Sat Apr 18, 2026 | Updated 03:49 AM IST
milk spilling while boiling how to control overflow

Kitchen Hacks: क्या आपके किचन में भी बार-बार उबलकर बाहर गिर जाता है दूध? ये 3 स्मार्ट ट्रिक्स बचाएंगी आपकी मेहनत

दूध उबालते समय आपकी एक छोटी सी लापरवाही दूध को बर्तन से बाहर गिरा देती है और आपका काम भी बढ़ जाता है। दूध उबलकर गिरने से दूध की बर्बादी तो होती ही है और सफाई करने में आपकी बेवजह मेहनत भी लगती है। आइए जानें कुछ आसान किचन हैक्स के बारे में जिससे आप दूध को भगोने से उबलकर गिरने से बचा सकती हैं।
Editorial
Updated:- 2026-02-23, 15:56 IST

दूध उबालते समय अक्सर देखा जाता है कि जितनी देर हम किचन में काम करते हैं, दूध में उबाल नहीं आती है, लेकिन जैसे ही हम किसी और काम में व्यस्त हो जाते हैं दूध जल्दी से उबलकर नीचे गिर जाता है। यूं कहा जाए कि आपकी जरा-सी लापरवाही और पूरा गैस स्टोव गंदा हो जाता है। यही नहीं किचन स्लैब पर भी दूध गिर जाता है और काम काफी बढ़ जाता है। आप सभी ने बचपन से ही दादी-नानी से कई तरह की ट्रिक्स सुनी होंगी, जिससे दूध उबलकर भगोने से नीचे न गिरे। कई बार आप इन ट्रिक्स को आजमाती भी होंगी, लेकिन ज्यादातर महिलाएं जल्दबाजी में इन ट्रिक्स को आजमाना भूल जाती हैं और किचन में उनका काम दूध उबलकर गिरने की वजह से काफी बढ़ जाता है। कई ऐसी ट्रिक्स भी हैं जो सिर्फ सुनी हैं, लेकिन असल में वो दूध को उबलने से नहीं रोक पाती हैं, जैसे अगर आप दूध के भगोने में घी लगाकर दूध को उबालती हैं तब भी दूध भगोने से बाहर आ जाता है। ऐसे ही मैंने कुछ ट्रिप्स को आजमाकर देखा और मुझे वो काफी कारगर भी लगीं। आइए आपको भी बताते हैं उन आसान हैक्स के बारे में।

दूध उफनकर बाहर क्यों गिरता है?

जब दूध गर्म होता है तो उसमें मौजूद पानी भाप में बदलने लगता है और उसके ऊपर मलाई की एक परत बन जाती है, जो भाप को बाहर निकलने नहीं देती है। जैसे-जैसे प्रेशर बढ़ता जाता है, दूध अचानक ऊपर उठता है और बर्तन से बाहर गिर जाता है। आपको अगर दूध को उबलने से बचाना है तो भाप को निकलने का रास्ता मिलना चाहिए जिससे दूध की उफान की स्पीड कम हो और बर्तन से बाहर निकलने से बच सके।

यह भी पढ़ें- Kitchen Hacks: गैस चूल्हे पर जम गई है जिद्दी चिकनाई? इन 2 घरेलू नुस्खों से मिनटों में शीशे जैसा चमक उठेगा स्टोव

भगोने के ऊपर स्टील का चमचा रखें

अगर आप दूध को उबलने से बचाना चाहती हैं तो सबसे कारगर ट्रिक है भगोने के ऊपर स्टील का चमचा रखना। स्टील के चमचे को आप दूध के भगोने के ऊपर आड़ा रख दें। इस ट्रिक से दूध भगोने के ऊपर की तरफ तो आएगा, लेकिन बर्तन से बाहर निकलकर नीचे नहीं गिरेगा। हालांकि, एक बात जो आपको ध्यान में रखनी है वो ये है कि आप गैस की फ्लेम धीमी ही रखें। भगोने के ऊपर स्टील का चमचा रखने से मलाई की परत टूटती रहती है और भाप को थोड़ा रास्ता मिलता रहता है जिससे दूध भगोने में काफी ऊपर तक आने के बाद भी उबलकर नीचे नहीं गिरता है।

wooden spoon for boiling milk

भगोने के ऊपर लकड़ी का चम्मच या स्पैचुला रखें

दूध को उबलने से बचाने का सबसे कारगर तरीका है दूध के भगोने में लकड़ी का चम्मच या स्पैचुला रखें। यह दूध को उबलकर गिरने से बचाने का सबसे असरदार तरीका माना जाता है। अगर आप स्टील की जगह लकड़ी का चम्मच भगोने के ऊपर रखती हैं तो दूध भगोने की ऊपरी परत पर भी नहीं आता है। लकड़ी गर्मी को स्टील जितना जल्दी कंडक्ट नहीं करती और उफान को बेहतर तरीके से रोक सकती है। जब दूध में उबाल आती है, तो लकड़ी का चम्मच मलाई जमने से रोकता है और भाप आसानी से बाहर निकलती है जिससे दूध उबलकर भगोने से बाहर नहीं गिरता है।

यह भी पढ़ें- Non Stick Tawa Cleaning Mistakes: क्या आप भी नए नॉन-स्टिक तवे को धोते समय करती हैं ये गलतियां? ध्यान नहीं रखा तो सेहत और जेब दोनों पर पड़ेगा भारी

दूध उबालते समय भगोने में एक स्टील का चम्मच या छोटी कटोरी डालें

आप जब भी दूध उबाल रही हैं कोई साफ चम्मच भगोने की तली में डाल दें। आप चाहें तो किसी छोटी कटोरी का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इस ट्रिक से दूध उबलकर भगोने से बाहर नहीं गिरता है।

गैस की फ्लेम को हमेशा धीमा रखें

आपको अगर दूध को गिरने से बचाना है तो सबसे जरूरी ट्रिक यह है कि कभी भी दूध तेज गैस पर न उबालें। आप हमेशा दूध की क्वांटिटी से ज्यादा बड़े भगोने का इस्तेमाल करें। इसका मतलब यह है कि अगर आप एक लीटर दूध उबाल रही हैं तो दो लीटर की क्षमता वाले भगोने का इस्तेमाल करें। इससे आपका दूध भगोने में ही गाढ़ा हो जाएगा, लेकिन उबलकर नीचे नहीं गिरेगा। लो फ्लेम पर दूध धीरे-धीरे उबलता रहता है और उफान अचानक नहीं आता है जिससे भगोने से बाहर नहीं गिरता है।

दूध उबालते समय याद रखें, कोई भी ट्रिक दूध को उबलने से बचाने की 100% गारंटी नहीं देती है। इसलिए आपको इस बात का ध्यान देने की भी जरूरत है कि आप जब भी दूध उबालें किचन के आस-पास ही रहें और थोड़ी-थोड़ी देर में चेक करती रहें कि दूध भगोने से बाहर न निकल जाए।

आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसे ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock .com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।