Fri Feb 13, 2026 | Updated 03:36 AM IST
image

Mahashivratri Vrat Niyam 2026: महाशिवरात्रि के व्रत में करें इन नियमों का पालन, भगवान शिव का मिलेगा आशीर्वाद और मिटेंगे सभी क्लेश

महाशिवरात्रि का व्रत भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने और जीवन के क्लेश दूर करने का अत्यंत प्रभावशाली पर्व माना जाता है। इस दिन उपवास, जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा करने के साथ व्रत के नियमों का पालन करना भी जरूरी माना जाता है। आइए जानते हैं महाशिवरात्रि व्रत के प्रमुख नियम, जिन्हें अपनाने से भोलेनाथ का पूर्ण आशीर्वाद मिल सकता है।
Editorial
Updated:- 2026-02-12, 18:51 IST

महाशिवरात्रि का पर्व पूर्ण रूप से भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दिन भक्तजन भगवान शिव की पूजा पूरी श्रद्धा से करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन शिव जी की पूजा अर्चना करने से उनका आशीर्वाद बना रहता है और भक्तों के जीवन में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई देता है। महाशिवरात्रि के पर्व को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के रूप में भी मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 15 फरवरी, रविवार को मनाई जाएगी और इसी दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करना अत्यंत फलदायी होगा। इस दिन लाखों की संख्या में भक्त उपवास करते हैं और शिव मंदिरों में दर्शन के लिए जाते हैं। इस व्रत के कुछ नियम भी बनाए गए हैं जिनका पालन अत्यंत जरूरी माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इन नियमों का पालन करते है व्रत करने से ही पूजा का पूर्ण फल मिलता है। ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें महाशिवरात्रि के व्रत और पूजा के नियमों के बारे में विस्तार से।

महाशिवरात्रि के दिन प्रातः जल्दी उठें

यदि आप महाशिवरात्रि का उपवास कर रही हैं तो ध्यान रखें कि इस दिन प्रातः जल्दी उठें और स्नान आदि से मुक्त होकर साफ वस्त्रों में भगवान शिव का पूजन करें। पूजा आरंभ करने से पूर्व व्रत का संकल्प लें और पूरे दिन व्रत का पालन करें। इस तरह पूरे दिन व्रत का पालन करने के बाद आप शिव जी की पूजा करें और शिवलिंग का जलाभिषेक करें।

offering milk to lord shiva

शिवलिंग पर जल और कच्चा दूध चढ़ाएं

व्रत रखने वाले भक्तों को महाशिवरात्रि के दिन शिवलिंग की पूजा जरूर करनी चाहिए और इस दौरान आपको शिवलिंग पर कच्चा दूध और जल चढ़ाने की सलाह दी जाती है। यदि आप व्रत न भी करें तब भी शिवलिंग पर जल चढ़ाना महाशिवरात्रि के दिन अत्यंत शुभ माना जाता है।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव पर राशि अनुसार चढ़ाएं ये चीजें, सदैव बनी रहेगी भोलेनाथ की कृपा

महाशिवरात्रि के दिन किसी जरूरतमंद को न सताएं

यदि आप व्रत करती हैं तो महाशिवरात्रि के दिन किसी को भी न सताएं। कोशिश करें कि आप इस दिन अच्छे काम करें और जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता की चीजों का दान करें। व्रत के दौरान मन में किसी के प्रति क्रोध या द्वेष की भावना नहीं लानी चाहिए।

महाशिवरात्रि पर ब्रह्मचर्य का पालन करें

महाशिवरात्रि का व्रत रखने वाले लोगों को पूरे दिन ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए। यदि आप इस दिन उपवास न भी रखें तो आपको इस दिन तामसिक भोजन ग्रहण नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति महाशिवरात्रि के दिन मांस या मदिरा का सेवन करता है तो उसकी पूजा अस्वीकार्य मानी जाती है और उसे पूजा का पूर्ण फल भी नहीं मिलता है।

महाशिवरात्रि पर फलाहार का सेवन करें

महाशिवरात्रि का व्रत करने वाले लोगों को पूरे दिन फलाहार का सेवन करना चाहिए और भोजन में सात्विक चीजों को ही शामिल करना चाहिए। यही नहीं इस दिन आपको भोजन में नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। यदि संभव न हो तो सेंधा नमक को भोजन में शामिल किया जा सकता है।

lord shiva puja

यदि अनजाने में व्रत खंडित हो जाए तो क्या करें

कई बार किसी कारणवश व्रत टूट जाता है, ऐसे में परेशान होने के बजाय आपको महादेव से क्षमा याचना करनी चाहिए और पूजन आरंभ रखना चाहिए। यदि आप इस दिन चार पहर की पूजा करती हैं तो आपको व्रत खंडित होने के बाद भी पूजा जरूर करनी चाहिए। ऐसा करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और व्रत का पूर्ण फल भी मिलता है।

रात्रि जागरण करना शुभ माना जाता है

महाशिवरात्रि के दिन भक्तों को रात्रि जागरण करने की सलाह दी जाती है। ऐसा कहा जाता है कि व्रती लोगों को इस दिन जागरण करते हुए भगवान शिव के भजन कीर्तन करने चाहिए और शिव मंत्रों का जाप करना चाहिए। ऐसा करने से आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रहेगी और भोलेनाथ का आशीर्वाद मिलेगा।

यदि आप महाशिवरात्रि का व्रत करती हैं तो आपको इसके नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है, जिससे जीवन में सकारात्मक प्रभाव मिलें। 
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसे ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock.com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।

;