Vastu Expert: नवरात्रि के दौरान इन चीजों को लाने से घर में आती है सकारात्मक ऊर्जा

वास्तु एक्सपर्ट द्वारा बताई गई वस्तुओं को नवरात्रि के दौरान घर में लाने से होगा सुख-समृद्धि का प्रवेश।  

navratri  ki  vastu

हिंदू धर्म में नवरात्रि के दिनों को बहुत ही शुभ माना गया है। खासतौर पर शारदीय नवरात्रि के आते ही अन्य त्योहारों की भी झड़ी लग जाती है। इसलिए नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान देवी दुर्गा की उपासना करने के अलावा लोग खूब शॉपिंग भी करते हैं। इन दिनों लोग अपने घर से पुरानी और खंडित चीजों को बाहर निकाल देते हैं और घर में नई चीजें लेकर आते हैं।

हालांकि, नवरात्रि के दौरान शास्त्रों में कुछ चीजों को खरीदना और उनका उपयोग करना वर्जित बताया गया है। वहीं कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन्हें नवरात्रि के दौरान अगर आप घर लाते हैं तो उसके साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश भी आपके घर में होता है।

इस बारे में हमारी बात वास्तु एक्सपर्ट रिद्धि बहल जी से हुई। रिद्धि जी कहती हैं, 'वास्‍तु शास्‍त्र में वैसे तो कई चीजों को शुभ बताया गया है, जिन्हें आप नवरात्रि में खरीद कर घर में रख सकते हैं। मगर कुछ महत्वपूर्ण चीजें आज हम आपको बताएंगे, जिनके घर में प्रवेश करने पर सुख-समृद्धि आती है। '

vastu  tips  for  positive  energy lotus


कमल का फूल

शास्त्रों में बताया गया है कि कमल के फूल में देवी लक्ष्‍मी का वास होता है। श्री हरी विष्णु भी कमल धारण करते हैं, इसलिए कमल का फूल सुख-समृद्धि का प्रतिनिधित्व करता है। अगर आप नवरात्रि के पूरे 9 दिन अपने घर की पूर्वोत्तर दिशा में या फिर घर के मुख्य द्वार पर कमल का फूल किसी साफ पानी के पात्र में रखते हैं, तो वस्‍तु के हिसाब से यह बहुत ही शुभ होगा। रिद्धि जी कहती हैं, 'कमल का फूल असली होना चाहिए। आजकल बाजार में बहुत सारे सजावटी और नकली फूल मिल जाते हैं, मगर कमल का असली फूल ही रखें। खासतौर पर प्लास्टिक के फूल का इस्तेमाल न करें, इससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।'

vastu  tips  for  positive  energy by expert

पीतल, सोना और चांदी की धातु का सामान

त्योहारों पर लोग सोने और चांदी का सामान भी खूब खरीदते हैं। मगर वास्तु के हिसाब से नवरात्रि पर पीतल की धातु से बना सामान खरीदना भी शुभ होता है। इन दिनों आप पीतल के बर्तन, मूर्तियां या फिर सजावट का कोई सामान भी खरीद सकते हैं। इसके अलावा, नवरात्रि के दौरान घर की उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा में पीतल से बनी मछली या गाय को रखना भी शुभ माना गया है। ऐसा करने पर घर से नकारात्मकता दूर होती है।

इसे जरूर पढ़ें: नवरात्रि में राशि अनुसार करें मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा

vastu  tips  for  positive  energy at home

मोर पंख

मोर पंख भगवान श्री कृष्ण को अति प्रिय है और श्री कृष्ण भगवान विष्णु का ही एक स्वरूप हैं। ऐसे में आपको नवरात्रि के दौरान घर में मोर पंख ( मोर पंख वास्‍तु टिप्‍स) भी लाना चाहिए। यदि आपके घर में पहले से मोर पंख है, जो काफी पुराना हो चुका है और आप उसे बदलना चाहते हैं तो नवरात्रि का अवसर अच्‍छा होता है। आपको घर में दक्षिण-पूर्व दिशा में मोर पंख रखना चाहिए। मोर पंख आप अपनी तिजोरी के अंदर भी रख सकती हैं।

शंख

शास्त्रों के मुताबिक शंख में भी लक्ष्मी जी का वास होता है, इसलिए घर में शंख रखना और इसे बजाना दोनों को शुभ माना गया है। घर का वास्तु दोष दूर करने के लिए भी शंख को घर में रखना चाहिए। आपको बता दें कि शंख कई प्रकार के होते हैं और हर शंख को रखने की दिशा और स्थान भी अलग-अलग होते हैं। नवरात्रि के दौरान आप किसी भी तरह का शंख खरीद सकती हैं, मगर पहले आपको एक्‍सपर्ट से अपनी समस्या को शेयर करके यह जान लेना चाहिए कि आपको किस तरह का शंख खरीदने से फायदा होगा।

तुलसी का पौधा

तुलसी के पौधे को हिंदू धर्म में बहुत महत्व दिया गया है। अगर आप घर में तुलसी का पौधा लगाना चाहती हैं, तो नवरात्रि के दौरान इसे घर में लगा सकती हैं। घर में तुलसी का पौधा रखने के लिए सबसे अच्छा स्थान पूर्व दिशा को माना गया है। आप इस पौधे को उत्तर-पूर्व दिशा में भी रख सकते हैं। आपको बता दें कि तुलसी के पौधे को भी देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। यह पौधा घर में सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है।

यह जानकारी आपको पसंद आई हो, तो इसे आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह वास्‍तु से जुड़े और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए देखती रहें हरजिंदगी।

Recommended Video

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP