Fri Mar 13, 2026 | Updated 05:30 AM IST
herzindagi
image

Gardening Hacks: एलोवेरा की पत्तियां जल्दी भरेंगी जेल से, माली ने बताए पौधे की देखभाल के आसान हैक्स

पौधों की देखभाल अगर ठीक तरीके से नहीं की जाती है, तो वो अपनी रौनक खोने लगते हैं। एलोवेरा का पौधा ऐसा माना जाता है जो किसी के भी घर में आसानी से उगने लगता है क्योंकि इसे बहुत कम देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन कई बार इसकी पत्तियां भी सूखने लगती हैं और पौधा खराब होने लगता है। आइए जानें इस पौधे की देखभाल कैसे करनी चाहिए।
Editorial
Updated:- 2026-03-11, 18:02 IST

एलोवेरा एक बेहद लोकप्रिय पौधा होता है जो लगभग हर घर में पाया जाता है। ये आसानी से उग जाता है और इसे ज्यादा देखभाल की जरूरत भी नहीं होती है। इसके कई औषधीय गुणों के कारण यह त्वचा, बालों और सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। कई बार हमारी गलत देखभाल की वजह से ये पौधा जल्दी सूखने लगता है और इसकी पत्तियों में जेल भी सूखने लगता है। कई बार इसकी पत्तियां ठीक से नहीं बढ़ नहीं पाती हैं और उनमें जेल भी नहीं बनता है जिसकी वजह से इस पौधे की उपयोगिता कम होने लगती है। एलोवेरा एक ऐसा पौधा है, जिसे बहुत ज्यादा पानी और खाद की जरूरत नहीं होती है, इसलिए ये आसानी से घर में लग जाता है। यह अपने पत्तों में ही पानी और पोषक तत्व स्टोर करके रखता है। फिर भी आपको इसकी सही ग्रोथ के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। अगर आप माली के बनाए कुछ आसान गार्डनिंग हैक्स अपनाती हैं तो आपके एलोवेरा का पौधा जल्दी घना होने लगता है और उसमें पहले की तुलना में ज्यादा जेल बनता है।

पुराने पत्तों को समय-समय पर हटाएं

aloe vera gel gareding tips

एलोवेरा के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए सबसे जरूरी स्टेप यह है कि आप इसके पुराने पत्तों को समय-समय पर हटाते रहें। अक्सर लोग पौधे के नीचे लगे पुराने पत्तों को वैसे ही छोड़ देते हैं, जिससे उसकी ऊर्जा सभी पत्तों में बंट जाती है। आपके लिए सबसे जरूरी स्टेप है कि आप पौधे की पुरानी और सूखी हुई पत्तियों को सबसे पहले हटा दें। जिससे पोषण नए पत्तों को मिलेगा और आपका पौधा ज्यादा अच्छी तरह से बढ़ेगा। इससे पौधे के नए पत्ते मोटे, हरे और जेल से भरपूर होंगे। पुराने पत्ते हटाने से पौधे की मिट्टी को धूप भी मिलती है, जिससे एलोवेरा के पौधे में कीड़े और फंगस लगने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। साथ ही, पौधे के आस-पास नई जगह बनती है, जिससे नए छोटे पौधे भी तेजी से निकलने लगते हैं।

मिट्टी और ड्रेनेज का रखें खास ध्यान

अगर एलोवेरा के पत्ते पीले पड़ने लगें, भूरे दिखने लगें या ढीले होकर गिरने लगें, तो इसका कारण अक्सर जड़ों का खराब होना हो सकता है। दरअसल एलोवेरा एक ऐसा पौधा है जिसके लिए बहुत कम पानी की जरूरत होती है। ऐसे मनें यदि पौधे की मिट्टी में पानी की ज्यादा मात्रा इकठ्ठा हो जाती है तो पौधे की जड़ें सड़ने लगती हैं। ऐसा अक्सर तब भी हो सकता है जब गमले में पानी निकलने का रास्ता ठीक नहीं होता है। इसलिए आपको हमेशा ऐसा गमला ही लेना चाहिए जिसकी ताली में छेद हो।

यह भी पढ़ें- एलोवेरा के पौधे के लिए घर पर ऐसे बनाएं 5 तरह की खाद

मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें

aloe vera plant care hacks

एलोवेरा को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि आप इसकी मिट्टी को पूरी तरह सूखा छोड़ दें। इस पौधे की मिट्टी अगर बहुत ज्यादा सूख जाती है तो पौधा अपनी पत्तियों के अंदर मौजूद जेल का इस्तेमाल खुद के लिए करने लगता है। ऐसी स्थिति में पत्तियों में बनने वाला जेल कम हो जाता है और इसकी पत्तियां पतली और सूखी नजर आने लगती हैं। आपके पौधे को सही पोषण और देखभाल करने के लिए जरूरी है कि मिट्टी को हल्का नम यानी मॉइस्ट बनाए रखें, लेकिन ओवरवॉटरिंग से बचें।

यह भी पढ़ें- एलोवेरा के पौधे में दोबारा जान फूंकने के लिए अपनाएं यह आसान टिप्स

एलोवेरा का पौधा किस स्थान पर रखें

अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि एलोवेरा के पौधे को धूप में रखना चाहिए या छांव में। दरअसल एलोवेरा एक ऐसा पौधा है जो अलग-अलग जगहों पर भी आसानी से बढ़ सकता है, लेकिन इसकी बेहतर ग्रोथ के लिए सही रोशनी का होना भी जरूरी है। आप अपने एलोवेरा के पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी मिल सके। बहुत तेज धूप में रखने से भी इसकी पत्तियां झुलस सकती हैं और कमरे के अंदर रखने पर भी इसकी पत्तियां सूखने लगती हैं। एलोवेरा के पौधे को रखने के लिए सबसे अच्छी जगह वह होती है जहां सुबह की हल्की धूप या शाम की हल्की धूप पौधे को मिल सके। इससे पौधा स्वस्थ रहता है और पत्तियां भी हरी-भरी बनी रहती हैं।

अगर आप अपने घर में एलोवेरा के पौधे की देखभाल यहां बताए तरीकों से करती हैं, तो आपका पौधा हमेशा हरा-भरा बना रहेगा और इसकी पत्तियों में ज्यादा जेल हो जाएगा। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock.com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।