गर्म मौसम में खाने का मन कम ही करता है। ऐसे में फल खाने की सलाह ज्यादा दी जाती है। गर्म मौसम में आने वाले फल आपको दिनभर हाइड्रेट रखते हैं। अब पाइनएप्पल ही लीजिए, यह एक ऐसा फल है जो रसीला होता है। इसमें पानी का कॉन्टेंट अच्छा होता है, लेकिन इसे सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो यह जल्दी खराब हो सकता है।
अक्सर लोग पाइनएप्पल को फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन क्या यह सही तरीका है? क्या फ्रिज में रखने से पाइनएप्पल का स्वाद और ताजगी बनी रहती है या यह जल्दी खराब हो जाता है?
पाइनएप्पल एक ट्रॉपिकल फल है, जो गर्म तापमान में अच्छी तरह पका रहता है। अगर इसे सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो यह सूख सकता है, अपनी मिठास खो सकता है या फिर अंदर से खराब होने लगता है। कई लोग इसे कटकर फ्रिज में रखते हैं, तो कुछ इसे बिना काटे कमरे के तापमान पर रखना बेहतर समझते हैं। लेकिन सही स्टोरेज मेथड अपनाकर आप इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ा सकते हैं और इसे ज्यादा समय तक ताजा रख सकते हैं।
अगर आप भी सोच रहे हैं कि पाइनएप्पल को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं और इसे सही तरीके से स्टोर करने का सबसे अच्छा तरीका क्या है, तो इस लेख में हम आपको देंगे पूरी जानकारी, जिससे आपका पाइनएप्पल लंबे समय तक ताजा और स्वादिष्ट बना रहेगा!
क्या फ्रिज में रखने से पाइनएप्पल खराब हो जाता है?
पाइनएप्पल एक ट्रॉपिकल फल है और यह गर्म जलवायु में अच्छी तरह ग्रो करता है। इसकी बनावट को देखते हुए, इसे बहुत ज्यादा ठंडे तापमान में रखने से इसके टेक्सचर और स्वाद पर असर पड़ सकता है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं कि फ्रिज में रखने से यह पूरी तरह से खराब हो जाता है।
अगर आप पाइनएप्पल को बिना काटे फ्रिज में रखते हैं, तो यह नमी खो सकता है और उसका सरफेस थोड़ा सख्त हो सकता है। वहीं, कटा हुआ पाइनएप्पल फ्रिज में रखने पर जल्दी खराब होने से बच सकता है, बशर्ते इसे सही तरीके से स्टोर किया जाए।
इसे भी पढ़ें: अब फल छिलने और काटने में नहीं लगेगा समय, ये ट्रिक्स आएंगे काम
पाइनएप्पल फ्रिज में कब रखना चाहिए?
- अगर पाइनएप्पल पूरी तरह से पका हुआ है, तो इसे लंबे समय तक स्टोर करने के लिए फ्रिज में रखना सही होता है।
- अगर पाइनएप्पल काट दिया गया है, तो इसे तुरंत फ्रिज में रखना जरूरी है, ताकि यह बैक्टीरिया के संपर्क में न आए।
- गर्म और ह्यूमिड मौसम में, फ्रिज पाइनएप्पल को ज्यादा समय तक ताजा बनाए रख सकता है।
पाइनएप्पल को सही तरीके से स्टोर करने के तरीके

1. बिना काटे पाइनएप्पल को स्टोर करने का तरीका-
- अगर आपने पाइनएप्पल खरीदा है और इसे कुछ दिनों के लिए स्टोर करना चाहते हैं, तो इसे रूम टेंपरेचर पर ही रखें। इस तरीके से यह सही ढंग से पकता रहेगा और स्वाद में मिठास भी बनी रहेगी।
- रूम टेंपरेचर पर स्टोरेज- कच्चा या आधा पका हुआ पाइनएप्पल 2-3 दिनों तक रूम टेंपरेचर पर रखा जा सकता है।
- अगर पाइनएप्पल पूरी तरह से पक चुका है और आप इसे 4-5 दिनों से ज्यादा रखना चाहते हैं, तो इसे फ्रिज में रख सकते हैं। लेकिन इसे किसी पेपर बैग या प्लास्टिक बैग में लपेटकर रखें ताकि यह नमी न खोए।
2. कटे हुए पाइनएप्पल को स्टोर करने का सही तरीका-
- जब पाइनएप्पल को काट दिया जाता है, तो यह जल्दी ऑक्सिडाइज होकर खराब हो सकता है। इसलिए इसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है।
- एयरटाइट कंटेनर में रखें- कटे हुए पाइनएप्पल को एयरटाइट कंटेनर या जिप-लॉक बैग में बंद करके फ्रिज में रखें। इससे यह 4-5 दिनों तक ताजा रहेगा।
- नींबू का रस डालें– अगर आप पाइनएप्पल को थोड़ा ज्यादा समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो इसमें थोड़ा नींबू का रस डाल दें। इससे यह ऑक्सिडाइज नहीं होगा और ताजगी बनी रहेगी।
- सही तापमान पर रखें- कटे हुए पाइनएप्पल को 3-4 डिग्री सेल्सियस पर स्टोर करें, ताकि यह खराब न हो।
3. पाइनएप्पल को फ्रीजर में स्टोर करने का तरीका-
अगर आप पाइनएप्पल को महीनों तक ताजा रखना चाहते हैं, तो इसे फ्रीजर में स्टोर करना सबसे अच्छा विकल्प है।
फ्रीजर में स्टोर करने के स्टेप्स-
- पाइनएप्पल को छोटे टुकड़ों में काट लें।
- इसे बेकिंग ट्रे पर रखकर 2-3 घंटे के लिए फ्रीज करें, ताकि ये टुकड़े आपस में चिपके नहीं।
- फ्रीज किए हुए टुकड़ों को एक जिप-लॉक बैग या एयरटाइट कंटेनर में रखें।
- इस तरह स्टोर करने पर पाइनएप्पल 6-8 महीनों तक ताजा बना रहेगा।
इसे भी पढ़ें: मार्केट से ताजे और मीठे अनानास खरीदने के अमेजिंग ट्रिक्स
पाइनएप्पल को स्टोर करने में होने वाली गलतियां-
1. फ्रिज में बिना पैक किए रखना
अगर आप पाइनएप्पल को बिना किसी कवर या कंटेनर के फ्रिज में रखते हैं, तो यह नमी खो सकता है और सूख सकता है।
2. बहुत ज्यादा ठंडे तापमान पर रखना
पाइनएप्पल को 0 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर रखने से इसका टेक्सचर और स्वाद बदल सकता है।
3. कटे हुए पाइनएप्पल को बहुत दिनों तक रखना
कटे हुए पाइनएप्पल को 4-5 दिनों से ज्यादा स्टोर करना ठीक नहीं होता, क्योंकि यह खराब होने लगता है और इसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं।
अब ध्यान रखें कि अगर आप साबूत पाइनएप्पल रख रहे हैं तो उसे रूम टेंपरेचर पर 2-3 दिनों तक रखा जा सकता है। अगर पाइनएप्पल पूरी तरह से पका हुआ है, तो इसे फ्रिज में 4-5 दिनों तक रखा जा सकता है। साथ ही, पाइनएप्पल को काटकर हमेशा कांच के एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें।
अगर आप भी पाइनएप्पल को फ्रिज में रखते हैं, तो उसमें कुछ गलत नहीं है। बस सही टेंपरेचर का ध्यान रखें। हमें उम्मीद है कि यह जानकारी आपको पसंद आएगी। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों