घर की सुख समृद्धि के लिए लोग बहुत से काम करते हैं। कुछ लोग नियमित रूप से पूजा पाठ करते हैं तो कुछ लोग भगवान् की भक्ति में लीन होने के लिए मन्त्रों का जाप करते हैं। जब भी पूजा पाठ की बात आती है मुख्य रूप से भगवान शिव और विष्णु की पूजा लोग बड़ी ही श्रद्धा भाव से करते हैं। मुख्य रूप से भगवान शिव को सृष्टि का संरक्षक और संहारक दोनों ही माना जाता है। इसलिए लोग घरों में भगवान शिव की मूर्ति या तस्वीर जरूर लगाते हैं और उनकी श्रद्धा भाव से पूजा करते हैं। ऐसा माना जाता है कि भगवान शिव बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
लेकिन आप जब भी घर में भगवान शिव की तस्वीरें या मूर्तियां रखते हैं तब आपको कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। जहां एक तरफ भगवान शिव की सही तस्वीर या मूर्ति का चुनाव घर की सुख समृद्धि का कारण बन सकता है वहीं कुछ तस्वीरें घर में होने वाली कलह का कारण भी बन सकती हैं। आइए नई दिल्ली के पंडित एस्ट्रोलॉजी और वास्तु विशेषज्ञ, प्रशांत मिश्रा जी से जानें कि भगवान शिव की मूर्ति या तस्वीर रखते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
शिव जी की ध्यान की मुद्रा में रखी गई तस्वीर उनके एकाग्र होने को दिखाती है। घर में ऐसी तस्वीर लगाने से बच्चों में एकाग्रता आती है और किसी भी काम में मन लगता है। ऐसी मूर्ति बच्चों ही नहीं बल्कि बड़ों में भी एकाग्रता का भाव जगाती है और लोग इसके प्रभाव से अपने हर एक काम में बखूबी मन लगा सकते हैं। ध्यान की मुद्रा में बैठे हुए, शरीर पर भस्म लगाए हुए भगवान शिव की मूर्ति की पूजा करने से मनुष्य को समस्त पापों से मुक्ति मिलती है। इसलिए ध्यान की मुद्रा में बैठे शिव जी अपने घर के स्टडी रूम में या फिर पूजा घर में जरूर लगाएं।
हमेशा घर में शिव जी की ऐसी तस्वीर रखनी चाहिए जिसमें शिव जी प्रसन्न मुद्रा में नज़र आ रहे हों। हमेशा तस्वीर या मूर्ति लगाते समय शिव जी के चेहरे पर ध्यान देना चाहिए कि वो प्रसन्न मुद्रा में नज़र आ रहे हों। इसके अलावा शिव जी की ऐसी मूर्ति लगाएं जिसमें भगवान शिव की उपदेश देने वाली स्थिति में बैठे नज़र आएं। भगवान शिव की ऐसी मूर्ति की पूजा करने वाले मनुष्य की शिक्षा और करियर में बाधा नहीं आती है।
इसे जरूर पढ़ें:क्या आप जानते हैं शिवलिंग की पूरी परिक्रमा क्यों नहीं करनी चाहिए
शिव जी की मूर्ति यदि माता पार्वती के साथ राखी जाए तो हमेशा आशीर्वाद की मुद्रा में होनी चाहिए। ये मूर्ति भक्तों का कल्याण करने के साथ घर में सुख समृद्धि का कारण बनती है। यदि भगवान शिव माता पार्वती सहित नृत्य करते हुए नज़र आते हैं तो ऐसी मूर्ती भी लगाना भी घर में शुभ माना जाता है।
मान्यता है कि भगवान शिव की ऐसी मूर्ति लगाएं जिसमें शिव जी के साथ माता पार्वती, कार्तिकेय और गणपति भी मौजूद हों। ऐसी मूर्ति लगाने से घर के सदस्यों के बीच सामंजस्य स्थापित होता है और आपसी झगड़े कम होने लगते हैं। इस तरह की मूर्ति या तस्वीर का नियमित पूजन करने से घर में सुख समृद्धि आती है।
इसे जरूर पढ़ें:गणेश और कार्तिकेय के अलावा भगवान शिव पार्वती के बच्चों के बारे में कितना जानती हैं आप ?
घर में अर्धनारीश्वर यानी कि जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती एक साथ मौजूद हों ऐसी मूर्ती लगाना अत्यंत शुभ होता है। ऐसी तस्वीर लगाने से वैवाहिक जीवन में पति पत्नी के बीच सामंजस्य बना रहता है और घर में सुख समृद्धि आती है। इस तरह की मूर्ति पति पत्नी के बीच प्रेम की भावना बढ़ाती है।
ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव का निवास स्थान कैलाश पर्वत है जो कि उत्तर दिशा में स्थित है। इसलिए भगवान शिव की मूर्ति या तस्वीर हमेशा घर की उत्तर दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। ये मूर्ति ऐसी जगह स्थापित करें जहां घर के सदस्यों और आने जाने वाले रिश्तेदारों की नज़र भी इन पर पड़े , जिससे आपसी सामंजस्य बढ़ सके।
उपर्युक्त सभी बातों का ध्यान रखते हुए घर में सही स्थान पर भगवान् शिव की तस्वीरें लगांने से मनुष्य का कल्याण सुनिश्चित है।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।