दिसंबर के आते ही आपने कई केक शॉप पर केक की भरमार देखी होगी। दिसंबर में क्रिसमस और न्यू ईयर की वजह से लोग केक बनाकर अपनी बेकरी में रख देते हैं। घर पर भी लोग केक बनाने की खूब प्रैक्टिस करते हैं, लेकिन यह टास्क आपको थका सकता है।
साथ ही केक बनाने के लिए आपको कितनी सारी सामग्रियों की जरूरत पड़ती है। ऐसा सोचकर आधे से ज्यादा लोग बाजार से केक लेकर आना ही पसंद करते हैं। क्या आपको यह पता है कि आप घर पर झटपट भी केक बनाकर उसका मजा ले सकती हैं और अपने बच्चों को सरप्राइज कर सकती हैं।
जो केक की रेसिपी आज हम आपको बताएंगे, उसे आप बस अपने कॉफी मग में भी बना सकती हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह रेसिपी सिर्फ 5-7 मिनट में बनाई जा सकती हैं। इसके अलावा आपको बहुत ज्यादा सामग्रियों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। चॉकलेट मग केक की इस रेसिपी को बनाने के लिए आपको सिर्फ 3 इंग्रीडिएंट्स की जरूरत पड़ेगी। आइए जानते हैं वो सामग्रियां कौन-सी हैं और उससे केक कैसे बनेगा!
पहली सामग्री- कोको पाउडर
अब चॉकलेट केक बना रही हैं तो बिना कोको पाउडर के तो वह बनेगा नहीं। यह तो मेन इंग्रीडिएंट है। इससे चॉकलेट्स बनती हैं और जाहिर है केक भी बनेगा। कोको पाउडर के 2 चम्मच ही आपको अंडे वाले बाउल में डालना है। अंडे और कोको पाउडर को अच्छी तरह से मिला लें। ध्यान रखें कि इसमें किसी तरह की गांठ न बने।
इसे भी पढ़ें: Cake Recipes: 20 रुपये में घर पर ऐसे बनाएं केक, खाकर सब बोलेंगे 'वाह'
दूसरी सामग्री- अंडा
केक बनाने के लिए आपको दूसरी सामग्री चाहिए वह अंडा है। अंडा केक को मॉइस्ट बनाने का काम करता है और इससे एक सॉफ्ट और फ्लफीनेस भी केक में आती है। केक बनाने के लिए 1 अंडे को आप केक में डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। अंडे को तब तक फेंटें जब तक कि उसमें फ्रॉथ न बन जाए।
कई लोग अंडा खाना पसंद नहीं करते हैं। इसकी जगह आप बटरमिल्क/छाछ भी इस्तेमाल कर सकती हैं। बस इसे एक मिक्सिंग बाउल में डालकर अच्छी तरह से फेंट लें।
तीसरी सामग्री- पाउडर शुगर
तीसरी और आखिरी सामग्री पाउडर शुगर है। इसे आम भाषा में चीनी का बूरा भी कहते हैं। आपके पास अगर मोटी चीनी है तो उसे पहले ग्राइंडर में महीन पीसकर एक पाउडर बना लें। आप बाजार से भी यह ला सकती हैं और घर पर भी चीनी को पीस सकती हैं। जो आपका अंडा और कोको पाउडर वाला मिश्रण है, उसमें चीनी मिलाकर सारी चीजों को हैंड मिक्सर से मिक्स करें (मिक्सर ब्लेड की धार कैसे बढ़ाएं)।
इसे भी पढ़ें: इस तरीके से क्रिसमस पर बच्चों के लिए बनाएं Chocolate Dessert
चॉकलेट मग केक बनाने के टिप्स-
- इन सारी सामग्री को मिलाकर एक मग में आधा ही भरें। अगर आप इसे पूरा भरेंगी तो केक बेक होने पर बाहर निकल सकता है।
- अगर आप चाहें तो ऊपर से इसमें चॉको चिप्स भी डाल सकती हैं।
- अगर आप इसे माइक्रोवेव में बेक कर रही हैं तो बस 1 मिनट के लिए इसे बेक करें और बीच में टूथपिक से चेक कर लें।
- अगर आपके पास माइक्रोवेव नहीं है, तो आप इसे कुकर में भी बेक कर सकती हैं (माइक्रोवेव से जुड़े हैक्स)।
- इसके लिए कुकर को पहले मीडियम आंच पर गर्म करें और उसमें 1 कप नमक डालकर प्रीहीट करें।
- इसके बाद एक छोटा सा स्टैंड कुकर में रखें और उसके ऊपर मग रखकर 3-4 मिनट के लिए ढककर कर रखें। चाकू या फोर्क की मदद से केक को चेक करें और रेडी होने पर इसे आराम से निकाल लें।
देखा कितना आसान है घर पर चॉकलेट केक बनाना। अगर आप क्रिसमस पर बाहर से केक नहीं ला रही हैं, तो बच्चों को इस रेसिपी से खुश करें।
हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आएगा, इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Pexels and Freepik
Recommended Video
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों