कहीं चेहरे पर लगाया जाता है कीचड़ तो कहीं फेंके जाते हैं टमाटर, दुनिया में होली की तरह मनाए जाते हैं ये 7 त्यौहार

होली का त्यौहार भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है, लेकिन क्या आपको पता है कि पूरी दुनिया में होली की ही तरह कुछ ऐसे त्यौहार मनाए जाते हैं जिनके बारे में सुनकर शायद आप चौंक जाएं। 

Tomatina Festival

होली के त्यौहार में एक दूसरे को रंग लगाने की प्रथा काफी पुरानी है। कई जगहों पर तो कीचड़, मिट्टी, पेंट आदि से भी होली खेलने की खबरे गाहे-बगाहे हमारे सामने आ ही जाती हैं। पर क्या आपको पता है कि दुनिया भर में ऐसे कई त्यौहार मनाए जाते हैं जो लगते तो होली जैसे हैं, लेकिन उनका महत्व धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक है। स्पेन, कोरिया जैसे कई देशों की संस्कृति का हिस्सा इन त्यौहारों को माना जाता है।

फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' में ला टोमाटिना फेस्टिवल के बारे में बताया गया था, लेकिन सिर्फ यही नहीं है जो इतना ज्यादा फेमस है। चलिए आपको बताते हैं इन अनोखे त्यौहारों के बारे में।

1. मड फेस्टिवल

जगह- दक्षिण कोरिया

पुराने जमाने में लोग गर्मी से बचने के लिए अपने शरीर पर मिट्टी लगाते थे। दक्षिण कोरिया के बोरयॉन्ग इलाके में ये चलन अभी भी है। ये सोल (Seoul) से 200 किलोमीटर दूर है और यहां पर जुलाई में दुनिया भर से लोग इकट्ठा होते हैं। इस फेस्टिवल की शुरुआत 1988 में हुई थी और ये 10 दिन चलता है।

mud festival of korea

यहां इस फेस्टिवल को मनाने का कारण है स्थानीय लोगों में मिट्टी की अहमियत को बताना। माना जाता है कि इस इलाके की मिट्टी में गेरानियम (geranium) सहित अन्य बहुत से मिनरल्स मौजूद हैं। अगर कोई यहां कीचड़ से होली ना खेलना चाहे तो वो सिर्फ क्ले मास्क लगाकर भी इसका फायदा उठा सकता है।

इसे जरूर पढ़ें- Holi Ke Totke: जीवन में आएंगी खुशियां, होली पर अपनाएं ये टोटके

2. सोंगक्रान

जगह- थाईलैंड

थाईलैंड में 13 अप्रैल को नया साल मनाया जाता है और ये जश्न 15 तारीख तक चलता है। इस दौरान बर्फीला पानी एक दूसरे पर फेंकने की प्रथा है। लोग बीन्स का पेस्ट भी एक दूसरे पर लगाते हैं। ये गर्मियों के समय मनाया जाता है और इसलिए बर्फीले पानी से किसी को मुश्किल नहीं होती है।

ये त्यौहार खासतौर पर होली की तरह ही है। अब इस त्यौहार में रंगों का इस्तेमाल भी होने लगा है।

3. वाइन बैटल

जगह- उत्तरी स्पेन

वाइन को पीना अलग बात है, लेकिन उसे एक दूसरे पर फेंकना शायद कुछ लोगों को अजीब लगे। पर उत्तरी स्पेन के ला रियोजा प्रांत के हारो नामक शहर में हर साल वाइन फेस्टिवल होता है। हर साल 29 जून को लोग वाइन पीने का कॉम्पटीशन करते हैं। इस कंपटीशन के बाद वो एक दूसरे पर वाइन फेंकते भी हैं।

wine festival

यहां गिलास दो गिलास की बात नहीं बल्कि बाल्टियों से वाइन बहाई जाती है। अब जिसे वाइन पसंद हो उसके लिए तो ये त्यौहार बहुत ही अच्छा साबित हो सकता है।

4. संतरों का युद्ध

जगह- इटली

इटली में होने वाले सबसे अजीब फेस्टिवल्स में से एक ये है। ये फेस्टिवल तीन दिनों तक चलता है और इसका महत्व इतना ज्यादा है कि स्थानीय सरकार इसे टूरिज्म के लिए भी प्रमोट करती है। ये Ivrea (जगह का नाम) में होता है। इसकी शुरुआत पुर्तगाल, फ्रांस और स्पेन के बीच संतरों को लेकर हुए युद्ध के बाद हुई थी।

अब इसे एक फन फेस्टिवल बना दिया गया है जहां लोग एक दूसरे पर संतरे फेंकते हैं। इस फेस्टिवल में 400 टन से ज्यादा संतरों का इस्तेमाल होता है। लोग दो गुटों में बट जाते हैं और एक दूसरे पर संतरों की बारिश कर देते हैं।

orange festival

5. ला टोमाटीना

जगह- स्पेन

इस फेस्टिवल को जिक्र तो शायद सभी जगह है। होली के बाद अगर कोई ऐसा फेस्टिवल है जिसे दुनिया भर के लोग मनाते हैं और एक दूसरे पर कुछ फेंकते हैं तो वो है ला टोमाटीना। टमाटर से होली खेली जाती है और ये स्पेन के बुइनोल शहर में मनाया जाता है।

यहां लोग टमाटरों से होली खेलते हैं और टमाटर मारने से पहले उसे अच्छे से प्रेस कर देते हैं ताकि इससे चोट ना लगे। ये अगस्त के आखिरी हफ्ते में सेलिब्रेट किया जाता है और इसे अटेंड करने हजारों लोग बुइनोल पहुंचते हैं।

इसे जरूर पढ़ें- Totka On Holi 2023: होली के दिन टोटकों के दुष्प्रभाव से ऐसे बचें

6. तरबूज का त्यौहार

जगह- ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड के डार्लिंग शहर में एक बहुत ही अनोखा त्यौहार मनाया जाता है। इस शहर को ऑस्ट्रेलिया का मेलन कैपिटल कहा जाता है और यही कारण है कि यहां तरबूज से होली खेली जाती है। ये हर दूसरे साल फरवरी में मनाया जाता है और तरबूज से जुड़े कई गेम्स ऑर्गेनाइज किए जाते हैं।

यहां लोग तरह-तरह से सजकर आते हैं और वाटर मेलन फैंसी ड्रेस कम्पटीशन भी होता है।

7. आटे का फेस्टिवल

जगह- ग्रीस

ग्रीस के गालाक्सिडी शहर में लोग एक दूसरे पर रंग बिरंगा आटा फेंकते हैं। इस फेस्टिवल में 1500 किलो से ज्यादा आटा इस्तेमाल होता है। कार्निवल की शुरुआत मार्च की शुरुआत में होती है और यहां स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आते हैं।

दुनिया भर के इन त्यौहारों के बारे में क्या आपको पता था? अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कोई सवाल हैं तो वो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपनी स्टोरीज के जरिए आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP