गर्मी के मौसम में हम सभी ठंडा पानी पीना पसंद करते हैं। आमतौर पर, लोग पानी को ठंडा करने के लिए फ्रिज का सहारा लेते हैं। लेकिन वहीं कुछ लोग पानी को नेचुरली ठंडा करने के लिए मटके का इस्तेमाल करते हैं। मिट्टी से बना मटका ना केवल पानी को नेचुरल तरीके से ठंडा करता है, बल्कि इससे अन्य भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इसलिए, गर्मी के मौसम में आपको घर-घर में मिट्टी का मटका मिल जाएगा।
हो सकता है कि आपने भी मटके को हाल ही में खरीदा हो और अब आप उसमें रखे पानी का ही सेवन कर रहे हों। लेकिन क्या आपको पता है कि वास्तु के अनुसार मटक को रखने और उसे इस्तेमाल करने के भी अपने कुछ तरीके होते हैं।
अगर वास्तु के इन नियमों का ख्याल रखा जाए तो इससे आपको अतिरिक्त लाभ मिलता है। तो चलिए वास्तुशास्त्री डॉ. आनंद भारद्वाज आपको घर में मिट्टी के मटके को रखने के सही तरीके के बारे में बता रहे हैं-
अगर आप घर में पानी का घड़ा या मटका रख रहे हैं तो उसे सही दिशा में रखना बेहद आवश्यक है। इसे हमेशा उत्तर दिशा या उत्तर-पूर्व दिशा अर्थात् ईशान कोण में रखना चाहिए। उत्तर-पूर्व दिशा बृहस्पति का स्थान है और अगर वहां पर जल विशेष रूप से पीने का पानी रखते हैं तो इससे बच्चों के भौतिक विकास में मदद मिलती है।
इसे जरूर पढ़ें-वास्तु के अनुसार किचन को घर में कहां होना चाहिए
वहीं, उत्तर दिशा में मटका रखने से बच्चों को करियर ग्रोथ में मदद मिलती है। साथ ही साथ, उत्तर दिशा में रखा घड़ा आर्थिक उन्नति के लिए भी अच्छा माना जाता है।
अगर आप घर के लिए घड़ा खरीद रही हैं, तो उसके मैटीरियल पर भी ध्यान दें। आप ऐसे मटके को खरीदने का प्रयास करें, जो टेराकोटा का बना हो। इसमें किसी भी रूप से मेटल का इस्तेमाल ना किया गया हो। मसलन, कभी-कभी मटके के ऊपर मैटेलिक पॉलिश या पेंट कर दिया जाता है, जो अच्छा नहीं माना जाता है।
कई बार लोग यह भी समझते हैं कि मटका रेड कलर का होता है, जो अग्नि का प्रतीक है और इसलिए इसे उत्तर दिशा में नहीं होना चाहिए। अगर आप भी ऐसा ही सोचती हैं, तो आप गलत हैं।
इसे जरूर पढ़ें-Easy Hacks: मटके के रख-रखाव के आसान टिप्स
आपको यह समझना चाहिए कि मटका अग्नि का प्रतीक नहीं है, बल्कि वह नेचुरल मिट्टी का बना हुआ है, जिसे बाद में अग्नि में पकाया गया है। बनने के बाद इसमें प्रधानता अग्नि की नहीं, बल्कि जल की है और इसलिए उत्तर दिशा इसके लिए सर्वोत्तम है।
यह भी देखने में आता है कि अगर मटका कहीं से चटक जाता है या फिर उसका ऊपरी कोना टूट जाता है, तब भी लोग उसका इस्तेमाल करते रहते है। लेकिन चटके हुए मटके को कभी भी घर पर प्रयोग नहीं करना चाहिए। अगर आपका मटका चटक गया है, तो उसे तुरंत बदल दें।
मटका लेने के बाद लोग अक्सर उसे कवर करने के लिए प्लास्टिक के बर्तन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आपको ऐसा भी करने से बचना चाहिए। आजकल मार्केट में टेराकोटा के ही बने हुए छोटे-छोटे लिड मिलते है। अगर आप इन मिट्टी से बने लिड का इस्तेमाल करती हैं, तो इससे आपको अतिरिक्त लाभ मिलता है। इसलिए जब भी आप मटका खरीदें तो उसके साथ वह लिड भी खरीद सकती हैं।
तो अब आप इन वास्तु नियमों का ख्याल रखे और मिट्टी के मटके को सही तरह के रखकर उसका पूरा लाभ उठाएं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकीअपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।