अगर आपको लिट्टी चोखा या दाल बाटी पसंद है, तो जाहिर है आपने घर पर उसे बनाने की कोशिश एक बार तो जरूर की होगी। मगर बहुत सारी महिलाएं घर पर लिट्टी या बाटी बनाने के नाम से डर जाती हैं और होटल जाकर ही उसे खाना पसंद करती हैं। दरअसल, कुछ महिलाओं को लगता है कि लिट्टी या बाटी को घर बनाना बहुत मुश्किल है। जबकि ऐसा नहीं है, अगर आप लिट्टी या बाटी बनाने के लिए आटा सही से गूंथ लेंगी, तो घर पर ही बाजार जैसी लिट्टी बन जाएगी।
आज मैं आपको अपना पर्सनल एक्सपीरियंस बताउंगी कि मैं घर पर लिट्टी और बाटी के लिए कैसे आटा गूंथती हूं। अगर आप मेरे बताए स्टेप्स को फॉलो कर लेंगी तो आपकी बाटी भी परफेक्ट बनेगी।
इसे जरूर पढ़ें: घर पर ब्रेड बनाने के लिए कैसे गूंथे आटा
स्टेप-1
सबसे पहले आटे को छान लें। अगर आटा मोटा है, तो गूंथने पर वह सॉफ्ट नहीं होगा। इसलिए उसे पहले ही छननी की मदद से छान लें और उसके चोकर को अलग कर लें। बहुत से लोग लिट्टी या बाटी बनाने के लिए बाजरे का आटा भी इस्तेमाल करते हैं। मगर सबसे अच्छा स्वाद आपको केवल गेंहू के आटे से बनी बाटी या लिट्टी(लिट्टी चोखा बनाने की ये रेसिपी) का ही आएगा।
सबसे अच्छी बात तो यह है कि गेहूं के आटे से बनी बाटी को अच्छे से बेक किया जा सकता है। यह ऊपर से कुरकुरी और अंदर से सॉफ्ट बनती है।
स्टेप-2
आटा जब छन जाए तो आपको इसमें मोयन के लिए तेल डालना होगा। इस दौरान आपको नाप का ध्यान रखना होगा। मैं हमेशा 10 बाटी के हिसाब से 2 कटोरी आटा लेती हूं और उसमें 10 बड़े चम्मच तेल डालती हूं। मोयन के लिए आप रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं।
बाटी या लिट्टी क आटे में मोयन अच्छा डालना चाहिए वरना वह सिकने के बाद भी मुलायम ही रहती है और खाने में अच्छी नहीं लगती हैं। अधिक मोयन भी न डालें क्योंकि ऐसा करने पर बाटी या लिट्टी को बेक करने पर वह टूटने लगती है और खाने में खस्ते जैसी हो जाती है।
इसे जरूर पढ़ें: Cooking Tips: 'नान' के लिए परफेक्ट मैदा गूंथने के टिप्स
स्टेप-3
बहुत से लोग लिट्टी या बाटी का आटा गूंथते वक्त (आटा गूंथते वक्त ध्यान रखें ये बातें) उसे टाइट कर देते हैं। मगर मैं आटे को उतना ही ढीला गूंथती हूं कितनी रोटी का होता है। दरअसल, अगर आप टाइट आटा गूंथती हैं, तो बाटी या लिट्टी भी टाइट ही बनती है। मगर आपको इस बात का भी ध्यान रखना है कि आटा गीला न हो। इसलिए 1 से 1 1/2 कप पानी का ही इस्तेमाल करें। आप साधारण पानी का ही इस्तेमाल कर सकती हैं, आपको पानी को गर्म करने की जरूरत नहीं है।
स्टेप-4
तेल के साथ आटे में आपको नमक भी डालना चाहिए। 2 कटोरी आटे में आप 1 छोटा चम्मच नमक डाल सकती हैं। इसके बाद आटे को गूंथते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि आपको इसे मसल-मसल कर गूंथना है। ऐसा करने से मोयन अच्छी तरह से आटे में मिक्स हो जाता है और आटा चिकना गुंथ कर तैयार हो जाता है।
स्टेप-5
लिट्टी और बाटी के लिए आटा जब गुंथ जाए, तो उसे लगभग 20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके साथ ही आप ऊपर से थोड़ा सा तेल भी लगा दें। इससे आटा फूल जाता है और बाटी अच्छी बनती है।
अगली बार जब आप घर पर लिट्टी या बाटी बनाएं, आटा इसी तरह से गूंथ कर देखें। आपकी बाटी एकदम पर्फेक्ट बनेगी। यह जानकारी आपको पसंद आई हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें, साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Recommended Video
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों