर और हेल्दी नाश्ता खा सकते हैं जो न तो ज्यादा हेवी होगा और अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो ये आपके लिए फायदेमंद भी होगा।
इन सभी ब्रेकफास्ट आइटम्स में वो जरूरी न्यूट्रिएंट्स और फाइबर्स रहते हैं जिन्हें आप बहुत जरूरी मानते हैं। आप इन्हें झटपट बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि स्वाति बथवाल के मुताबिक कौन से ब्रेकफास्ट आइटम्स खास हैं।
1. ओट्स-
ओट्स बहुत ही अच्छे और स्वादिष्ट होते हैं साथ ही साथ ये बहुत ज्यादा हेल्दी भी होते हैं।
सामग्री-
1 पैकेट क्विक ओट्स
विधि-
सबसे आसानी से आप ओट्स बना सकते हैं। अगर आपको नॉन फ्लेवर्ड ओट्स चाहिए तो उसे खरीदें, लेकिन बाज़ार में कई तरह के इंस्टेंट ओट्स के पैकेट आते हैं जिन्हें बहुत ही आसानी से और जल्दी बनाया जा सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- ओट्स से तैयार इन टेस्टी और हेल्दी रेसिपीज को आप भी करें ट्राई
2. इडली-
इडली कई तरह से बनाई जा सकती है पर यहां हम आसानी से डायजेस्ट होने वाली रवा इडली की बात करेंगे जो जल्दी बन भी सकती है और साथ ही साथ इसे या तो सांभर, चटनी के साथ या फिर फ्राई करके खा सकती हैं।
सामग्री-
बैटर के लिए-
अपने पसंद की चॉप्ड सब्जियां (गाजर, धनिया, बीन्स), नमक स्वादानुसार, 1 कप रवा, 1/2 कप दही, पानी जरूरत के अनुसार, ईनो या बेकिंग सोडा 1/4 चम्मच
फ्राई करने के लिए-
2 चम्मच घी, ड्राई फ्रूट्स (पसंद के अनुसार), 1/2 चम्मच राई, 1 चम्मच चना दाल, 1/2 चम्मच जीरा, 8-10 करी पत्ते, 1 चुटकी हींग, अदरक-मिर्च अपने हिसाब से
विधि-
- सबसे पहले बैटर के लिए बताई गई सामग्री को एक साथ घोलकर अलग रख दें। (आप चाहें तो रवा को भूनकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये आपके स्वाद पर निर्भर करता है।)
- अब 2 चम्मच घी को एक पैन में गर्म करें। इसमें काजू डालकर थोड़ा भूने, इसके बाद राई, जीरा और करी पत्ता डालें।
- अब अदरक और मिर्च डालकर थोड़ी देर फ्राई करें। अगर आपको पसंद है तो हींग भी डालें।
- अब इडली पैन में रवा का बैटर डालकर पकाएं। आप चाहें तो इनके बीच में काजू डालकर रख सकते हैं।
- इडली पकने के बाद उसे पीस में काटकर फ्राई पैन में डालकर उस सामग्री से मिलाया जा सकता है जिसे हमने पहले फ्राई किया था या आप चाहें तो ऐसे ही इडली के ऊपर फ्राई किया हुआ मसाला डाल सकते हैं।
View this post on Instagram
3. स्प्राउट्स-
स्प्राउट्स को भी अपने स्वाद के हिसाब से कस्टमाइज किया जा सकता है।
सामग्री-
अपनी पसंद के स्प्राउट्स एक-दो रात पहले भीगे हुए।
विधि-
मूंग, चना, मूंगफली जैसी सामग्री को एक रात पहले भिगोकर रख दें और सुबह उसका पानी निकालकर उसे थोड़ा सा फ्राई कर खाएं या फिर उबाल कर उसमें पिंक सॉल्ट (सेंधा नमक) मिलाकर उन्हें खाएं। आप चाहें तो प्याज़-टमाटर के साथ फ्राई भी कर सकते हैं ये पूरी तरह से आप पर निर्भर करता है।
4. बेसन चीला-
बेसन चीला बनाना काफी आसान होता है और सुबह-सुबह गर्मागर्म बेसन चीला चाय के साथ खाने का मज़ा ही कुछ और होता है।
सामग्री-
1 कप बेसन, 1/2 चम्मच अजवाइन, स्वादानुसार नमक, चुटकी भर हल्दी, 3 चम्मच कटे हुए प्याज, 3 चम्मच कटे हुए टमाटर, 1 हरी मिर्च कटी हुई, 1/2 चम्मच ग्रेट की हुई अदरक, 2 चम्मच हरी धनिया, पानी (बैटर के लिए), 2 चम्मच तेल
विधि-
- सभी सामग्री को एकसाथ मिलाकर डोसे जैसा बैटर तैयार करें।
- एक पैन में थोड़ा सा तेल डालकर उसे गर्म करें और उसपर बैटर डालकर फैलाएं।
- इसे 2-3 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर एक साइड से पकने दें फिर पलट दें।
- अब दूसरे साइड से भी लगभग 1 मिनट तक पकाएं।
- अब इसे गर्मागर्म सर्व करें।
इसे जरूर पढ़ें- ब्रेकफास्ट में चॉकलेट से भरपूर ये ड्रिंक पीती हैं सोनम कपूर, जानें 3 ऐसे ही रेसिपीज
5. ऑमलेट-
जहां बात हेल्दी और प्रोटीन युक्त ब्रेकफास्ट की हो वहां ऑमलेट से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता है।
सामग्री-
2 अंडे, अपने पसंद की बारीक कटी सब्जियां, नमक स्वादानुसार, तेल जरूरत के अनुसार
विधि-
- सभी सामग्री को एक साथ अच्छे से मिलाकर एक पैन में तेल गर्म करें।
- ध्यान रहे कि अंडे को जितना फेटेंगे उतना ही ये ज्यादा बेहतर टेक्सचर देगा।
- अब पैन में ऑमलेट का आधा मिक्सचर डालकर पकाएं।
- अंडा जब एक साइड से पक जाए तो उसे पलट लें।
- अब दूसरे साइड से इसे पकाकर तुरंत सर्व करें। आप चाहें तो इसके साथ ब्रेड सेककर खा सकते हैं।
6. किनुआ उपमा-
उपमा तो हम सभी खाते हैं, लेकिन क्यों न किनुआ उपमा खाया जाए जिसमें न्यूट्रिएंट्स और फाइबर के साथ-साथ वेट लॉस करवाने वाले सभी गुण हों।
सामग्री-
1/2 कप किनुआ, 1.5 चम्मच तेल, अपने पसंद की सब्जियां चॉप की हुई, 1/2 चम्मच राई, 1/2 चम्मच जीरा, 1/2 चम्मच उड़द दाल, 1/2 चम्मच मूंग दाल या चना दाल, 1 कप पानी, चॉप किया हुआ हरा धनिया, नमक स्वादानुसार
विधि-
- सबसे पहले किनुआ को अच्छे से धो लें। अब 1.5 चम्मच तेल पैन में गर्म करें और राई, जीरा, उड़द दाल, मूंग दाल आदि डालकर थोड़ा भूनें। इसके बाद करी पत्ता डालें।
- अब इसमें अदरक, हरी मिर्च, हींग आदि डालकर थोड़ा पकाएं।
- अब अपने पसंद की सब्जियां डालकर पकाएं। सभी मीडियम हींग पर पकेंगी।
- अब किनुआ डालकर 1 कप पानी डालें और इसे पकाएं।
- इसे अच्छे से चलाते रहें और नमक मिलाएं।
- पैन को कवर कर तब तक इसे पकाएं जब तक किनुआ पक नहीं जाता।
- अंत में धनिया से गार्निश करें। आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस भी डाल सकते हैं।
7. पनीर भुर्जी-
प्रोटीन का एक और अच्छा स्रोत होता है पनीर भुर्जी। इसे भी आप ब्रेकफास्ट में खा सकते हैं।
सामग्री-
200 ग्राम पनीर ग्रेट किया हुआ, 1/2 छोटा चम्मच जीरा, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 बारीक कटा प्याज, 1 बड़ा चम्मच तेल, अदरक-लहसुन का पेस्ट 1 छोटा चम्मच, थोड़ी सी हल्दी, नमक स्वादानुसार, 2 चम्मच धनिया पत्ता कटा हुआ
विधि-
- नॉन स्टिक पैन में मीडियम आंच पर तेल गर्म करें।
- जब ये गर्म हो जाए तो इसमें जीरा डालकर तड़का लगाएं और इसके बाद सभी सब्जियों को डालकर भूनें।
- इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें।
- अब इसमें टमाटर मैश करते रहें और पकाने के लिए चलाते रहें।
- अब इसमें ग्रेट किया हुआ पनीर डालें।
- अंत में हल्दी, नमक मिलाएं और 4-5 मिनट तक पकाएं।
- अब ऊपर से धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें।
लीजिए अब आपकी 7 दिन के 7 ब्रेकफास्ट की लिस्ट पूरी हो गई है और अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Recommended Video
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों