
यूं तो हर एक नया दिन नई उम्मीद लेकर आता है, लेकिन बहुत ही अफसोस और शर्मिंदगी के साथ मुझे ये लिखा पड़ रहा है कि हमारे देश में हर नया दिन रेप और दरिंदगी की एक नई खबर लेकर आता है। हर नए दिन के साथ या यूं कहूं हर घंटे या हर कुछ मिनटों में कहीं न कहीं कोई लड़की अपनी इज्जत को बचाने की लड़ाई लड़ रही होती है। आंकड़ों की मानें तो हमारे देश में हर 1 घंटे में 3 महिलाएं रेप का शिकार होती हैं और हर दिन आने वाली खबरें इन आंकड़ों पर मुहर लगाती हैं। हाल ही में हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। यहां 5 लोगों ने सुनसान ढाबे पर एक महिला का रेप किया। बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक हाईवे पर टीकरी बॉर्डर के पास एक महिला के साथ पांच लोगों ने गैंगरेप किया। इससे पहले मथुरा और पूर्णिया से भी हैवानियत के झकझोर देने वाले मामले सामने आए हैं। इस तरह की घटनाएं यूं तो कई सवाल खड़े करती हैं, लेकिन उनमें सबसे बड़ा सवाल जो मेरे मन में उठता है, वो ये है कि क्या हमारे देश में महिला होना एक सजा बन गया है?

हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक महिला के साथ सुनसान ढाबे पर महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला की उम्र 42-45 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि 5 आरोपियों ने पहले उस बस का पीछा किया, जिसमें महिला सवार थी और फिर उसे खींचकर पास के एक ढाबे पर ले गए, जहां उसके साथ गैंगरेप किया। पूरी घटना ढाबे के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांनपुर जिले की पीड़िता काम की तलाश में हरियाणा आई थी और वहां उसके साथ ये दर्दनाक वारदात हुई।

पूर्णिया से भी कुछ दिन पहले एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दरिंदों ने एक लड़की के साथ वहशीपन की हद पार कर दी। बिहार के पूर्णिया में छह लोगों ने पहले एक लड़की को जबरदस्ती कार में बैठाया, उसे जबरन शराब पिलाई और फिर एक-एक करके उसके साथ रेप किया। पीड़िता अपने परिवार का पेट पालने के लिए ऑर्केस्ट्रा में काम करती थी, लेकिन फिलहाल वो अस्पताल में जिंदगी की लड़ाई लड़ रही है। घटना के बाद पांच आरोपी वहां से भाग गए थे, लेकिन छठा आरोपी जुनैद वहीं था। पीड़िता ने गंभीर स्थिति में उसी के मोबाइल से पुलिस को फोन किया और अपनी लोकेशन और आपबीती बताई। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पीड़िता लहूलुहान हालत में थी और आरोपी वहीं सो रहा था। अब तक पुलिस से इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
पिछले 72 घंटों में ये तीसरा मामला यूपी के मथुरा से सामने आया है। यहां एक चार-पांच साल की बच्ची संग गांव के ही एक किशोर ने रेप किया। बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने किशोर ने इसे नौहरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
-1768501523177.jpg)
अगर ज्यादा दूर न जाएं और सिर्फ पिछले 72 घंटों की ही बात करें, तो ऊपर के तीनों मामले झकझोर कर रखने वाले हैं। ये तो सिर्फ 3 मामले हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ही न जाने और भी कितनी ऐसी घटनाएं हुई होंगी, जो शायद रिपोर्ट ही नहीं हो पाईं, कहीं डर के मारे पीड़िता शिकायत दर्ज नहीं करवा पाई होगी, तो कहीं घर के अंदर ही वो दरिंदे होंगे, जिन्होंने किसी लड़की की आबरू को तार-तार किया होगा और रिश्तों की मर्यादा का मजाक बनाया होगा। पता नहीं हर दिन न जाने कितनी लड़कियां अपनी इज्जत को बचाने के लिए लड़ाई लड़ती हैं...कितनी लड़कियां डर के मारे घर से नहीं निकल पाती हैं तो कितनी बच्चियां जिन्हें रेप शब्द का मतलब तक नहीं मालूम, वो इस दर्द को झेलती हैं। आखिर कब हमारी सोच बदलेगी...कितनी और बेटियों के बाद शायद कुछ बदलेगा....जवाब शायद नहीं है और कभी होगा या नहीं, वो भी नहीं पता।
मैं न चाहते हुए भी ये लिखने को मजबूर हूं कि सिर्फ उम्र, जगह और चेहरे बदल रहे हैं, लेकिन बेटियों की सुरक्षा बस एक मजाक बन गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए दिन ऐसी खबरें सामने आती रहती हैं और मानों चीख-चीखकर हमसे सवाल करती हैं कि क्या यही है वो देश जहां नारी सम्मान के दावे किए जाते हैं, जहां देवी को पूजना अपनी संस्कृति बताया जाता है। ऐसे मामलों के बारे में लिखने के बाद और एक लड़की होने के नाते, इन सवालों पर मेरा तो सिर शर्म से झुक जाता है। शायद सच्चाई से नजरें मिला पाने की हिम्मत मुझमें नहीं है।
Image Courtesy: Shutterstock, Freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।