पीजी या हॉस्टल में रहने वालों की दुनिया बहुत ही अनोखी होती है। हंसते-खेलते घर से दूर घर जैसा माहौल मिल जाए तो बात ही कुछ और होती है। पर कई बार गर्ल्स हॉस्टल में कुछ ऐसी चीजें भी होती हैं जिनके बारे में सुनकर शायद आप चौंक जाएं। आए दिन गर्ल्स हॉस्टल और पीजी से जुड़ी खबरें सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों में वायरल होती रहती हैं।
अपनी खास 'सीक्रेट कन्फेशन सीरीज' के तहत हम आप तक अलग-अलग लोगों के कन्फेशन पहुंचाते हैं। हमने गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली कई लड़कियों से बात की और उन्होंने अपने साथ हुई अलग-अलग घटनाओं का जिक्र किया।
बैतूल मध्यप्रदेश में रहने वाली संध्या ने हमसे इस किस्से के बारे में बात की है। संध्या का कहना है कि गर्ल्स हॉस्टल में सबसे कॉमन चीज जो चोरी होती है वो है अंडरगार्मेंट्स। उनके अनुसार, "हॉस्टल में रहने जाने के तीन दिन के अंदर पहले मेरी ब्रा चोरी हो गई। मुझे लगा कि मैंने ही कहीं रख दी है जो मिल नहीं रही, लेकिन थोड़ी दिनों में पैंटी का सेट अलमारी से ही गायब हो गया। ऐसा लग रहा था कि कोई खासतौर पर टारगेट कर रहा है। मैंने अपनी अलमारी में ताला लगाना शुरू कर दिया। पर कुछ दिनों में वही ब्रा मुझे कैंची से कटी हुई छत पर मिली। यह देखकर थोड़ा डर लगा। लड़कियों ने पहले भी बताया था कि इस हॉस्टल में ऐसा होता है।"
संध्या ने एक महीने के अंदर ही वो हॉस्टल छोड़ दिया। उन्हें वहां सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा था।
इसे जरूर पढ़ें - 5 दुल्हनों ने शेयर किए शादी वाले दिन से जुड़े कुछ Secret Confession
गर्ल्स पीजी में सुरक्षा के इंतजाम होते हैं, लेकिन अगर कमरे के अंदर ही सुरक्षा ना हो तो? ऐसा ही एक मामला भोपाल की मेघना के साथ हुआ। मेघना इंजीनियरिंग स्टूडेंट थीं जब वो एक प्राइवेट पीजी में रहा करती थीं। मेघना ने अपनी रूममेट के बारे में बताते हुए कहा, "मेरी रूममेट रिलेशनशिप में थी तब उसका ब्वॉयफ्रेंड अक्सर पीजी आता था। एक बार उसने रात में कमरे का दरवाजा ही खोल दिया। वो लड़का कमरे में आ गया और मैं बहुत ही डर गई। मैंने इसके बारे में अगले दिन उससे बात की और शिकायत की तो उसने मुझे ही धमकाना शुरू कर दिया।"
जैस्मिन उसके बाद उस पीजी में नहीं रहीं और उन्होंने अपने कॉलेज का पीजी चुन लिया।
नोएडा सेक्टर 19 के पीजी की यह घटना है। जिस लड़की ने हमसे इसे साझा किया है उसने नाम ना बताने की शर्त पर यह बात बताई है। उनका कहना है, "मेरा रूम छत की तरफ था। जब मैं सोकर उठी और कमरे का दरवाजा खोला तब छत पर हमारे पड़ोसी खड़े हुए थे। लुंगी और बनियान पहने वो हमारी छत पर अजीब तरह से टहल रहे थे। इससे पहले कि मैं कुछ बोलती वो छलांग लगाकर अपनी छत पर चले गए। मैंने अपने पीजी ओनर को बताया और उन्होंने इसके बारे में बात की तो पड़ोसी का कहना था कि उनका कुछ सामान हमारी छत पर गिर गया था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। ना ही उनके पास कोई सामान था और ना ही छत पर कुछ गिरा हुआ दिखा। जिस कमरे में लड़कियां रहती हैं उसके आस-पास ऐसी अवस्था में घूमना बहुत गलत है।"
मुंबई की चित्रा के साथ एक बहुत ही अलग एक्सपीरियंस हुआ। मुंबई में सस्ते में पीजी या हॉस्टल ढूंढना बहुत ही मुश्किल है और अगर आपको यह नहीं मिलता है तो आपको दिक्कत महसूस हो सकती है। चित्रा ने बहुत ढूंढने के बाद एक पीजी पसंद किया था। चित्रा ने बताया, "एक दिन मैं ऑफिस से वापस आई तो देखा कि वॉचमैन मेरे कमरे के बाहर खड़ा है। उसने कहा कोई इंस्पेक्शन करना है। कमरा खोलते ही मैंने टेबल पर बैग रखा और तब तक वॉचमैन मेरे बेड पर जाकर बैठ गया। मुझे बहुत ही अजीब लगा और फिर लगभग लेटते हुए मुझे यह समझाने लगा कि इस पीजी की सुरक्षा के लिए वह कितना जिम्मेदार है। उसी शाम मैंने पीजी ओनर से वॉचमैन की शिकायत कर दी और उसे निकाल दिया गया, लेकिन उसके बाद उसने गली में घूमना शुरू कर दिया और मुझे पुलिस का सहारा लेना पड़ा।"
कुछ समय के बाद चित्रा ने उस पीजी को छोड़ दिया।
इसे जरूर पढ़ें - 'मेरा देवर करता है अजीब से कमेंट...', शादी के पहले साल में 5 महिलाओं ने शेयर किए Confessions
नोएडा में रहने वाली प्रेरणा ने सेक्टर 27 के एक पीजी की बात बताई। प्रेरणा ने कहा, "हमारे वॉशरूम की दीवार में एक झरोंखा था। वो नॉर्मल हाइट से थोड़ा ऊपर था और कवर्ड नहीं था पर कभी उस पर ध्यान नहीं दिया। मैं वॉशरूम यूज करने गई तब ध्यान दिया कि उसमें से नौकर झांक रहा था। मैंने आनन फानन में कपड़े संभाले और ओनर को जाकर इसके बारे में बताया। मैंने पुलिस से शिकायत करने की सोची तो ओनर ने रोक दिया। ओनर ने उस नौकर को पीट कर बाहर निकाल दिया और खिड़की को कवर करवा दिया, लेकिन उसके बाद से कभी भी मैंने वहां सुरक्षित महसूस नहीं किया।"
गर्ल्स पीजी में इस तरह की बातें होती हैं, तो लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो जाता है। अगर ऐसा कुछ आपके साथ हो, तो तुरंत अथॉरिटीज से बात करें।
अगर आप भी अपना कोई सीक्रेट कन्फेशन भेजना चाहती हैं, तो [email protected] पर भेज सकती हैं।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।