मौनी अमावस्या हिंदू धर्म में एक अत्यंत महत्वपूर्ण तिथि मानी जाती है, जो विशेष रूप से पूजा-पाठ, दान-पुण्य और ज्योतिषीय उपायों के लिए महत्वपूर्ण है। मौनी अमावस्या हर साल माघ महीने की अमावस्या तिथि को मनाई जाती है। इस दिन को लेकर मान्यता है कि यदि कोई व्यक्ति इस दिन मौन व्रत का पालन करता है और भगवान का ध्यान करता है उसे सभी कष्टों से मुक्ति मिल सकती है। यही नहीं इस दिन यदि कोई व्यक्ति पवित्र नदियों में स्नान करता है, तो उसे पुण्य की प्राप्ति होती है और उसकी सभी मानसिक और शारीरिक समस्याएं दूर हो सकती हैं। ज्योतिष के अनुसार, मौनी अमावस्या के दिन विशेष ध्यान और साधना से जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। इस दिन किए गए व्रत और दान से व्यक्ति के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है। इस साल मौनी अमावस्या 29 जनवरी को मनाई जाएगी और इस साल महाकुंभ की वजह से इस दिन का महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। यदि आप इस साल मौनी अमावस्या के दिन अपनी राशि को ध्यान में रखते हुए कुछ विशेष उपाय आजमाएंगे तो आपके जीवन में समृद्धि आएगी। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें इन उपायों के बारे में।
मेष राशि
मेष राशि के लोग यदि मौनी अमावस्या के दिन हनुमान जी की पूजा करें और उन्हें नारंगी सिंदूर अर्पित करें तो उनके लिए शुभ फलदायी हो सकता है। इसके साथ ही इस दिन यदि आप गुड़ और चने का दान करें या किसी मंदिर में हनुमान जी को अर्पित करें तो ये भी लाभदायक होगा । यह उपाय आपके जीवन से बाधाओं को दूर करेगा और आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाएगा।
वृषभ राशि
मौनी अमावस्या के दिन यदि आप माता लक्ष्मी की पूजा करेंगे और उन्हें कमल का फूल अर्पित करेंगे तो आपके जीवन में आने वाले कई बाधाएं दूर हो सकती हैं। इसके साथ ही आप इस दिन जरूरतमंदों को वस्त्र और धन का दान करें। इस दिन माता लक्ष्मी की पूजा करना आपके लिए शुभ हो सकता है।
इसे जरूर पढ़ें: Mauni Amavasya 2025: कब है मौनी अमावस्या? जानें पूजा मुहूर्त और महत्व
मिथुन राशि
यदि आप मौनी अमावस्या के दिन भगवान विष्णु की पूजा करें और उन्हें प्रसाद के साथ तुलसी के पत्ते अर्पित करें, तो आपकी सभी मनोकामनाओं की पूर्ति हो सकती है। इस दिन यदि आप गरीबों को भोजन और वस्त्र दान करें तो आपके जीवन में इसके लाभ हो सकते हैं। इस उपाय से न केवल आर्थिक लाभ होगा बल्कि आपको कार्यक्षेत्र में भी सफलता मिलेगी।
कर्क राशि
मौनी अमावस्या के दिन यदि आप शिवलिंग पर जल और दूध अर्पित करेंगे तो आपके जीवन में खुशहाली बनी रहेगी। इस दिन आप जरूरतमंदों को चावल और चीनी का दान दें। आप सफ़ेद वस्त्रों का दान भी दे सकते हैं। इस उपाय से आपको मानसिक शांति मिलने के साथ धन लाभ के योग भी बनते हैं।
सिंह राशि
सिंह राशि के लोग यदि मौनी अमावस्या के दिन सूर्य को अर्घ्य देते समय उसमें थोड़ा गुड़ मिलेंगे और और जरूरतमंदों को गुड़ और गेहूं का दान करेंगे तो उन्हें इसका लाभ मिल सकता है। यदि आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है तो इस उपाय से धन के मार्ग खुल सकते हैं। आपको सूर्य को अर्घ्य देते समय आदित्य ह्रदय स्त्रोत का पाठ भी करना चाहिए।
कन्या राशि
कन्या राशि के लोग यदि मौनी अमावस्या के दिन भगवान गणेश की पूजा करेंगे और उन्हें दूर्वा चढ़ाएंगे तो इसके लाभ मिलेंगे। इस दिन आपको हरी चीजों का दान करने की सलाह दी जाती है। यही नहीं यदि आप इस दिन गाय को हरा चारा खिलाती हैं तो इसके पूर्ण लाभ मिल सकते हैं। कन्या राशि के लोगों को मौनी अमावस्या के दिन हरे वस्त्र पहनने की सलाह दी जाती है।
तुला राशि
तुला राशि के लोग यदि मौनी अमावस्या के दिन माता दुर्गा की पूजा करेंगे और दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे तो उन्हें कई समस्याओं का समाधान खोजने में मदद मिल सकती है। आप माता दुर्गा को लाल चुनरी चढ़ाएं और जरूरतमंदों को वस्त्रों का दान करें। यह उपाय आपके जीवन में समृद्धि और शांति लाएगा।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लोगों को मौनी अमावस्या के दिन शनि देव की पूजा करने की सलाह दी जाती है और यदि आप इस दिन शनि मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं तो आपको इसके दोगुने लाभ मिल सकते हैं। इस दिन आपको काले तिल और लोहे के सामान का दान करने की सलाह दी जाती है। यह उपाय आपको शनि के प्रकोप से भी बचाने में मदद करता है।
धनु राशि
मौनी अमावस्या के दिन यदि आप भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी का पूजन भी करेंगे तो आपको इसके लाभ मिल सकते हैं। आप इस दिन विष्णु पूजन के समय पीले वस्त्र धारण करें और जरूरतमंदों को पीले वस्त्र ही दान में दें। इन उपायों से आपके जीवन में खुशहाली बनी रहेगी।
मकर राशि
मौनी अमावस्या के दिन मकर राशि के लोग यदि शिवलिंग पर काले तिल और जल अर्पित करें तो इसके बहुत से लाभ हो सकते हैं। इस दिन आपको उड़द दाल का दान करने की सलाह दी जाती है। यह उपाय आपके जीवन से नकारात्मक ऊर्जा को दूर करेगा और आर्थिक समृद्धि लाने में मदद करेगा।
कुंभ राशि
मौनी अमावस्या के दिन विधि पूर्वक भगवान कृष्ण की पूजा करें और उन्हें माखन मिश्री का भोग लगाएं। यदि आप इस दिन जरूरतमंदों को अन्न और वस्त्रों का दान करेंगे तो आपके जीवन में खुशहाली बनी रहेगी। इन उपायों से आपकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी बनी रहेगी।
मीन राशि
मौनी अमावस्या के दिन यदि आप सफ़ेद चीजों का दान करें जैसे चावल और दूध का दान, तो आपको इसके पूर्ण लाभ मिल सकते हैं। यह उपाय आपके जीवन में शांति और सुख-समृद्धि लाने में भी सहायक हो सकता है। साथ ही, इस दिन घर के पूजा स्थल पर दीपक जलाएं और भगवान का ध्यान करें।
यदि आप मौनी अमावस्या के दिन अपनी राशि के अनुसार यहां बताए उपायों को आजमाती हैं और पवित्र नदी में स्नान करती हैं तो आपके जीवन में इसके सकारात्मक प्रभाव हो सकते हैं।
अगर आपका इससे जुड़ा कोई भी सवाल है तो आप कमेंट बॉक्स में हमें जरूर बताएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Images:freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों