सुहाना सफर और ये मौसम हंसी... रोड ट्रिप करते हुए बहुत बार इस तरह के गाने मन में आते हैं। रोड ट्रिप्स के दौरान ना सिर्फ खूबसूरत रास्ते दिखते हैं, बल्कि कई बार इन रास्तों पर मौजूद कई रोचक चीजें भी दिखती हैं। जैसे सड़क के किनारे लगे पेड़। अब आप पूछेंगे कि सड़क के किनारे लगे पेड़ों में आखिर ऐसी क्या खास बात है जिससे ये खास लगें? दरअसल, सड़कों के किनारे मौजूद कई पेड़ सफेद रंग में रंग दिए जाते हैं। खासतौर पर हाईवे या शहर से बाहर जाने वाले रास्तों में ऐसा होता है।
क्या कभी आपके दिमाग में ये सवाल आया है कि ऐसा किया क्यों जाता है? दरअसल, इस तरह से पेड़ों को रंगने के पीछे दो साइंटिफिक कारण हैं। तो चलिए आज आपको बताते हैं इस बारे में कुछ बातें।
किस चीज से रंगे जाते हैं ये पेड़?
सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि पेड़ों में अगर ऑयल पेंट लगा दिया जाए तो इससे वो खराब हो सकते हैं। उनकी ग्रोथ परऑयल पेंटका असर पड़ सकता है। इसलिए इन्हें कभी भी पेंट से नहीं रंगा जाता है। सड़क किनारे मौजूद पेड़ों को हमेशा चूने से रंगा जाता है। सफेद रंग के ऊपर लाल पट्टी भी चूना और रंग ही होता है। जितना चूना मिलाया जाता है उससे काफी ज्यादा पानी मिलाया जाता है जिससे पेड़ की ग्रोथ पर किसी तरह का असर ना पड़े।
इसे जरूर पढ़ें- Highway, Freeway और Expressway के बीच क्या है अंतर? जानिए
आखिर क्यों चूने से रंगे जाते हैं पेड़?
सफेद चूने की वजह से पेड़ों को गर्मियों के मौसम में राहत मिलती है। Cornell University की एक रिसर्च मानती है कि चूना पेड़ों को सीधी धूप की किरणों से बचाता है। अगर कुछ नई पत्तियां उग रही हैं या पेड़ कमजोर है तब तो चूना काफी लाभदायक हो सकता है। इससे गर्म मौसम में पेड़ में कीड़े भी नहीं लगते हैं। नीचे की ओर से कीड़े चढ़कर पेड़ को पूरी तरह से खोखला कर सकते हैं। यही कारण है कि चूना लगाया जाता है। (घर की छतों को क्यों रंगा जाता है सफेद)
सड़क किनारे लगे पेड़ों को चूने से रंगने का कारण
पेड़-पौधों पर चूना क्यों लगाया जाता है इसके बारे में तो आपको पता चल गया, लेकिन क्या आपको पता है कि सड़क किनारे लगे पेड़-पौधों को आखिर चूने से क्यों रंगा जाता है? दरअसल, रात में रास्ता दिखाने का काम ये चूना ही करता है। जिन जगहों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होती है वहां पर पेड़-पौधों में चूना लगा दिया जाता है। ऐसे में गाड़ियों की लाइट पड़ते ही ये रिफ्लेक्ट करता है। इससे ड्राइविंग करने वाले को रात में रास्ता देखने में आसानी हो जाती है।
इसे जरूर पढ़ें- हाईवे पर सफर करने जा रही हैं तो रखें इन बातों का ध्यान
अधिकतर हाईवे के पेड़ों को रंगा जाता है। जंगलों के बीच भी जो पेड़ होते हैं उनपर चूना लगाया जाता है। बारिश के सीजन में भी ये चूना काफी असरदार साबित होता है। पेड़-पौधों को ये फंगस से बचाता है। यही कारण है कि इसे एकदम नीचे से तने तक लगाया जाता है।
क्या आपको इस फैक्ट के बारे में पता था? अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो वो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों