अगर जा रही हैं मुंबई तो Food के लिए फेमस इस रोड पर जाना न भूलें, यहां खाएं ये 10 डिश

मुंबई में वैसे तो कई ऐसी जगह हैं जहां जाकर खाने-पीने के शौकीन लोग खुश होंगे, लेकिन आज हम बात कर रहे हैं एक खास रोड की जहां जाना यकीनन फायदेमंद हो सकता है।

Mumbai mohammed ali road main

जहां तक खाने-पीने की बात है मुंबई में किसी चीज़ की कमी नहीं है। लेकिन खाने पीने के लिए मुंबई की कुछ गलियां इतनी प्रसिद्ध हैं कि वहां दिन-रात लोगों की भीड़ लगी रहती है और वहां का जायका शायद कहीं और नहीं मिलेगा। ऐसी ही एक रोड है मोहम्मद अली रोड जो खाऊ गली के नजदीक है। यहां स्ट्रीट फूड और खास कर नॉन वेज खाना प्रसिद्ध है।

कबाब से लेकर शवार्मा तक और मीठे में फिरनी, मालपुआ, मावा जलेबी जैसी मिठाइयां आदि सब उपलब्ध हैं। ये रोड इतनी प्रसिद्ध है कि संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, कंगना रनौत, रितेश देशमुख जैसे सेलेब्स भी यहां आ चुके हैं। उन्हें यहां खाना बहुत पसंद है। तो आज बात करते हैं मुंबई की इसी रोड की।

इसे जरूर पढ़ें- अगली बार सैंडविच खाने से पहले रखें इस बातों का ध्‍यान, नहीं तो हो सकता है स्‍वास्‍थ्‍य को नुकसान

कैसे पहुंचे यहां-

ये रोड मस्जिद बंदर स्टेशन से 15 मिनट की दूरी पर है। यहां पैदल पहुंचा जा सकता है। अगर आप वेस्टर्न लाइन पर जा रहे हैं तो 10 मिनट कैब या ऑटो सीएसटी या चर्चगेट स्टेशन से ले सकते हैं। यहां से मिनारा मस्जिद पर उतरिए और सीधे इस रोड में चले जाइए।

Mohammed ali road

1. मालपुआ और रबड़ी का स्वाद-

सुलेमान उस्मान मिठाईवाले के पास न जाने कितनी मिठाइयां उपलब्ध है, लेकिन यहां का मालपुआ और रबड़ी सबसे ज्यादा फेमस है। इसी के साथ, यहां मावा केक भी मिलते हैं। अगर आप मीठे के शौकीन हैं तो इस जगह जरूर जाएं। त्योहारों के समय बनने वाली मिठाई यहां खास तौर पर खाएं। यहां पेट भरकर मिठाई खाने के बाद भी 150 रुपए से ज्यादा खर्च नहीं होगा।

mohammed ali road mawa cake

2. नल्ली निहारी-

अगर आप नॉन वेज खाने के शौकीन हैं और मटन खास तौर पर अच्छा लगता है तो ये डिश शायद सबसे ज्यादा पसंद आएगी। ये Chinese-n-Grill रेस्त्रां में बहुत फेमस है। इसके साथ रूमाली रोटी या बटर रोटी खाएं और आनंद लें। इसके लिए खर्च 500 रुपए तक आ सकता है, लेकिन इतने में दो लोग आराम से खा लेंगे।

mohhamed ali road nalli

3. मटन कीमा पाव-

अगर मटन बहुत पसंद है तो मुंबई का प्रसिद्ध मटन पाव कैसे छोड़ा जा सकता है। इस रोड में लगभग हर दूसरी दुकान मुंबई का प्रसिद्ध भोजन कीमा पाव बनाती है। पाव मुंबई वालों के लिए वैसा ही है जैसा बाकी लोगों के लिए आलू। हर डिश के साथ पाव वहां खाया जाता है। मटन कीमा पाव खाने के लिए 250 रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

4. कबाब-

मोहम्मद अली रोड के हर स्टाल पर किसी न किसी तरह का कबाब मिल जाएगा। मटन, चिकन, फिश, तंदूरी चिकन और भी बहुत कुछ। अगर आपको कबाब और तंदूरी मीट पसंद है तो यकीनन इस रोड पर जरूर आएं। यहां कबाब की शुरुआत 25 रुपए से लेकर 250 रुपए तक हो सकती है।

5. मावा जलेबी-

अगर मालपुआ नहीं खाते तो मावा जलेबी का स्वाद यकीनन अच्छा लगेगा। मोहम्मद अली रोड पर बुरहानपुर मावा जलेबी वाले की दुकान है जो आनंदित करने वाला स्वाद देगी। 4 मावा जलेबी जो एक इंसान के लिए काफी हैं वो आपको 50 रुपए की रेंज में मिल जाएगी।

6. फिरनी-

मिट्टी के कुल्लहड़ में फिरनी का स्वाद बेहद लाजवाब होता है तभी तो मोहम्मद अली रोड की हर मिठाई की दुकान पर लोगों को फिरनी मिलेगी। इसकी कीमत 40 रुपए से शुरू होती है।

7. सफेद बिरियानी-

वैसे तो बिरियानी कई तरह की होती है, लेकिन मोहम्मद अली रोड पर खास तौर पर सफेद बिरियानी मिलती है। ये कई स्टॉल पर आपको दिख जाएगी। कीमत भी अलग-अलग होगी। अगर बिरियानी के शौकीन हैं तो एक बार यहां जरूर आएं।

mohammed ali road biriyani

8. बैदा रोटी-

ये व्यंजन काफी कम जगह मिलता है। बैदा रोटी अंडे में लिपटी हुई रोटी होती है जिसमें कई तरह की फिलिंग भरी होती है। ये एक रोटी काफी भारी होती है इसलिए सोच समझ कर खाइएगा। दो लोगों के लिए 100 रुपए में काफी अच्छा खाना हो जाएगा।

इसे जरूर पढ़ें- होटल ने लिए 2 उबले अण्डों के 1700 रुपए तो उड़ गए सब के होश, जानें पूरा मामला

9. हलवा पराठा-

ये थोड़ा अलग कॉम्बिनेशन है, लेकिन मोहम्मद अली रोड पर इसकी भी सुविधा है। 50 रुपए में ये मिलेगा और बहुत ही स्वादिष्ट लगेगा।

10. हैदराबादी हलीम-

इस डिश का नाम शायद आपने नहीं सुना होगा। ये हैदराबादी सूप की तरह है जिसमें मीट के साथ दाल, मसाले और अन्य चीज़ें मिलाई गई होती हैं। ये काफी गाढ़ा होता है। पर ये मोहम्मद अली रोड पर सिर्फ रमज़ान के समय मिलता है इसलिए अन्य समय जाने वालों को इसका इंतज़ार करना होगा।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP