मानसून आते ही मौसम में एकदम से बदलाव होता है। कब बारिश और कब धूप आ जाए ये शंका हमेशा बनी रहती है। आपने सुबह-सुबह कपड़े धोकर सुखाने डाले हैं और कुछ देर में बारिश आ जाए, तो कपड़े फिर गंदे हो जाते हैं। इतना ही नहीं, बरसात के कारण कपड़ों से एक बदबू भी आती रहती है। आपके कपड़े ठीक तरह से सूखते नहीं हैं और वॉशिंग मशीन में कपड़े धोकर भी कपड़े गंदे ही लगते हैं।
अब बताइए इन सब समस्याओं से आप भी गुजरते हैं न? बरसात में ये सब होना बहुत सामान्य है। क्या आपने सोचा है कि कपड़ों में महसूस होने वाला गीलापन और अक्सर आती बदबू को आप कैसे दूर करेंगे? इस आर्टिकल के जरिए हम आपको आसान टिप्स बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप कपड़ों को साफ और फ्रेश रखने में कामयाब होंगे। ये लॉन्ड्री हैक्स आपके काम को आसान बनाएंगे और आपको अब मानसून में कपड़े धोने से डर भी नहीं लगेगा।
1. फैब्रिक सॉफ्टनर से कपड़े महकाएं
मानसून में कपड़े धोने के बाद भी वे गीले लगते हैं और सूखने के बाद उनमें से सीलन की बदबू आने लगती है। इसके लिए सबसे पहला तरीका है कि आप कपड़े धोने से 15-20 मिनट पहले उन्हें खुशबूदार डिटर्जेंट में भिगोकर रखें। इससे गंदगी भी आसानी से निकलेगी और कपड़े की बदबू दूर होगी। इसके अतिरिक्त, कपड़ों को धोने के बाद लास्ट वॉश में उन्हें 10 मिनट के लिए फैब्रिक सॉफ्टनर में भिगोएं। यह फैब्रिक के रंग को फेड होने से बचाता है और फाइबर्स को सॉफ्ट रखता है। इसके साथ ही इससे कपड़ों में खुशबू भी रहेगी।
इसे भी पढ़ें: ये 7 लॉन्ड्री हैक्स अपनाएंगी तो कपड़े लंबे समय तक रहेंगे सही
2. वॉशिंग मशीन को करें साफ
क्या आप वॉशिंग मशीन को बस एक बार साफ पानी से धोकर रख देते हैं? यही कारण है कि आपकी वॉशिंग मशीन से बदबू आती है। इसी वजह से कपड़ों में भी बदबू आती है। जरूरी है कि आप वॉशिंग मशीन (वॉशिंग मशीन का ख्याल कैसे रखें) को भी डिओडराइज करें और उसे अच्छी तरह सुखाकर ही बंद करें। वॉशिंग मशीन में 1 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और मशीन को नॉर्मल वॉश में एक बार चला लें। यह न केवल वाशिंग मशीन को अच्छी तरह से साफ करता है, बल्कि ड्रम के अंदर से आने वाली दुर्गंध को भी सोख लेता है और मशीन अगली धुलाई के लिए साफ और डिओडराइज होती है।
3. खुली जगहों पर सुखाएं कपड़े
क्या आपको पता है कि आपके कपड़ों से बदबू क्यों आती है? कपड़ों से बदबू इसलिए आती है, क्योंकि आप उन्हें बंद जगह पर सुखाते हैं या एक के ऊपर एक कपड़ा डाल देते हैं। आपने नोटिस किया होगा कि इसके बाद उस कमरे में भी दुर्गंध आने लगती है। अपने लिविंग एरिया में या कमरे में ऐसे समय के लिए क्लोथ लाइनिंग या एक तार डालकर रखें। इनमें अपने कपड़े सुखाएं और कमरे में कुछ देर के लिए फैन स्विच ऑन करें। साथ ही कमरे के खिड़की और दरवाजे खोल दें। इससे कपड़े जल्दी सूखेंगे और कमरे की बदबू भी दूर होगी।
4. बेकिंग सोडा से धोएं कपड़े
डिटर्जेंट के साथ थोड़ा-सा बेकिंग सोडा डालने से कपड़े साफ तरह से साफ होते हैं। गंदे पड़े सफेद कपड़ों में भी चमक आती है और बरसात की बदबू भी दूर होती है। आप डिटर्जेंट के डिब्बे में पहले से 2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा डालकर रख सकते हैं। इसके अलावा, आप कपड़े धोते वक्त डिटर्जेंट के साथ एक छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालकर नॉर्मल वॉश में कपड़े धो लें। इससे कपड़ों में लगे दाग भी साफ होंगे, उनमें चमक भी आएगी और आपके कपड़ों में से बदबू नहीं आएगी।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में काम को आसान करें कपड़े धोने और सुखाने के ये हैक्स
मानसून में सीलन की बदबू दूर करने के लिए आप कपूर की गोलियों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। आप वॉशिंग मशीन साफ करके 2 गोलियां उसमें डाल दें। अलमारी में अपने कपड़ों के बीच भी 2-2 गोलियां रखने से कपड़े महकते रहेंगे।
हमें उम्मीद है ये हैक्स आपके काम आएंगे। अगर आपकी मम्मी या आप भी ऐसे मानसून हैक्स जानती हैं, तो हमारे कमेंट बॉक्स में कमेंट करके बताएं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों