साल 2023 में हमने बॉलीवुड और रीजनल सिनेमा की जो ग्रोथ देखी है वो शायद ही कभी किसी ने देखी हो। कोविड-19 के बाद से ही लोगों को सिनेमा हॉल तक खींचने के लिए पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को 3 साल लग गए। पर साल की शुरुआत जिस तरह से हुई उसमें देखा जा सकता है कि अंत भी कुछ धमाकेदार ही होने वाला है। साल की शुरुआत फिल्म 'पठान' से हुई जिसने 1000 करोड़ कमाकर दोबारा बॉलीवुड को जीवित कर दिया। अब साल का अंत भी 'डंकी' फिल्म से शाहरुख खान ही करेंगे।
यह कहना गलत नहीं होगा कि साल 2023 शाहरुख खान का साल रहा। हालांकि, साउथ का सुपरहीरो स्टाइल फिल्मों ने भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।
1. जवान
बजट - 300 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 1152 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 640.8 करोड़
शाहरुख खान की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' अभी भी बॉक्स ऑफिस पर चल रही है। अगर हम सिर्फ बॉलीवुड की बात करें, तो यह अभी भी हाइएस्ट परफॉर्मिंग फिल्म है, लेकिन रीजनल फिल्मों को भी जोड़ लिया जाए तो 'केजीएफ 2' से यह फिल्म थोड़ी पीछे रह गई।
इस फिल्म में शाहरुख खान का डबल रोल लोगों को बहुत पसंद आया और विक्रम राठौर का किरदार भी लोगों को खूब भाया। शाहरुख की एक्टिंग की तारीफ हमेशा की तरह की गई और एक्शन सीन्स भी इस फिल्म में बहुत अच्छे थे।
2. पठान
बजट - 250 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 1050.8 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 542.4 करोड़
शाहरुख खान ने इस साल की शुरुआत फिल्म 'पठान' से की थी। इस फिल्म में शाहरुख एक सीक्रेट एजेंट की भूमिका में थे जो भारत को एक सीक्रेट वायरस से बचाते हैं। शाहरुख की बॉडी की इस फिल्म में बहुत तारीफ की गई थी और उन्होंने इस फिल्म के साथ ही सॉफ्ट हीरो वाली अपनी इमेज को पूरी तरह से चेंज कर लिया था। शाहरुख खान को इस तरह का एक्शन करते देख वाकई अच्छा लगा था।
इसे जरूर पढ़ें- Google Year in Search 2023: स्वरा भास्कर से लेकर दिशा परमार तक, इन अभिनेत्रियों के घर इस साल गूंजी किलकारियां
3. गदर 2
बजट - 85 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 687.8 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 525.2 करोड़
सनी देओल और अमीषा पटेल के साथ इस बार उनका बेटा उत्कर्ष शर्मा भी था। इस फिल्म की कहानी में तारा सिंह लापता हो जाते हैं जिन्हें ढूंढने उनका बेटा पाकिस्तान जाता है, लेकिन फिर उसे किडनैप कर लिया जाता है और तारा सिंह उसे बचाने जाते हैं। यह बिल्कुल ही अनोखी कहानी थी जिसने अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली। कुछ हद तक यह माना जा सकता है कि 'गदर 2' शायद नॉस्टैल्जिया के लिए ही चल गई।
4. लियो
बजट - 225 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 618.5 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 215 करोड़
कश्मीर पर आधारित यह फिल्म बहुत ही अलग दिशा में जाती है। इस फिल्म की कहानी में एक आम इंसान किस तरह से एक ड्रग कार्टेल के बीच फंस जाता है और कैसे वह अपने परिवार को बचाता है यह दिखाया गया है। एक सीधा-साधा इंसान क्या वाकई उतना सीधा है जितना दिख रहा है? कहानी का क्लाइमेक्स बहुत ही अलग है और आपको इस कहानी में यह समझने में थोड़ा समय लग जाता है कि वाकई हीरो अच्छा है या फिर बुरा।
5. जेलर
बजट - 180 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 605.8 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 293.9 करोड़
रजनीकांत की सुपरहिट फिल्म 'जेलर' एक रिटायर्ड जेलर की कहानी है जो अपने बेटे के कातिलों को खोजने और उनसे बदला लेने के लिए मेहनत करता है। इस फिल्म में रजनीकांत की एक्टिंग की बहुत तारीफ की गई और फिल्म में उनका इमोशनल लेकिन पावरफुल रूप देखने को मिलता है। यह फिल्म एक्शन से भरपूर है और अगर आपको एक्शन के साथ-साथ इमोशनल फिल्में पसंद हैं, तो यह फिल्म आपके लिए बेस्ट साबित हो सकती है।
6. टाइगर 3
बजट - 250 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 450.7 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 275.2 करोड़
सलमान खान और कैटरीना कैफ की महत्वाकांक्षी फिल्म 'टाइगर 3' ने उम्मीद से काफी कम बिजनेस किया, लेकिन फिर भी यह फिल्म अपने बजट से ज्यादा कमाई कर गई। साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक 'टाइगर 3' में एक बार फिर देश को बचाने के लिए सलमान खान और कैटरीना कैफ एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। इस फिल्म में शाहरुख खान के 'पठान' वाले किरदार का कैमियो भी है जिस तरह से सलमान खान ने 'पठान' फिल्म में किया था।
इसे जरूर पढ़ें- Google Year in Search 2023: इस साल बॉलीवुड की इन मशहूर हस्तियों ने कहा अलविदा
7. आदि पुरुष
बजट - 700 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 395 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 194.3 करोड़
साल की सबसे बड़ी कॉन्ट्रोवर्शियल फिल्मों में से एक रही है 'आदि पुरुष' जिसमें रामायण को थोड़ा सा मॉर्डनाइज करके दिखाने की कोशिश की गई थी। रिपोर्ट्स के आधार पर इस फिल्म के लिए एक्टर प्रभास ने 100 करोड़ रुपये लिए थे। इस फिल्म का कुल बजट 700 करोड़ रुपये के आस-पास बताया जा रहा था और फिल्म ने इससे बहुत कम रिस्पॉन्स दिया। इसे फ्लॉप करार दिया गया, लेकिन इसकी कुल कमाई 395 करोड़ के आस-पास रही है जिसके कारण इसे इस लिस्ट में शामिल किया जा रहा है।
8. रॉकी और रानी की प्रेम कहानी
बजट - 150 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 357 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन - 153.5 करोड़
पंजाबी लड़का रॉकी एक बंगाली जर्नलिस्ट रानी के प्यार में पड़ जाता है और उससे शादी करना चाहता है। किसी भी हाल में उसके साथ रहने के लिए वह अपने परिवार से लड़ जाता है और कैसे उन दोनों की शादी होती है यही कहानी का सार है। 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में कॉमेडी के साथ-साथ रोमांस और ड्रामा भी है और करण जौहर ने इस फिल्म के साथ-साथ अपनी एंटी-फेमिनिस्ट इमेज को खत्म करने की कोशिश की है।
9. पोंनियिन सेल्वन पार्ट 2
बजट - 250 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 344 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 166.8 करोड़
कुछ समय पहले रिलीज हुई फिल्म PS-1 का दूसरा पार्ट था। इस फिल्म में ऐतिहासिक चोला साम्राज्य की कहानी थी। दक्षिण भारत के इस साम्राज्य की गाथा हमेशा से सुनी गई है और इस फिल्म में उसकी कहानी बहुत ही अच्छे से बताई गई है।
10. द केरल स्टोरी
बजट - 25 करोड़
वर्ल्ड वाइड कलेक्शन - 301 करोड़
डोमेस्टिक कलेक्शन- 240.6 करोड़
इस फिल्म को लेकर जितनी कॉन्ट्रोवर्सी हुई है वह जाहिर करता है कि इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर होना ही था। इस फिल्म में केरल में होने वाले धर्म परिवर्तन की कहानी बताई गई है। हालांकि, इस फिल्म के फैक्ट्स को लेकर संसद तक में कई बातें हुई। इस कहानी में एक लड़की फातिमा बा के बारे में बताया गया है जो नर्स बनना चाहती थीं, लेकिन उन्हें धार्मिक कट्टरपंथियों ने अपने चंगुल में फंसा लिया और जबरन धर्म परिवर्तन करवा कर ISIS के चंगुल में छोड़ दिया जाता है। यह लड़की आखिर में अफगानिस्तान की जेल में मिलती है।
नोट: यह डेटा IMDB की आधिकारिक वेबसाइट से लिया गया है।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों