शवरमा मध्य पूर्व का एक लोकप्रिय व्यंजन है। यह एक फेमस स्ट्रीट फूड है जिसमें परंपरागत रूप से चिकन या मीट को काफी मसालेदार रखा जाता है और यह एक मेटल के वर्टिकल रोटसिरी पर घूमते हुए सिकता रहता है। इस डिश को पसंद करने वालों की कमी भारत में भी नहीं है। मसालों का चटाखेदार फ्लेवर इसे स्वादिष्ट बनाते हैं। चिकन को दही और मसालों के साथ पहले मैरिनेड किया जाता है और फिर इसे भूना जाता है। उसके बाद आप इसका मजा रैप में स्टफ करके चटनी के साथ ले सकते हैं।
बाहर चूंकि इसे प्रोफेशनल बनाते हैं तो इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप इसे घर पर नहीं बना सकते हैं। अगर आपको यह रेसिपी पसंद है तो आप इसे घर पर बनाना भी ट्राई कर सकते हैं। आइए इसे बनाने का तरीका जानते हैं।
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले हम चिकन मेरिनेशन तैयार करेंगे। इसके लिए एक मिक्सिंग बाउल में बारीक कटा लहसुन और अदरक, 1 चम्मच वेजिटेबल ऑयल, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, काली मिर्च पाउडर, नमक और गरम मसाला पाउडर मिक्स करें। अब इसमें फ्रेश दही डालकर एक बार से सभी चीजों को मिला लें। अगर आपको खट्टा पसंद है तो उसमें आधा नींबू का रस भी मिला सकते हैं।
- इस तैयार मैरिनेशन में चिकन के टुकड़े डालकर हाथों से मिला लें। इसके बाद इसे ढककर कम से कम 4-5 घंटे के लिए रख दें।
- निर्धारित समय के बाद, एक ग्रिलिंग पैन को गर्म करें। अगर आपके पास अगर ग्रिलिंग पैन न हो तो आप सिंपल पैन में तेल डालकर गर्म करें और चिकन के टुकड़ों को डालकर मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सेक लें। अच्छी तरह से सेक लेने के बाद इन्हें अलग निकालकर प्लेट में रख लें।
- अब गार्लिक और योगर्ट सॉस बना लें। इसके लिए 1 कप दही में बारीक कटा लहसुन, नमक, नींबू का रस और तेल डालकर मिक्स करें।
- अब हमें शवरमा को रैप करने के लिए एक रोटी तैयार करनी है। इसके लिए एक मिक्सिंग बाउल में मैदा, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर, नमक, चीनी, तेल और दही और पानी डालकर आटा गूंथ लें और इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें।
- 10 मिनट के बाद आटे की लोइयां बनाएं और उसे रोटी जैसे आकार में बेल लें। इसमें काटें वाले चम्मच से छेद कर लें। तवा गर्म करके इसे दोनों तरफ से हल्का-हल्का सेक लें।
- इसके बाद रोटी में टोमेटो केचप लगाएं और ऊपर से तैयार योगर्ट सॉस लगाएं। इसके ऊपर लेट्यूस के पत्ते लगाएं और अब फ्राई चिकन इसमें लंबा-लंबा लगाएं। ऊपर से प्याज के छल्ले रखें और फिर एक बाद योगर्ट सॉस डालकर रोल कर लें।
- इसे बीच से काटें और फूड पेपर और एल्यूमिनियम फॉयल में लपेटकर हरी चटनी के साथ सर्व करें।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों