तमिल और तेलुगु फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु के बारे में तो आप जानते ही होंगे। 28 अप्रैल 1987 को पैदा हुई समांथा साउथ इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा पेमेंट पानी वाली एक्ट्रेसेस में से एक हैं। समांथा की कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म की तरह ही है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी। उनके पास कॉमर्स की डिग्री भी है और साथ ही साथ कई सारे अवॉर्ड्स भी उन्होंने जीते हैं। 'ये माया चेसावे (2010)' के साथ डेब्यू करने के बाद उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू-साउथ का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला था।
समांथा पहली ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्हें बेस्ट एक्ट्रेस फिल्मफेयर साउथ-तमिल और फिल्मफेयर- तेलुगु मिला है। ये भी एक ही साल में। समांथा ने टॉक शो 'सैम जैम' भी होस्ट किया है। वो प्रत्यूषा सपोर्ट और साकी वर्ल्ड की फाउंडर भी हैं। समांथा ने हाल ही में 'द फैमिली मैन (2021)' में दमदार नेगेटिव रोल किया है। उनकी एक्टिंग को सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी मिला है।
समांथा की शुरुआती जिंदगी
समांथा का जन्म चेन्नई, तमिलनाडु में हुआ था। उनके पिता जोसफ प्रभु तेलुगु हैं और उनकी मां नेनेट प्रभु मलयालम मूल की हैं। उनके परिवार में उनसे बड़े दो भाई हैं जोनाथन और डेविड। उनका बैकग्राउंड मिक्स है, लेकिन वो खुद को तमिलियन मानती हैं। वो तमिल और तेलुगु में फ्लूएंट हैं। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने होली एंजेल्स एंग्लो इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल से की थी। इसके बाद चेन्नई के ही स्टेला मैरिस कॉलेज से उन्होंने ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन पूरा करने से पहले ही वो मॉडलिंग में शामिल हो गई थीं। नायडू हॉल के साथ काम करते हुए समांथा को फिल्म मेकर रवि वर्मन ने देखा। यहीं से शुरू हुआ उनका फिल्मी सफर।
इसे जरूर पढ़ें- सामंथा रुथ प्रभु का घर नहीं है किसी महल से कम, देखे इनसाइड फोटोज
समांथा का डेब्यू और पहली हिट
समांथा ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत तेलुगु फिल्म 'ये माया चेसावे' से ही की थी। इसी फिल्म को तमिल में दूसरे नाम से रिलीज किया जा रहा था। फिल्म मेकर गौतम वासुदेव मेनन और कंपोजर ए आर रहमान पहली बार साथ आ रहे थे इसलिए ये दोनों ही फिल्में काफी चर्चित हो गई थीं। इस फिल्म में समांथा के साथ नागा चैतन्य भी थे जो बाद में उनके पति बने।
इस फिल्म के लिए समांथा को बहुत तारीफ मिली और उनकी परफॉर्मेंस को क्रिटिक्स ने भी पसंद किया। समांथा अपने डेब्यू के साथ ही साउथ की सबसे बड़ी एक्ट्रेसेस में से एक बन गई थीं। उनकी परफॉर्मेंस के दम पर ही उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया। इसी के साथ, उन्हें नंदी स्पेशल जूरी अवॉर्ड भी मिला था। समांथा का मेनन और रहमान के साथ कॉन्ट्रीब्यूशन चलता रहा और उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो में साथ में काम किया।
इसके बाद से ही समांथा बिग बजट तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम करने लगीं। 2010 में डेब्यू के बाद 2012 में उनकी फिल्म 'डोकुडु' रिलीज हुई जिसमें उनके साथ महेश बाबू भी थे। यह तेलुगु सिनेमा की सबसे सफल फिल्म साबित हुई। हालांकि, समांथा का रोल इसमें ज्यादा नहीं था, लेकिन वो अपने छोटे से रोल से भी एक मार्क स्थापित करने में सफल रहीं।
उनकी लोकप्रियता के कारण तमिल फिल्म 'नाडुंनिसी नाग्याल' को तेलुगु में डब किया गया हालांकि, इस फिल्म में समांथा का सिर्फ गेस्ट रोल था फिर भी उन्हें पोस्टर में जगह दी गई।
समांथा के करियर का टर्निंग प्वाइंट थी 'एगा', एस.एस.राजामौली की लाइव एक्शन फिल्म जिसने धूम मचा दी। इस फिल्म में मुख्य किरदार एक मक्खी थी और इसलिए समांथा को अपनी कल्पना के आधार पर ही काम करना था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान कई सीजीआई और लाइट्स के कारण उन्हें स्किन बर्न भी हुए। यह फिल्म 'नान ये' नाम से तमिल में भी रिलीज हुई थी। बिलियन्स में कमाई के बाद आज तक भी ये समांथा की सबसे सफल फिल्में हैं।
2014 आते-आते समांथा बहुत ही बड़ी फिल्मों में काम करने लगीं और इसी साल उन्हें तमिल फिल्म 'कत्थी' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड नॉमिनेशन मिला। समांथा ने अपनी पहली वुमन सेंट्रिक फिल्म 'यू-टर्न' भी की। 2019 आते-आते उन्होंने अपनी फिल्मों और रोल्स के साथ एक्सपेरिमेंट करना शुरू कर दिया। उन्हें अपने कैरेक्टर्स पर बहुत ध्यान देना था। 2022 में उन्होंने तेलुगु फिल्म 'यशोदा' की है। इस फिल्म में भी उनकी एक्टिंग को सराहा गया।
इतना ही नहीं, समांथा कई म्यूजिक वीडियो और गानों में भी देखी गई हैं। 'पुष्पा' फिल्म में उनका गाना 'ऊ अंटावा ओ ओ अंटावा' बहुत चर्चित है। इसी के साथ, ओटीटी में भी वो अपनी अच्छी पकड़ बना चुकी हैं।
समांथा की पर्सनल लाइफ
समांथा की फिल्मी लाइफ और स्टारडम जितना आगे बढ़ता चला जा रहा है उतनी ही मुश्किलों भरी उनकी निजी जिंदगी भी रही है। शुरुआती दौर में जब वो काम की तलाश कर रही थीं तब वो एक ही वक्त का खाना खाया करती थीं। इसका खुलासा उन्होंने 'कॉफी विद करण' के एक एपिसोड में किया था। इतना ही नहीं, उनके माता-पिता के पास हायर एजुकेशन के पैसे भी नहीं थे पर उसके बावजूद उन्होंने 12वीं में टॉप किया था।
2012 में समांथा अपनी स्किन डिजीज के कारण दो बड़ी फिल्में गंवा बैठी थीं। उन्हें एक इम्युनिटी डिसऑर्डर है जिसके कारण एंटीबायोटिक ने उनके शरीर पर ठीक तरह से रिस्पॉन्ड नहीं किया। 2010 में ही पहली फिल्म के बाद उन्होंने नागा चैतन्य को डेट किया। 7 साल डेटिंग के बाद दोनों ने 29 जनवरी 2017 को सगाई की। दोनों की शादी 6 और 7 अक्टूबर को हिंदू और क्रिश्चियन रिवाजों के हिसाब से हुई थी। समांथा अक्किनेनी फैमिली की सदस्य बन गईं और उसके बाद समांथा अक्किनेनी नाम उन्होंने ले लिया।
31 जुलाई 2021 को समांथा ने अक्किनेनी सरनेम अपनी प्रोफाइल से हटा दिया जिसने तलाक की खबरों को जन्म दिया। 2 अक्टूबर 2021 को समांथा और नागा ने अपने तलाक की घोषणा कर दी थी।
28 सितंबर 2020 को समांथा वुमन क्लोदिंग ब्रांड साकी वर्ल्ड की फाउंडर बनीं। जून 2022 में समांथा अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से इनएक्टिव हो गईं। उन्होंने 29 अक्टूबर 2022 को घोषणा कर दी कि उन्हें डर्माटोमोसिटिस (dermatomyositis) हो गया है।
समांथा कई सोशल एक्टिविटीज से भी जुड़ी हुई हैं। प्रोडक्ट लॉन्च, एंडोर्समेंट्स, इनॉगरेशन इवेंट्स के जरिए होने वाली उनकी कमाई का एक हिस्सा चैरिटेबल ट्रस्ट प्रत्यूषा सपोर्ट को भी जाता है। यह ट्रस्ट 2012 में रजिस्टर हुआ था। उन्होंने इस प्राइवेट संस्थान की स्थापना की क्योंकि वो 15 दिनों तक अपनी बीमारी के चलते बेड रेस्ट पर थीं। वो समाज को अपनी कमाई का हिस्सा देना चाहती थीं। 2015 में समांथा ने प्रति वीक एक नवजात के अस्पताल बिल का एक तिहाई हिस्सा देने की घोषणा की। ऐसा बच्चा जिसे आईसीयू की जरूरत है और आंध्र प्रदेश के अस्पतालों में उनके चैरिटेबल ट्रस्ट के जरिए एडमिट हुआ है। इसके अलावा भी समांथा कई चैरिटी का हिस्सा हैं।
इसे जरूर पढ़ें- कभी एक वक्त की रोटी से गुजारा करती थीं Samantha Ruth, नहीं थे हायर एजुकेशन के पैसे
समाथा को मिले टाइटल
समांथा को फिल्मी अवॉर्ड्स के अलावा कई टाइटल भी मिल चुके हैं। 2019 और 2020 में उन्हें टाइम्स मोस्ट डिजायरेबल वुमन की लिस्ट में 17वें और 34वें स्थान पर रखा गया था। मार्च 2022 में समांथा साउथ की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एक्ट्रेस बन गई थीं। उनके पहले सिर्फ नयनतारा का नाम ही था।
समांथा प्रभु का नेट वर्थ
जूम और फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक समांथा का नेट वर्थ 89 करोड़ के लगभग है। उनके पास हैदराबाद की जुबली हिल के अन्न पूर्णा स्टूडियो में एक बड़ा घर भी है। इसी के साथ, उन्होंने मुंबई में एक 15 करोड़ का बंगला भी खरीदा है।
समांथा की प्रति फिल्म फीस 3.5 करोड़ से 4 करोड़ रुपये तक है। वो केमियो और डांस नंबर के लिए भी काफी पैसा चार्ज करती हैं। एक रिपोर्ट मानती है कि समांथा ने 'पुष्पा' फिल्म के आइटम नंबर के लिए भी 5 करोड़ रुपये चार्ज किए थे।
समांथा को जूतों का भी बहुत शौक है। वो हमेशा लग्जरी ब्रांड्स के महंगे जूते पहने स्पॉट की जाती हैं। एक इवेंट में समांथा ने मनोलो ब्लाहनिक की हील्स पहनी थी जिसकी कीमत 1 लाख रुपये के आस-पास थी। इन हील्स में स्वारोवस्की क्रिस्टल भी जड़े हुए थे।
समांथा के पास ऑडी क्यू7 और पोर्शे कैमैन जीटीएस सहित कई गाड़ियां हैं। उनके पास एक मर्सिडीज बेंज जी63 भी है जिसकी कीमत 2.55 करोड़ रुपये है। उनकी क्लोदिंग लाइन साकी भी करोड़ों की है।
समांथा एक बेमिसाल अदाकारा हैं और उतनी ही अच्छी इंसान भी हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों