फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' आजकल सुर्खियों में है और इसकी लोकप्रियता के कारण इसे हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। आपको बता दें यह बॉलीवुड की पहली फिल्म नहीं है, जो अपनी दमदार पटकथा के कारण टैक्स फ्री हुई है।
बॉलीवुड ने बीते समय में ऐसी कई फिल्में दी हैं, जो दर्शकों के दिल-ओ-दिमाग में उतर चुकी हैं। जब एक फिल्म को टैक्स फ्री घोषित किया जाता है, तो इसका मतलब है एंटरटेनमेंट टैक्स को हटा दिया जाना, जिससे टिकट और भी सस्ती हो जाती हैं। इससे बॉक्स ऑफिस मोमेंटम भी बढ़ता है। तो चलिए जानते हैं ऐसी अन्य बॉलीवुड फिल्मों के बारे में जिन्हें टैक्स फ्री किया जा चुका है।
द कश्मीर फाइल्स
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचारों को लेकर यह फिल्म बनाई है, जो शुरू से ही तमाम विवादों में घिरे होने की वजह से सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्मी गलियारों के साथ ही इस फिल्म ने सियासी दुनिया में भी हलचल मचा दी है। फिल्म में अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, अमान इकबाल जैसे कलाकारों की बहुत तारीफ हो रही है। इस बीच इसे कई राज्यों ने टैक्स फ्री कर दिया गया है। यूपी सरकार के साथ ही हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, त्रिपुरा और गोवा सरकार ने इसे टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था।
मांझी : द माउंटेन मैन
यह फिल्म दशरथ मांझी के जीवन पर आधारित थी, जिन्हें माउंटेन मैन या मांझी के नाम से जाना गया। मांझी, बिहार के गया के गेहलौर गांव में मजदूर थे, जिन्होंने बस छैनी और हथौड़ी के दम पर पहाड़ तोड़कर रास्ता बनाया था। इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और राधिका आप्टे ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म को बिहार और उत्तराखंड जैसे राज्यों ने टैक्स फ्री घोषित किया था।
इसे भी पढ़ें : असल जिंदगी और सच्ची घटनाओं पर आधारित हैं बॉलीवुड की ये फिल्में, आप भी जानें
दंगल
आमिर खान अभिनीत यह ब्लॉकबस्टर ड्रामा को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। इस फिल्म ने भारत में ही नहीं बल्कि बाहरी देशों में भी अच्छा कलेक्शन किया था। यह फिल्म हरियाणा की पहलवान फोगाट बहनों गीता और बबीता फोगाट और उनके पिता महावीर सिंह फोगाट के जीवन पर आधारित थी। इस फिल्म में आमिर खान, फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई है। फिल्म की लोकप्रियता के कारण इसे दिल्ली, हरियाणा, और उत्तर प्रदेश जैसे स्टेट ने टैक्स-फ्री कर दिया था।
इसे भी पढ़ें : स्पोर्ट्स पर बनीं इन बॉलीवुड मूवीज ने जीता दर्शकों का दिल
टॉयलेट एक प्रेम कथा
अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर की इस सामाजिक संदेश वाली फैमिली ड्रामा फिल्म ने दर्शकों के दिल में एक खास जगह बनाई थी। यह फिल्म, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शौच के उन्मूलन पर जोर देने के साथ, स्वच्छता की स्थिति में सुधार के लिए सरकारी अभियानों के समर्थन में एक सटायरिकल कॉमेडी थी। उत्तर प्रदेश में जीएसटी के बाद टैक्स में छूट पाने वाली यह पहली फिल्म थी।
नीरजा
सोनम कपूर ने इस फिल्म में एक दमदार भूमिका निभाई थी। यह फिल्म नीरजा भनोट की असल जीवन पर आधारित थी, जिन्होंने कराची पाकिस्तान की Pan Am Flight 73 हाइजैक के दौरान बहुत ही बहादुरी से टेरेरिस्ट का सामना किया था और लोगों की जान बचाते-बचाते अपनी जान गंवा बैठी थी। इस फिल्म को और सोनम कपूर के अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इस फिल्म को भी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में टैक्स फ्री किया गया था।
इसके अलावा भी ऐसी कई फिल्में हैं, जिन्होंने देश के लोगों को भाव विभोर किया और अपनी एक खास जगह बनाई। अगर आपने इन फिल्मों को अब तक मिस किया है, तो इन्हें एक बार जरूर देखना चाहिए। अगर यह आर्टिकल आपको पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें और बॉलीवुड से जुड़े ऐसे अन्य रोचक आर्टिकल पढ़ने के लिए विजिट करें हरजिंदगी।
Recommended Video
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों