बेसन का इस्तेमाल लगभग सभी भारतीय घरों में बहुत ज्यादा होता है। भारत के अलग-अलग हिस्सों में बेसन की मदद से अलग-अलग रेसिपीज बनाई जाती हैं। नॉर्थ इंडिया में इसे अलग तरह से इस्तेमाल किया जाएगा तो साउथ इंडिया में इसका इस्तेमाल अलग होगा। बेसन का इस्तेमाल साल भर होता है और अगर मौसम अच्छा हो तो बेसन के पकोड़े आदि बनाना बहुत अच्छा लगता है।
अगर आप बेसन की नई रेसिपीज ढूंढ रही हैं तो हम आपको बताते हैं कि कैसे 1 कप बेसन की मदद से आप पांच अलग-अलग रेसिपीज बना सकती हैं, ये रेसिपीज काफी आसान हैं।
1. पनीर बेसन चीला-
झटपट बनने वाली रेसिपीज में पनीर बेसन चीला भी शामिल है।
सामग्री-
1 कप बेसन, 100 ग्राम ग्रेट किया हुआ पनीर, 1 प्याज बारीक कटा हुआ, 1 टमाटर बारीक कटा हुआ, 3-4 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 1 इंच का अदरक का टुकड़ा ग्रेट किया हुआ, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, चुटकी भर हींग और नमक स्वादानुसार
रेसिपी 1-
सभी सामग्री को एक साथ एक बर्तन में मिक्स करें। अब इसमें पानी मिलाएं और एक गाढ़ा बैटर तैयार करें। आप चाहें तो पनीर को चीले के ऊपर से ग्रेट करके भी डाल सकते हैं। ऐसे में चीले के ऊपर क्रिस्पी पनीर की लेयर बन जाएगी। हम यहां पनीर को बैटर में मिलाकर चीला बनाने की रेसिपी बता रहे हैं।
अब तवा गर्म करें और उसमें थोड़ा सा तेल डालें। मीडियम आंच पर चीले का बैटर डालें और उसे फैलाएं। गोल्डन ब्राउन होने तक दोनों साइड से पकाएं।
2. ढोकला-
बेसन ढोकला बनाने में बहुत आसान है और इसे अक्सर घरों में पसंद किया जाता है। अगर आप बाज़ार से ढोकला मिक्स लाकर ढोकला बनाती हैं तो हम आपको बताने जा रहे हैं घर में ढोकला बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री-
1 कप बेस, आधा चम्मच बेकिंग सोडा, 1 चम्मच शक्कर, नमक स्वादानुसार, चुटकी भर हल्दी, 1 चम्मच सिट्रिक एसिड, पानी जरूरत के अनुसार, तड़के के लिए 1 चम्मच तेल, 1/2 चम्मच सरसों के बीज, 1 सूखी लाल मिर्च, 7-8 करी पत्ते
रेसिपी 2-
एक बर्तन में बेसन, सिट्रिक एसिड, नमक, शक्कर और हल्दी को पानी से घोलें, थोड़े से पानी में बेकिंग सोडा घोलकर वो भी इसमें डालें। अब जिस भी बर्तन में ढोकले को स्टीम करना हो उस बर्तन को ग्रीस कर मिक्सचर में डालें। इसे 15-20 मिनट तक स्टीम करें। एक पैन में तेल, में लाल मिर्च, करी पत्ते और सरसों के बीज का तड़का लगाकर पके हुए ढोकले के ऊपर डालें। अब इन्हें छोटे-छोटे पीस में काटकर सर्व करें।
इसे जरूर पढ़ें- बेसन के 7 उपयोगी घरेलू टिप्स के बारे में जानें
3. बेसन मुर्ग टिक्का-
अगर आप नॉन वेज खाती हैं तो बेसन से बना मुर्ग टिक्का ट्राई कर सकती हैं।
सामग्री-
20 मिली सफेद सिरका, 1.5 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट, 1/2 किलो चिकन टिक्का (बोनलेस पीस), 1/2 कप हंग कर्ड, 50 ग्राम चीज़, 1 कप बेसन, 1 चम्मच काली मिर्च पाउडर, 1 चम्मच गर्म मसाला, 20 मिली तेल, 1/2 कप क्रीम, 1 चम्मच कस्तूरी मेथी, 1 चम्मच जीरा पाउडर रोस्टेड
रेसिपी 3-
सबसे पहले सिरका, अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर चिकन को 20 मिनट तक मेरिनेट करें। 20 मिनट बाद इसमें दही, चीज़, बेसन, काली मिर्च पाउडर, गर्म मसाला, कस्तूरी मेथी पाउडर और जीरा पाउडर मिलाकर इसे 30 मिनट के लिए रख दें। अब इन मैरिनेट किए हुए पीस में थोड़ा सा तेल मिलाएं और उसके बाद क्रीम मिलाकर रख दें।
इन्हें भूना जा सकता है, फ्राई किया जा सकता है या फिर आप इन्हें माइक्रोवेव में भी 20 मिनट के लिए पका सकते हैं। जैसा मन करे उस हिसाब से इन्हें पकाएं।
इसे जरूर पढ़ें- बेसन से बनती हैं ये 3 सब्जियां, इसे मजे से खाएं और फायदे पाएं
4. काजू कोठंबीर वड़ी-
ये एक महाराष्ट्रियन डिश है जो आपको खाने में बहुत ही अच्छी लगेगी। इस डिश की खासियत ये है भले ही ये बनने में मुश्किल दिखती हो, लेकिन है बहुत आसान।
सामग्री-
1 कप बेसन, 1 कप काजू, 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 1 चम्मच इमली का पल्प, 4 चम्मच तेल, बारीक कटा हरा धनिया और नमक स्वादानुसार
रेसिपी 4-
तेल को छोड़कर एक बर्तन में सभी इंग्रीडियंट्स को मिला लें। अब इसमें लगभग 1.5 कप पानी डालकर थोड़ा गाढ़ा बैटर बना लें। एक पैन में तेल गर्म करें और मीडियम आंच पर इस बैटर को 15-20 मिनट तक पकाएं। ऐसा करने पर इस बैटर का टेक्सचर आटे जैसा हो जाएगा। इसे गैस पर से हटाएं। अब एक छोटी ट्रे को ग्रीस करके 1 इंच मोटाई में इसे फैलाएं। इसे थोड़ी देर स्टीम करें और फिर ठंडा होने दें।
अब दो इंच के टुकड़ों में काट लें। अगर आपने इसे 30 मिनट तक स्टीम करने के बाद ठंडा किया है तो फ्राई न भी करेंगी तो चलेगा, लेकिन अगर इसे बहुत क्रिस्पी बनाना चाहती हैं तो एक पैन में इसे शैलो फ्राई करें।
5. बिना बेकिंग सोडा या ईनो के बनाएं इंस्टेंट आलूबोंडा
अक्सर आलूबोंडा बनाते समय हमें ईनो, बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करना पड़ता है और हमें लगता है कि बाज़ार जैसा फ्लेवर फिर भी नहीं आया। ऐसे में ये रेसिपी ट्राई करें और फर्क देखें।
सामग्री-
1 कप भुना हुआ बेसन, 1 चम्मच अजवाइन, नमक और हल्दी स्वादानुकार, पानी मिलाकर बनाएं घोल (न बहुत गाढ़ा न बहुत पतला)
आलू के मिक्सचर के लिए 250 ग्राम उबले और मैश किए आलू, 1 चम्मच जीरा, एक चुटकी हींग, 1 चॉप की हुई हरी मिर्च, 1 चॉप किया हुआ प्याज, 1 इंच का अदरक का टुकड़ा ग्रेट किया हुआ, 1/2 चम्मच जीरा पाउडर, 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच अमचूर पाउडर, नमक स्वादानुसार
रेसिपी 5-
एक पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करें। उसमें चुटकी भर हींग और जीरा डालें। इसमें चॉप किया हुआ करी पत्ता डालें। चॉप की हुई हरी मिर्च, प्याज, अदरक, आधा चम्मच जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर, नमक मिलाकर इसमें उबले हुए आलू मिलाएं। इसे थोड़ा ठंडा होने दें।
अब इस मिक्सचर को गोल आकार दें और पहले से बनाए हुए बेसन के घोल में इसे डुबो कर तल लें। आपके इंस्टेंट आलूबोंडा वो भी बिना बेकिंग सोडा या बेकिंग पाउडर के तैयार हैं।
Recommended Video
अगर आपको ये स्टोरी पसंद आई तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों