भारत के कल्चरल कैपिटल के नाम से पहचाने जाना वाला शहर कोलकाता का इतिहास और संस्कृति बहुत समृद्ध है। इसे 'सिटी ऑफ जॉय' भी कहा जाता है। इस शहर में ऐसी कई जगह हैं, जहां का अलग ही महत्व है। आप पूरे शहर को काली-पीली टैक्सी में बैठकर घूम सकते हैं। कोलकाता की दुर्गा पूजा देश भर में लोकप्रिय है। यहां के मिष्ठान का तो जवाब भी नहीं। इस शहर में मौजूद ऐतिहासिक मॉन्यूमेंट्स, म्यूजियम, गैलरी कोलकाता के समृद्ध इतिहास को बताते हैं।
कोलकाता में घूमने के लिए बहुत कुछ है और इसी में कुछ ऐसे ऑफबीट डेस्टिनेशन भी हैं, जिनके बारे में लोग कम जानते हैं। अगर आप शहर से कुछ दूर छोटी ट्रिप प्लान करना चाहते हैं, तो कोलकाता के आसपास इन खूबसूरत जगहों की सैर कर सकते हैं। हम आपको ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप वीकेंड में जा सकते हैं।
कोलकाता के पास सबसे अच्छे पिकनिक स्पॉट में से एक, ताकी एक ऐसी जगह है, जो शहर से बस 65 किमी. की दूरी पर है। इसके आसपास जंगल और खेतों के कारण यह हरी-भरी जगह है। यहां इच्छामती नदी के किनारे आप पिकनिक मना सकते हैं। इस नदी के दूसरी छोर पर बांग्लादेश की सीमा शुरू होती है। इस क्षेत्र में आप जिन स्थानों की यात्रा कर सकते हैं उनमें मचरंगा द्वीप और गोलपाटा वन हैं। चूंकि यह एक खूबसूरत बॉर्डर टाउन है, तो इसलिए यहां प्रवेश के लिए आपके पास सरकारी आईडी जरूर होनी चाहिए। इसके अलावा यहां फेरी राइड्स करना एक अच्छा विकल्प है।
जूनपुट कोलकाता के पास कम भीड़-भाड़ वाली एक अन्य ऑफबीट जगह है, जो शांतिपूर्ण समय के लिए एकदम सही है। सामने साफ और सुंदर समुद्र और चारों ओर पाम के पेड़ देखकर लगेगा कि आप केरल या गोवा के किसी बीच में हैं। अगर आप मरीन लवर्स हैं, तो आपको बता दें कि इस क्षेत्र में एक मरीन बायोलॉजी म्यूजियम है, जहां आप एक्वेटिक लाइफ के बारे में बहुत कुछ जान सकते हैं। यहां एक मंदिर और सुंदर लाइटहाउस भी है, अगर आप चाहें तो वहां की सैर कर सकते हैं। अगर आप इस क्षेत्र में और घूमना और इसके बारे में और जानना चाहें, तो यहां से सिर्फ 10 किमी दूर सदियों पुराना जगन्नाथ देव मंदिर है।
इसे भी पढ़ें :वीकेंड को कुछ खास बनाने के लिए कोलकाता की इन जगहों पर घूमने पहुंचे
शहर की सुगबुगाहट से दूर शहर का एक छिपा हुआ रत्न है सोनाझुरी। इसे सबसे स्वच्छ वनों में से एक माना जाता है। यह जगह औद्योगीकरण से अछूती है और यहां आसपास आदिवासी जनजाती के लोग रहते हैं। जंगल के किनारे बहती प्राचीन नदी पूरे स्थान को और भी जादुई बना देती है। आप यहां हिरण, सियार, लोमड़ी, हाथी जैसे जानवरों के साथ रंग-बिरंगे पक्षी जैसे तोते, किंगफिशर, वुडपेकर और बत्तख देख सकते हैं। हर शनिवार यहां एक सुंदर मार्केट लगता है, जिसे सोनाझुरी हाट कहते हैं। आप यहां से सुंदर-सुंदर कपड़े, एक्सेसरीज, गिफ्ट आदि खरीद सकते हैं। इसके अलावा एक और चीज जिस वजह से यह जगह लोकप्रिय है वो यह कि यहां रबीन्द्रनाथ टैगोर ने बहुत समय बिताया है। यहां उनके नाम से एक आश्रम भी है, जहां उनकी लिपियों और कई चीजों को प्रदर्शन के लिए लगाया गया है।
इसे भी पढ़ें :कोलकाता में स्थित है कई हॉन्टेड प्लेस, हर जगह की है एक अलग कहानी
कोलकाता के पास एक और रोचक जगह, जो कंगसाबती डैम के किनारे है वो मुकुटमणिपुर है। पहाड़ियों और हरे-भरे जंगलों से घिरा यह स्थल पर्यटकों के लिए एकदम मुफीद है। प्रकृति प्रेमी और फोटोग्राफी का शौक रखने वालों के लिए यह अच्छा विकल्प है। रोमांच भरी शाम के लिए फेरी राइड ले सकते हैं। अक्टूबर से अप्रैल यहां घूमने का सही समय है। यहां आसपास कुछ मंदिर भी हैं, जिनके दर्शन आप कर सकते हैं। एक शानदार छुट्टी के लिए अपने दोस्तों या परिवार वालों के साथ बनाया जा सकता है।
आपने अब तक कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल, दक्षिनेश्वर मंदिर, हावड़ा ब्रिज, साइंस सिटी, कालीघाट जैसी लोकप्रिय जगहों के बारे में सुना होगा। अब आप कोलकाता के आसपास इन ऑफबीट डेस्टिनेशन का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
अब देर किस बात की, उठाइए अपनी गाड़ी और निकल पड़िए दोस्तों के साथ इन जगहों को एक्सप्लोर करने के लिए। उम्मीद है आपको इन जगहों के बारे में जानकर अच्छा लगा होगा। ट्रैवल से जुड़ी ऐसी अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: wikipedia, freepik & tripadvisor
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।