आजकल मार्केट में मिलने वाली कौन सी चीज असली है और कौन सी नकली, इसका अंदाजा लगा पाना काफी मुश्किल होता है। अमूमन मार्केट में मिलने वाली चीजें पैकेट में मिलती हैं और हम उसे सही व पौष्टिक मानकर इसका सेवन करते हैं। लेकिन वास्तव में पैकेट में मिलने वाली हर चीज असली ही हो, यह जरूरी नहीं है। ऐसी ही एक खाद्य वस्तु है, मक्खन। बाजार में मिलने वाले मक्खन को हम बिना कुछ सोचे समझे इसका इस्तेमाल करते हैं। हालांकि मार्केट में भी नकली बटर मिलता है। कुछ समय पहले बाजार में बड़े पैमाने पर नकली मक्खन का भंडाफोड़ भी हुआ था, जिसके बाद हर किसी के मन में यह सवाल आया था कि उनके द्वारा हर दिन खाया जाने वाला मक्खन असली है भी या नहीं। वैसे तो मक्खन का सेवन अगर निश्चित मात्रा में किया जाए तो इससे सेहत को लाभ होता है। लेकिन यह तभी संभव है, जब आपके द्वारा खाया जाने वाला मक्खन असली हो। अगर आप भी मार्केट में मिलने वाले मक्खन का सेवन करती हैं तो उसकी गुणवत्ता की जांच कुछ इस तरह कर सकती हैं-
करें गर्म
मक्खन की शुद्धता की जांच करने के लिए यह सबसे आसान तरीका है। इस उपाय को अपनाते समय एक बर्तन में एक चम्मच मक्खन गर्म करना है। यदि मक्खन तुरंत पिघल जाता है और गहरे भूरे रंग में बदल जाता है, तो यह शुद्ध है। और अगर यह हल्के पीले रंग में बदल जाता है, तो यह निश्चित रूप से मिलावटी है।
इसे जरूर पढ़ें:खाना बनाने के बाद हाथों से आ रही है लहसुन-प्याज की स्मेल, तो कुछ इस तरह करें इसे दूर
नारियल तेल की मदद
आप नारियल तेल की मदद से भी मक्खन की शुद्धता की जांच कर सकती हैं। इसके लिए आप डबल-बॉयलर तरीके का उपयोग करके कांच के जार में मक्खन क्यूब्स और नारियल के तेल को पिघलाएं। अब इस जार को फ्रिज में रख दें। यदि मक्खन और नारियल का तेल अलग-अलग परतों में जम जाता है तो मक्खन मिलावटी है अन्यथा यह शुद्ध है।
इसे जरूर पढ़ें:इन टिप्स को अपनाने के बाद आपका फूड लंबे समय तक नहीं होगा खराब
यूं करें चेक
मक्खन को चेक करने के लिए आप अपनी हथेलियों की मदद भी ले सकती हैं। इसके लिए आप अपनी हथेली पर थोड़ी मात्रा में मक्खन लें। अगर बॉडी हीट के कारण मक्खन पिघलने लगता है तो मक्खन असली है। अन्यथा आपको इसका सेवन नहीं करना चाहिए। जो नकली मक्खन होता है, वह उंगलियों या हाथ पर लेने के बाद भी पिघलता नहीं है, बस यूं ही आपकी हथेली पर रहता है।
आयोडीन का घोल
मक्खन की शुद्धता की जांच करने के लिए आयोडीन का घोल भी आपके काम आ सकता है। इसके लिए आप पिघले हुए मक्खन को आयोडीन के घोल में मिक्स करें। यदि इस मिश्रण का रंग भूरा हो जाता है तो इसका अर्थ है कि मक्खन मिलावटी है और इसमें स्टार्च की मिलावट की गई है।
हाइड्रोक्लोरिक एसिड
मक्खन को चेक करने के लिए किसी छोटे गिलास में एक चम्मच मक्खन पिघलाएं। अब इसमें एक चम्मच हाइड्रोक्लोरिक एसिड और एक चुटकी नमक मिलाएं। अब कंटेनर को एक मिनट के लिए हिलाएं और फिर इसे एक मिनट के लिए ऐसे ही रख दें। यदि मक्खन में वनस्पति तेल होता है, तो आपको गिलास के नीचे एक लाल परत (जो वास्तव में वनस्पति तेल है) दिखाई देगी। लेकिन अगर कोई लाल रंग नहीं है तो इसका अर्थ है कि मक्खन शुद्ध है।
हमें उम्मीद है कि इन टिप्स को पढ़ने के बाद आप स्वयं को और अपने परिवार को नकली मक्खन खाने से बचा सकेंगी और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रख सकेंगी। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हमारी वेबसाइट हरजिन्दगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों