हर किसी को अलग तरह की मिठाइयां पसंद होती हैं। किसी को रसगुल्ले, किसी को गुलाबजामुन तो कोई जलेबी का फैन होता है। मिठाइयों की दुनिया ही अलग होती है और अगर कोई ऐसा इंसान है जिसे मिठाई बहुत पसंद है तो उसके लिए दुनिया की सबसे फेमस मिठाइयां चखना जरूरी होगा। हमारे यहां तो हर शहर और हर राज्य की अलग तरह की मिठाइयां हो सकती हैं, लेकिन अगर बात पूरी दुनिया की करें तो कौन सी मिठाई सबसे फेमस होगी?
दुनिया की सबसे लोकप्रिय मिठाइयां गिनी जाएं तो हमारे यहां के कलाकंद या मावा जलेबी थोड़े पीछे रह जाएंगे। ऐसा नहीं है कि भारतीय मिठाइयों का स्वाद दुनिया में पसंद नहीं किया जाता पर अगर बात वर्ल्ड फेमस मिठाइयों की हो तो कुछ नए से नाम सामने आएंगे। हो सकता है इनमें से कई आपने सुने हों, लेकिन ऐसा भी हो सकता है कि ये नाम आपके लिए बिलकुल नए हों। तो खाने के शौकीन लोगों को एक बार इन मिठाइयों के बारे में जान जरूर लेना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें- घर पर कैसे बनाएं जापानी डिश वेजिटेबल सुशी, जानें इसकी रेसिपी
1. तिरामिसू (Tiramisu)
देखिए बड़े शहरों में जैसे दिल्ली में तो ये उपलब्ध है और आसानी से आप इस मिठाई का स्वाद चख सकती हैं। ये बहुचर्चित इतालवी (इटैलियन) मिठाई है जो पूरी दुनिया में लोगों की पसंद बनी हुई है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि इसे बनाने के लिए ज्यादा महनत नहीं लगती। ये बहुत आसान रेसिपी है और इसके लिए आम क्रंची बिस्किट भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं जो इस मिठाई का बेस बनेंगे। हालांकि, कई तरह के बेस बनाए जाते हैं। बिस्किट को कॉफी में थोड़ा टाइम मैरिनेट किया जाता है और उसके बाद उसका बेस एक बेकिंग पैन में रखा जाता है। इसके बाद ऊपर से स्पेशल क्रीम, अंडे आदि सब अलग-अलग लेयर में रखे जाते हैं और ऊपर से कोको पाउडर छिड़का जाता है। इसके साथ अलग-अलग तरह के एक्सपेरिमेंट्स किए गए हैं।
2. सैशर केक (Sacher cake)
नॉर्मल चॉकलेट केक तो लोगों का पसंदीदा है ही, लेकिन चॉकलेट केक में ट्विस्ट दिया जाता है सैशर केक में। कहा जाता है कि 1832 में विएना में फ्रैन्ज़ सैशर ने इस मिठाई को बनाया था। केक का बेस तो चॉकलेट से बनाया जाता है और फिर दो अलग-अलग लेयर होती है जिसमें एक में एप्रिकॉट जैम रखा जाता है। इसके बाद केक को और ज्यादा चॉकलेट से ढका जाता है और इस केक की खासियत ये है कि इसमें ऊपर Sacher नाम लिखा होता है।
3. मैकरून्स (Macaroons)
याद है प्रियंका चोपड़ा की शादी का कार्ड जब अमेरिका में सबके पास गया था तो उसके साथ मैकरून के डिब्बे की तस्वीर भी वायरल हो रही थी। ये मिठाई अब भारत में भी काफी आम हो गई है। फ्रांस में बनी ये मिठाई दिखती बड़ी सीधी-साधी है, लेकिन इसे बनाना इतना आसान नहीं और इसके लिए बहुत खास टेक्नीक फॉलो करनी होती है। इसके लिए खास मिश्रण बनाया जाता है साथ ही अखरोट का आटा, शक्कर और कई सारी चीज़ें मिलाई जाती हैं। इसके अंदर कोई भी लेयर डाली जा सकती है वो जैम या क्रीम कुछ भी हो सकता है। इसे 20वीं सदी की शुरुआत में इजात किया गया था और अब ये हर देश में फेमस हो रहे हैं और धीरे-धीरे इनकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है।
इसे जरूर पढ़ें- करवा चौथ के दिन फिट रहने के लिए सरगी में क्या खाएं, इन चीजों से मिलेगी एनर्जी
4. चीज़केक (Cheesecake)
अगर आपने इसका नाम नहीं सुना तो एक बार फिर सोच लीजिए। ये अमेरिकी मिठाई तो पूरी दुनिया में ही फेमस है। इसका सीधा सा मतलब है चीज़ का केक। इसका बेस बिस्किट क्रम्स और बटर से बना होता है। इस केक के कई वर्जन हैं। कई मेवा-मिष्ठान भी इसमें लगाए गए होते हैं। इसमें फिर क्रीम चीज़, अंडे और शक्कर का बैटर बनाया जाता है और उसके बाद इसे बेक किया जाता है।
5. बाकलावा (Baklava)
इस मिठाई में कई लेयर होती हैं और इसमें मेवे जैसे पिस्ता, अखरोट आदि भी मौजूद होते हैं।
ये अलग-अलग इलाकों के हिसाब से बदल जाती है। कई पतली-पतली लेयर बनाकर इसे बेकिंग पैन में डाला जाता है। इसके बाद शक्कर, पानी, नींबू का रस, शहर और कई सारे अलग-अलग मिठाई में पड़ने वाले मसालों के साथ गुलाब जल इसमें कई बार छिड़का जाता है। इसे तिकोने शेप में काटा जाता है।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों