हम हम बार आपके लिए नई रेसिपीज और किचन टिप्स और हैक्स लेकर आते हैं। ये सभी चीजें आप लोगों बहुत पसंद करते हैं। पिछली बार हमने आपको मेथी के डंठलों की रेसिपीज बताई थी, जिसे खूब सारे लोगों ने पसंद किया। आज एक बार फिर हम आपके लिए शलगम के पत्तों और डंठल की रेसिपीज लेकर आए हैं। बहुत कम लोग शलगम के पत्तों का इस्तेमाल करते हैं। अधिकतर लोग इन पत्तों और डंठलों को फेंक देते हैं।
शलगम की सब्जी अगर आप भी पसंद करते हैं, तो यकीनन आपको इसके पत्तों से बनी चीजें भी पसंद आएंगी। आइए इस आर्टिकल में हम आपको बताएं कि आप इसकी क्या रेसिपीज बना सकते हैं।
शलगम के पत्तों से बनाएं पराठे
आलू और गोभी छोड़िए, अबकी बार शलगम के पत्तों से पराठे बनाकर देखिए। इसका स्वाद आपको मेथी से मिलता-जुलता लगेगा। आप इसे पालक या मेथी के साथ मिलाकर भी बना सकते हैं।
शलगम के पत्तों से पराठे बनाने के लिए सामग्री-
- 1 कप शलगम के पत्ते बारीक कटे हुए
- नमक स्वादानुसार
- 2 कप आटा
- पानी आवश्यकतानुसार
- 1 हरी मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
- घी
शलगम के पत्तों से पराठे बनाने का तरीका-
- एक परात में आटा, शलगम के पत्ते, नमक, हरी मिर्च, धनिया और एक चम्मच घी डालकर आटा गूंथ लीजिए।
- इस आटे को ढककर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। 10 मिनट बाद आटे को 1 मिनट के लिए फिर से गूंथ लें।
- अब लोइयां लेकर पराठे को बेल लें और तवे में डालकर घी लगाकर दोनों तरफ से सेंक लें।
- आपके पराठे तैयार हैं। आप इन्हें दही, अचार, चटनी या किसी सब्जी के साथ भी खा सकते हैं।
शलगम के डंठल से बनाएं चिप्स
जी हां, आप इसके डंठल से चिप्स बना सकते हैं। ये रोटी के साथ भी खा सकते हैं और शाम की चाय के साथ स्नैक्स के रूप में भी इसका सेवन किया जा सकता है।
शलगम के डंठल से चिप्स बनाने के लिए सामग्री-
- 1 कप शलगम के डंठल
- नमक स्वादानुसार
- चुटकीभर हींग
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
शलगम के डंठल से चिप्स बनाने का तरीका-
- शलगम के डंठल को साफ कर लें और उन्हें धोकर एक पेपर पर फैला लें ताकि, उनका पानी सूख जाए।
- इसके बाद एक कटोरी में नमक, हींग और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- पेपर पर फैले हुए डंठलों पर नमक डालकर एक बार अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- अब एक कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें और उसमें डंठल डालकर उन्हें फ्राई कर लें।
- आप इन्हें ओवन में भी बेक कर सकते हैं या फिर एयर फ्रायर में फ्राई कर सकते हैं।
शलगम के पत्तों और डंठल से बनाएं सब्जी
शलगम के पत्तों और डंठल को भी सब्जी के लिए उपयोग किया जा सकता है। इसे मसालों के साथ पकाएं या फिर इसमें आलू डालकर बनाएं। इसे राई की भुज्जी की तरह भी तैयार किया जा सकता है।
शलगम के पत्तों और डंठल से सब्जी बनाने के लिए सामग्री-
- 1 कप शलगम के पत्ते
- 1 कप शलगम के डंठल
- 1/4 छोटा चम्मच राई
- नमक स्वादानुसार
- 1 हरी मिर्च
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- तेल आवश्यकतानुसार
शलगम के पत्तों और डंठल से सब्जी बनाने का तरीका-
- शलगम और डंठल को अच्छी तरह से साफ करके छोटा-छोटा और बारीक काट लें।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करके उसमें राई डालकर फूटने दें।
- इसके बाद कड़ाही में शलगम के पत्ते और डंठल डालकर 4-5 मिनट तक भून लें। फिर ढककर 2 मिनट तक पकाएं।
- अब इसमें नमक, हरी मिर्च और हल्दी डालकर भूनने के बाद फिर से 2-3 मिनट पकाएं। आपकी सब्जी तैयार है।
- इसे मसाले वाली सब्जी बनाने के लिए आप टमाटर और प्याज का मसाला डाल सकते हैं। आलू के साथ सब्जी बनाने के लिए इसमें छोटे टुकड़ों में कटे आलू भी शामिल कर सकते हैं।
शलगम के पत्तों और डंठल से बनाएं चटनी
पुदीना और हरे धनिया वाली चटनी आपने खूब खाई होगी। चलिए आपको बताएं कि आप शलगम के डंठल और पत्तों से चटपटी चटनी कैसे बना सकते हैं। इसे आप रोटी और चावल के साथ खा सकेंगे।
शलगम के पत्तों और डंठल से चटनी बनाने के लिए सामग्री-
- 1/2 शलगम के पत्ते
- 1 कप शलगम के डंठल
- 2 टमाटर
- 3-4 लहसुन की कलियां
- 1 चम्मच नींबू का रस
- नमक स्वादानुसार
- 1/4 छोटा चम्मच राई
- तेल आवश्यकतानुसार
शलगम के पत्तों और डंठल से चटनी बनाने का तरीका-
- शलगम के पत्तों और डंठल को धोकर बारीक-बारीक काट लें।
- एक पैन में तेल डालकर उसमें पत्ते और डंठल डालकर 2-3 मिनट तक भून लें और फिर अलग निकाल लें।
- अब उसी पैन में थोड़ा-सा तेल डालें और राई, बारीक कटे टमाटर और लहसुन की कलियां डालकर पका लें।
- टमाटर जब नरम हो जाए, तो करछी से लहसुन और टमाटर को मैश करके 2 मिनट पकाएं।
- अब इसमें पत्ते और डंठल डालकर 3-4 मिनट पकाएं और फिर इसमें नमक डालकर ढककर 2 मिनट तक पकाएं।
- जब पत्ते और डंठल अच्छी तरह से पक जाएं, तो उसे एक कटोरे में निकालें और ऊपर से नींबू का रस डालकर मिक्स कर लें।
- आपकी चटनी तैयार है। इसे रोटी और चावल के साथ साइड डिश के साथ सर्व करें।
देखा आपने, शलगम के डंठल और पत्तों के साथ आप कितनी सारी रेसिपीज बना सकते हैं। अब इन्हें आप भी ट्राई कीजिए और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर जरूर करें। हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों