सूर्य ग्रहण के कई वैज्ञानिक कारण होने के अलावा इसके कई पौराणिक कारण भी हैं। पुराणों में सूर्य ग्रहण को बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण बताया गया है और इससे होने वाले प्रभावों को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से अमावस्या तिथि के दिन पड़ता है और इसका प्रभाव कई तरह से लोगों पर होता है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार साल 2022 का पहला सूर्य ग्रहण 30 अप्रैल 2022 शनिवार को वृषभ राशि में लगने जा रहा है. यह ग्रहण दोपहर 12.15 बजे से शुरू होकर 4:07 बजे समाप्त होगा।
हालांकि ये ग्रहण भारत में आंशिक रूप से ही लगेगा लेकिन इसका प्रभाव लोगों में देखा जाएगा। सूर्य ग्रहण धार्मिक दृष्टि से शुभ नहीं माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दौरान कोई भी शुभ कार्य नहीं करना चाहिए। हालांकि यह ग्रहण आंशिक माना जा रहा है। लेकिन इसमें भी सूतक काल लगेगा और यहां तक कि पूजा करना भी वर्जित माना जाता है। लेकिन यदि सूर्य ग्रहण के दिन कुछ उपाय किए जाते हैं तो यह आपके घर में सुख समृद्धि ला सकते हैं। आइए ज्योतिषाचार्य डॉ आरती दहिया जी से जानें ज्योतिष के कुछ ऐसे उपायों के बारे में जो घर में समृद्धि ला सकते हैं।
गंगाजल से करें स्नान
ज्योतिषाचार्य आरती दहिया जी बताती हैं कि जब सूर्यग्रहण खत्म हो जाए तब आप गंगाजल के छिड़काव से घर को शुद्ध करें। सूर्य ग्रहण के बाद आप स्नान अवश्य करें। ऐसा माना जाता है कि सूर्य ग्रहण से निकलने वाली हानिकारक किरणें आपके शरीर के लिए भी हानिकारक हो सकती हैं। इसलिए इसके बाद तुरंत स्नान करके शरीर का शुद्धिकरण करना जरूरी होता है। इस दिन आप यदि किसी पवित्र नदी में स्नान करते हैं तो यह आपके लिए बहुत ही अच्छा उपाय है। ऐसा करने से रोग दोष से मुक्ति मिलती है और आर्थिक स्थिति भी अच्छी रहती है।
इसे जरूर पढ़ें:April Pradosh Vrat 2022: जानें अप्रैल के महीने में कब पड़ेगा प्रदोष व्रत, पूजा का मुहूर्त और महत्व
राहु केतु के मंत्र का जाप करें
सूर्य ग्रहण के दौरान राहु केतु के मंत्र का जाप करें। इस समय आप महामृत्युञ्जय के मंत्र का भी जाप कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि सूर्य जब पीड़ित होता है तो आप किसी भी तरह का कोई उत्सव न करें और हंसी मजाक भी न करें। इस दौरान आप आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ भी कर सकते हैं। इसका बहुत महत्व होता है। ऐसा माना जाता है कि इस स्तोत्र के जाप से घर में सुख समृद्धि बनी रहती है।
दान पुण्य का है महत्व
इस समय दान पुण्य का भी बहुत अधिक महत्व होता है। सूर्यग्रहण के दिन आप किसी जरूरतमंद और भूखे को कुछ न कुछ चीजों का दान अवश्य करें। दान में आप राहु की काली वस्तुएं दे सकते हैं जैसे काली उड़द, काला कम्बल, सरसों का तेल आदि चीजों का दान आप किसी निर्धन या जरूरतमंद को कर सकते हैं। इस दिन दान पुण्य करने से विशेष फलों की प्राप्ति होती है और घर धन धान्य से भर जाता है। दान के रूप में आप सूर्य से संबंधित लाल चीजें जैसे मसूर की दाल, आटा, गेंहूं भी दान में दे सकते हैं।
कपूर और लौंग जलाएं
पुराणों में लौंग और कपूर को घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के मुख्य कारक माना गया है। यदि आप घर की खुशहाली बनाए रखना चाहती हैं तो जैसे ही ग्रहण शुरू हो आप घर में 5 लौंग और कपूर जलाएं। ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा तो दूर होती है और घर से सभी रोग दोष भी मुक्त होने लगते हैं। ऐसा माना जाता है कि यह उपाय घर में सुख शांति बनाए रखता है।
इसे जरूर पढ़ें:क्या आप जानते हैं ज्योतिष के अनुसार लौंग का महत्व, नवरात्रि पूजन में जरूर होता है इसका इस्तेमाल
इन राशियों पर हो सकता है बुरा असर
सूर्य ग्रहण कुछ राशियों के लिए बुरे संकेत लेकर आ रहा है। इसलिए कुछ विशेष राशियों को सूर्य ग्रहण के दौरान और बाद में कुछ सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।
मेष राशि
मेष राशि के लोगों को सूर्य ग्रहण के प्रभाव से धन से जुड़ी कुछ समस्या हो सकती है। आप इस अवधि के दौरान कहीं निवेश न करें। ऐसा करना आपके लिए हानिकारक हो सकता है और घर की आर्थिक स्थिति को बिगाड़ सकता है।
तुला राशि
सूर्य ग्रहण का तुला राशि पर नकारात्मक असर होगा। इस समय आप किसी भी तरह के क़ानूनी विवादों से बचें।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि (वृश्चिक राशि के लोगों का स्वभाव) के लोगों को सूर्य ग्रहण के प्रभाव से नौकरी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आपको व्यापार में आर्थिक नुकसान हो सकता है।
कुंभ राशि
कुम्भ राशि के लोगों को निवेश में नुकसान हो सकता है। इस दौरान आपका पारिवारिक माहौल ख़राब रहेगा जिससे मन अशांत रहेगा। किसी भी तरह की दुर्घटना से बचें। आपको जीवनसाथी की किसी बात से कष्ट हो सकता है।
इस प्रकार आप यदि साल के पहले सूर्य ग्रहण के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखते हैं तो यह आपके लिए विशेष रूप से फलदायी हो सकता है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Recommended Video
Image Credit: freepik, pixabay and unsplash
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों