बॉलीवुड में नाम कमाने के लिए स्टार्स काफी मेहनत करते हैं। पर्सनल लाइफ की परेशानियों को दरकिनार कर उन्हें आगे बढ़ते रहना पड़ता है। पर्दे पर लोगों को अपनी एक्टिंग से एंटरटेन करने वाले ये स्टार्स असल जिंदगी में कई तरह की परेशानियों से जूझ रहे होते हैं। जिसका अंदाजा दर्शकों को उन्हें खोने के बाद पता चलता है। आज हम ऐसी ही कुछ बॉलीवुड हसीनाओं के बारे में बताएंगे, जिन्होंने बेहद कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया था।
इस लिस्ट में कई ऐसी एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में नाम कमाना अभी शुरू किया ही था। वहीं कुछ एक्ट्रेसेस अपनी एक्टिंग से लोगों को दीवाना बना चुकी थीं। हिट फिल्म और हिट शो देने के अलावा फैंस को उनसे काफी उम्मीदें भी थीं। ऐसे में उनके यूं चले जाने की खबर ने फैंस को ही नहीं बल्कि उनके रिश्तेदारों को भी काफी हैरान कर दिया था। यही नहीं कुछ एक्ट्रेसेस की मौत एक गुत्थी बनकर रह गई है। तो चलिए बात करते हैं इन एक्ट्रेसेस के बारे में-
टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी
सीरियल आनंदी से पॉपुलर हुईं एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी कई टीवी शोज में काम कर चुकी थीं। बिग बॉस 7 में भी उन्हें देखा गया था, अपने करियर के टॉप पर पहुंचने के बाद उन्होंने सुसाइड कर ली थी। एक्ट्रेस ने अपने अपार्टमेंट में पंखे से लटककर जान दे दी थी। उस वक्त उनकी उम्र महज 25 साल थी। रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्युषा और उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह के बीच रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। जिसकी वजह से वह काफी दिनों से परेशान थीं। यही नहीं उनकी मौत के बाद पुलिस ने उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह को गिरफ्तार भी किया था। प्रत्युषा के इस तरह चले जाने के बाद टीवी इंडस्ट्री के कई फैंस को गहरा सदमा लगा था।
बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान
बॉलीवुड फिल्म निशब्द से डेब्यू करने वाली जिया खान इंडस्ट्री में काफी न्यू कमर थीं। एक्टिंग में अपना पैर जमाने के लिए वह लगातार काम रही थीं। यही नहीं उन्होंने अपने करियर में कई शानदार फिल्में की थीं, जिसमें हाउसफुल, और गजनी जैसी फिल्में शामिल हैं। महज 25 साल की उम्र में जिया खान ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिया खान ने सुसाइड से पहले एक लेटर छोड़ा था, जिसमें उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए अपने साथ हुई हर एक घटना का जिक्र किया था। उस लेटर में उन्होंने ब्वॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को आत्महत्या की वजह बताया था। लेटर सामने आने के बाद सूरज पंचोली पुलिस के हिरासत में आ गए थे, लेकिन कुछ समय बाद ही उन्हें जमानत मिल गई थी।
बॉलीवुड एक्ट्रेस स्मिता पाटिल
80 के दशक में स्मिता पाटिल बेहतरीन एक्ट्रेसेस में से एक रही थीं। उन्होंने अपने छोटे से करियर में कमर्शियल और पैरेलल दोनों तरह के सिनेमा में शानदार काम किया था। स्मिता ने अमूमन हर भाषा की फिल्मों में काम किया था। उनकी काबिलियत को देखते हुए ही उन्हें पद्मश्री और दो बार नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया था। स्मिता सिर्फ 31 साल की थीं, जब उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। बेटे प्रतीक के जन्म के महज 15 दिन बाद ही स्मिता का निधन हो गया था। उनकी मौत की वजह चाइल्डबर्थ कॉम्प्लिकेशंस थी। हालांकि, कहा जाता है कि मौत का एहसास स्मिता को पहले ही हो गया था।
इसे भी पढ़ें:कंगना, प्रियंका, विवेक सहित इन 7 लोगों को फिल्म इंडस्ट्री ने कर दिया था Boycott
एक्ट्रेस दिव्या भारती
बॉलीवुड की खूबसूरत और शानदार एक्ट्रेस थीं दिव्या भारती, जिनकी तुलना श्रीदेवी से की जाती थी। साल 1993 में दिव्या भारती की मौत अपने अपार्टमेंट की बालकनी से कूदने की वजह से हुई थी। हालांकि, इसके पीछे क्या वजह थी, इस बारे में आज तक किसी को कोई जानकारी नहीं है। आज भी उनकी मौत इंडस्ट्री के लिए महज एक गुत्थी ही है। उस वक्त दिव्या भारती की उम्र सिर्फ 19 साल थी। तेलुगु फिल्मों से एक्टिंग की शुरुआत करने वाली दिव्या भारती ने कम समय में ही शानदार फिल्में कर ली थीं। वहीं अचानक उनकी मौत से कई फिल्मों को रोक दिया गया था।
सूर्यवंशम की एक्ट्रेस सौंदर्या
साउथ की कई फिल्मों में काम करने के अलावा सौंदर्या ने अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म सूर्यवंशम में भी काम किया था। वह साउथ इंडस्ट्री की बेहतरीन एक्ट्रेस मानी जाती थीं, लेकिन सौंदर्या ने बेहद कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया था। 32 साल की उम्र में सौंदर्या की मौत बेहद दर्दनाक हुई थी। दरअसल सौंदर्या फिल्मों में काम करने के अलावा राजनीति में भी सक्रिय थीं। एक चुनाव प्रचार के लिए वह करीमनगर जा रहीं थीं, तभी रास्ते में उनका हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस घटना में उनकी और उनके भाई की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि सौंदर्या उस वक्त प्रेग्नेंट थीं।
इसे भी पढ़ें:अवैध शादी से लेकर बच्चे तक, इन कारणों से विवादों में रहीं एक्ट्रेस और TMC सांसद नुसरत जहां
बॉलीवुड एक्ट्रेस मधुबाला
हिंदी सिनेमा की एवरग्रीन एक्ट्रेस कही जाने वाली मधुबाला ने एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं। अपनी छोटी-सी जिंदगी में मधुबाला ने कई यादगार फिल्में दी हैं। मधुबाला सिर्फ 36 साल की थीं, जब उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी अदायगी को देखने के बाद निर्देशक उनके साथ काम करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे। उनकी मौत दिल की बीमारी की वजह से हुई थी। अपनी बीमारी से परेशान मधुबाला के आखिरी दिनों में उनके पास कोई नहीं था। अपनी बीमारी और अकेलेपन से जूझ रहीं मधुबाला एक दिन हमेशा के लिए खामोश हो गईं।
Recommended Video
उम्मीद है आपको यह स्टोरी अच्छी लगी होगी। इसे शेयर करने में हमारी मदद करें और ऐसे ही बॉलीवुड स्टोरी और किस्से पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के साथ।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों