
How To Maintain Lucky Bamboo Plant At Home: घर में बैंबू प्लांट रखना शुभ माना जाता है। फेंगशुई और वास्तु शास्त्र के अनुसार, यह घर में सौभाग्य, शांति और समृद्धि लेकर आता है। अब ऐसे में लोगों के घरों में यह पौधा लगा हुआ देखने को मिल जाता है, लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि जब हम इसे खरीदकर लाते हैं, तो यह हरा-भरा रहता है, लेकिन कुछ दिन के भीतर ही यह सूखने या पीला पड़ने लगता है। अब ऐसे में सवाल आता है कि इसके पीछे का कारण क्या है,तो बता दें कि इसका मुख्य कारण देखभाल करते वक्त होने वाली गलतियां हैं।
आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे हैक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो सूखते हुए पौधे में नई जान फूंक सकते हैं और उसे सालों-साल तक तरोताजा रख सकते हैं।

लकी बैंबू की सेहत सीधे तौर पर पानी से जुड़ी होती है। अगर आप नल का पानी सीधा इस्तेमाल करते हैं, तो उसमें मौजूद क्लोरीन पौधे को मार सकता है।
सबसे पहला काम यह करें कि हर 7 से 10 दिन में पानी जरूर बदलें। हमेशा RO पानी का इस्तेमाल करें। अगर आप बर्तन में पानी भर रहे हैं, तो ध्यान रखें कि जड़ें पूरी तरह डूबी हों, लेकिन तना बहुत ज्यादा ऊपर तक पानी में न रहे वरना वह गलने लगता है।
इसे भी पढ़ें- Jade Plant से घर पर ऐसे तैयार करें बोनसाई, कोने-कोने में बिखर जाएगी हरियाली
कई लोग सोचते हैं कि हर पौधे को धूप चाहिए, इसलिए वे लकी बैंबू को बालकनी या खिड़की की तेज धूप में रख देते हैं। यही सबसे बड़ी गलती है। लकी बैंबू को सीधी धूप बिल्कुल पसंद नहीं है, इससे इसकी पत्तियां जल जाती हैं।
इसे घर के ऐसे कोने में रखें जहां रोशनी तो आती हो, पर सूरज की किरणें सीधे उस पर न पड़ें। अगर पत्तियां पीली पड़ गई हैं, तो उन्हें हटा दें और पौधे को छाया वाली जगह पर शिफ्ट कर दें।

जिस कांच के जार या गमले में आपने पौधा रखा है, उसे समय-समय पर साफ करना बहुत जरूरी है। अगर जार के अंदर काई जम गई है, तो वह पौधे का पोषण छीन लेती है।
पानी बदलते समय जार को अच्छे से धोएं। साथ ही, पौधे की जड़ों को साफ पानी से धीरे-धीरे धोएं। अगर कोई जड़ काली पड़कर सड़ गई है, तो उसे कैंची से काटकर निकाल दें।
अगर आपके पौधे का तना ऊपर से पीला पड़ गया है, तो डरें नहीं। आप एक साफ कैंची या कटर लें और पीले हिस्से को काटकर अलग कर दें। कटे हुए हिस्से पर थोड़ा सा मोम लगा दें। कुछ ही समय में तने के किनारे से नई हरी पत्तियां निकलने लगेंगी।
लकी बैंबू को न तो बहुत ज्यादा ठंड पसंद है और न ही बहुत ज्यादा गर्मी। इसे ऐसी जगह कभी न रखें जहां एयर कंडीशनर की सीधी ठंडी हवा आती हो या गैस चूल्हे के पास जहां गर्मी ज्यादा हो।
अगर आपके घर की हवा बहुत सूखी है, तो हफ्ते में एक-दो बार स्प्रे बोतल से इसकी पत्तियों पर पानी छिड़कें, इससे वह हमेशा चमकदार बना रहेगा।
इसे भी पढ़ें- घर पर ऐसे ग्रो करें लकी बम्बू प्लांट, हरा-भरा तैयार होगा पौधा
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।