herzindagi
image

मखाने की खीर नहीं, गर्मी में बनाएं 3 तरह की आइसक्रीम

गर्म दिनों में आइसक्रीम खाने का अलग ही मजा है, लेकिन अगर हम आपको बताएं कि आप मखाने से आइसक्रीम बना सकते हैं, तो क्या कहेंगे? जी हां, इस लेख में हम आपको तीन फ्लेवर वाली आइसक्रीम रेसिपी बताएंगे, जिसका बेस मखाना है।
Editorial
Updated:- 2025-05-05, 16:45 IST

मखाने जैसे पौष्टिक स्नैक से बेहतर क्या हो सकता है! इसे व्रत के दौरान खूब खाया जाता है। विशेषज्ञ भी इसका सेवन करने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है। इससे कभी खीर बनाई जाती है, तो कभी नमकीन में इसे टॉस किया जाता है।

हमारे घरों में अक्सर इन्हीं दो-चार तरीके से मखाना खाया जाता है, लेकिन जरा सोचिए, अगर मखाना की आइसक्रीम बनाकर खाई जाए, तो कैसा लगेगा?

चौंक गए ना? बिल्कुल, मखाने से लाजवाब फ्लेवर्ड आइसक्रीम बनाई जा सकती है और आज हम आपको मखाने से बनने वाली आइसक्रीम रेसिपीज बताएंगे।

गर्म दिनों में आइसक्रीम से बड़ा सुकून कुछ नहीं लगता, लेकिन अगर आइसक्रीम मखाने से बनी हो, तो और भी बेहतर होगा।

चॉकलेट मखाना आइसक्रीम

chocolate makhana icecream

मखाने को दूध में अन्य कुछ चीजों के साथ मिलाकर बढ़िया शुगर फ्री आइसक्रीम बनाई जा सकती है। चलिए आपको बताएं क्या है आसान रेसिपी।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप मखाने
  • 1 कप दूध
  • 1/2 कप क्रीम (मलाई)
  • 2 बड़े चम्मच कोको पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
  • 2 बड़े चम्मच डार्क चॉकलेट
  • 1 बड़ा चम्मच खजूर भिगोए हुए
  • चॉकलेट चिप्स

इसे भी पढ़ें: घर पर टेस्टी आइसक्रीम बनाने में मदद करेंगे ये टिप्स

चॉकलेट आइसक्रीम बनाने का तरीका-

  • सबसे पहले, एक पैन में मखानों को हल्का-सा भून लें। इससे उनका कुरकुरापन बढ़ जाएगा। इसके बाद, एक कटोरे में मखाना, क्रीम, भिगोए हुए खजूर, गर्म दूध और चॉकलेट डालकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें।
  • इसके बाद एक ब्लेंडर में भिगोए हुए मखाने और अन्य चीजों के साथ थोड़ा वनीला एसेसंस डालकर ब्लेंड करें। एक स्मूथ और बगैर लम्प्स वाला मिक्सचर तैया करें।
  • तैयार मिश्रण को बेकिंग ट्रे में डालें। इसके ऊपर चॉकलेट चिप्स गार्निश करें। ट्रे को ढककर कम से कम 4-5 घंटे के लिए फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। अगर आप चाहें तो जमने के दौरान एक-दो बार निकालकर इसे फेंट सकते हैं, ताकि आइसक्रीम में क्रिस्टल्स न बनें और वह ज्यादा क्रीमी बने।
  • बगैर प्रिजर्वेटिव्स डालकर आपकी हेल्दी और स्वादिष्ट आइसक्रीम तैयार है।

मैंगो मखाना आइसक्रीम

mango icecream

गर्मी के मौसम में आम किसे पसंद नहीं? आम पसंद करने वालों के लिए हम आम और मखाना से तैयार यह आइसक्रीम लेकर आए हैं। इसे आप भी बनाकर देखें।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप मखाने
  • 1 पका हुआ आम
  • 1 कप दूध
  • 1/2 कप क्रीम
  • 1/4 कप शहद
  • 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

आइसक्रीम बनाने का तरीका-

  • मखाने को गर्म दूध में भिगोकर रख लें। इसके बाद, ब्लेंडर में भुने हुए मखाने, कटे हुए आम, क्रीम और शहद डालकर स्मूथ होने तक ब्लेंड करें। अगर आप चाहें तो थोड़ा-सा इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं।
  • मिश्रण को एक कंटेनर में डालकर फ्रीजर में 4-5 घंटे के लिए जमने दें। आइसक्रीम को इस बीच 2 बार निकालकर मिक्स करें, ताकि कोई क्रिस्टलाइजेशन न हो।
  • इसके बाद फ्रेश आम के टुकड़ों से आइसक्रीम को ऊपर से गार्निश करें और उसका आनंद लें।

ड्राई फ्रूट्स मखाना आइसक्रीम

makhana dry fruits icecream

यह आइसक्रीम स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रखती है। ड्राई फ्रूट्स और मखाने का परफेक्ट कॉम्बिनेशन एक लाजवाब डेजर्ट तैयार करेंगे।

आवश्यक सामग्री:

  • 1 कप मखाने
  • 1 कप दूध
  • 1/2 कप क्रीम
  • 1/4 कप चीनी
  • 1/4 कप मिक्स ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश)
  • 1/4 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
  • दूध में भिगोया केसर

आइसक्रीम बनाने का तरीका-

  • पहले मखानों को हल्का भून लें। इसके बाद उसी पैन में काजू, बादाम और पिस्ता भी हल्का-सा भूनकर निकालें।
  • अब ब्लेंडर में भुने हुए मखाने, दूध, क्रीम और चीनी डालकर ब्लेंड करें।
  • इसके बाद, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और केसर मिलाएं। ऊपर से इसमें वनीला एसेंस डालकर मिक्स करें।
  • इस मिश्रण को एक कंटेनर में या बेकिंग ट्रे डालकर फ्रीजर में जमने के लिए रखें। जब आइसक्रीम अच्छी तरह जम जाए तो इसे ठंडी-ठंडी परोसें।

इसे भी पढ़ें: सिर्फ 10 मिनट में बनाई जा सकती हैं ये 3 तरह की आइसक्रीम, खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत

तो देखा आपने, मखाना सिर्फ एक स्नैकिंग ऑप्शन ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन आइसक्रीम बेस भी बन सकता है। अब क्यों न आप भी मखाने से बनी इन स्वादिष्ट आइसक्रीम को ट्राई करें?

हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।