कई बार हमें ये नहीं पता होता कि कुछ आम चीज़ों के हेल्थ बेनेफिट्स कितने ज्यादा होते हैं। ऐसा ही कुछ है कद्दू की पत्तियों के साथ भी। ये पत्तियां बहुत ही स्वादिष्ट भी होती हैं और स्वास्थ्य को लेकर इसके फायदे बहुत हैं। ये पत्तियां ब्लड शुगर लेवल को कम करने में भी सहायक होती हैं और साथ ही साथ ये हमारे शरीर को विटामिन और मिनरल भी देती हैं। जहां तक कद्दू की पत्तियों की बात है तो केरल से लेकर बंगाल और महाराष्ट्र तक इन्हें खाया जाता है। नेशनल न्यूट्रिशन वीक 1 से 7 सितंबर तक मनाया जाता है। इस मौके पर हम आपको कद्दू की पत्तियों के फायदे बताने जा रहे हैं।
अवॉर्ड विनिंग न्यूट्रिशनिस्ट मुनमुन गनेरीवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कद्दू की पत्तियों के फायदे बताए हैं। आपको बता दें कि मुनमुन गनेरीवाल बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू सहित कई हाई प्रोफाइल लोगों की न्यूट्रिशनिस्ट हैं। मुनमुन अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कई टिप्स शेयर करती रहती हैं जो हेल्दी लाइफस्टाइल जीने में काम आएंगे।
इसे जरूर पढ़ें- ड्राई और डल स्किन से पाना है छुटकारा, Glowing Skin के लिए पिएं खीरे और धनिया से बनी ये ड्रिंक
पोस्ट में बताया कद्दू की पत्तियों को खाने का तरीका-
मुनमुन गनेरीवाल ने अपनी पोस्ट में बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में ये पत्तियां खाई जाती हैं। केरल में इसे ग्रेट किए हुए नारियल और कम मसालों के साथ बनाया जाता है जिसे 'मथान इला तोरन' कहा जाता है। बंगाल में इसे 'कुमरो साग' कहा जाता है जो ग्रेवी की शक्ल में होता है और चावल के साथ खाया जाता है। महाराष्ट्र में इसे ज्वार की रोटी के साथ भाजी के तौर पर खाया जाता है।
कद्दू की पत्तियों को खाने का सही तरीका यही होगा कि इन्हें अच्छे से धोकर कम तेल और मसाले में पकाया जाए। कद्दू की पत्तियां बहुत ही स्वादिष्ट लगेंगी और अगर आपको भाजी खाना पसंद है तो इन पत्तियों को जरूर ट्राई करना चाहिए।
क्या हैं कद्दू की पत्तियों को खाने के फायदे-
1. विटामिन ए से बेहतर होगी आईसाइट-
कद्दू की पत्तियों में भरपूर मात्रा में विटामिन ए होता है जिससे आंखों की रोशनी बढ़ती है। साथ ही साथ ये बालों और स्किन के लिए भी फायदेमंद है।
2. विटामिन सी से जल्दी भरते हैं जख्म-
कद्दू की पत्तियों में विटामिन सी भी होता है जिससे जख्म जल्दी भरते हैं और स्किन, दांत और हड्डियों के लिए भी ये फायदेमंद होती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- सुबह खाली पेट एप्पल साइडर विनेगर पीने के हैं ये फायदे, इन 5 बड़ी समस्याओं से मिलता है छुटकारा
3. आयरन की भरपूर मात्रा-
ये पत्तियां खास तौर पर महिलाओं और बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं क्योंकि इसमें आयरन होता है। अपनी डाइट में आयरन से भरपूर फूड्स शामिल करने का फायदा ये होता है कि अनीमिया का खतरा कम हो जाता है। जिन फूड्स में नेचुरली आयरन होता है उन्हें खाने से महिलाओं को पीडियड्स के पेन में भी राहत मिलती है और कमजोरी नहीं होती।
4. ब्लड शुगर लेवल होता है कंट्रोल-
कद्दू की पत्तियों में भरपूर मात्रा में प्रोटीन भी होता है और इसमें कैलोरीज काफी कम होती हैं। ऐसे में ये हमारे शरीर का ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल कर सकती हैं। इसके अलावा, जो महिलाएं लैक्टेटिंग हैं और बच्चों को दूध पिलाती हैं वो भी कद्दू की पत्तियों का फायदा उठा सकती हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने से ब्लड कोलेस्ट्रॉल लेवल भी कम होता है।
मुनमुन ने अपनी पोस्ट में ये भी लिखा है कि कद्दू की पत्तियों को नींबू के साथ खाना चाहिए। यकीनन जितने फायदे बताए गए हैं उससे लगता है कि कद्दू की पत्तियां स्वास्थ्य के लिए बहुत ही ज्यादा फायदेमंद हैं और साथ ही साथ वो शरीर की कई जरूरतों को पूरा कर सकती हैं।
अगर आपको ये स्टोरी पसंद आई है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों