भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई लोगों के सपने पूरे करने वाला शहर माना जाता है। कुछ लोग जहां अपनी आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने लिए यहां आते हैं तो कुछ लोगों के लिए यह बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट है। गेटवे ऑफ इंडिया से लेकर मरीन ड्राइव, एसेल वर्ल्ड थीम पार्क, थीम वाटर पार्क, नरीमन पाइंट, गिरगांव चौपाटी और जुहू बीच बहुत कुछ देखने के लिए है। वैसे इन सबके अतिरिक्त अगर आप यहां कुछ देखना चाहती हैं तो वह है यहां की धार्मिक आस्था। मुंबई में त्योहारों के समय एक अलग ही रौनक व धूमधाम देखने को मिलती है। खासतौर से, गणेश चतुर्थी और जन्माष्टमी कुछ ऐसे त्योहार हैं, जो यहां पर देखते ही बनते हैं। इतना ही नहीं, मुंबई में ऐसे कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जहां पर लोग दूर-दूर से आते हैं। अगर आपका भी आध्यात्मिक रूझान है तो आप मुंबई में इन मंदिरों को देखना बिल्कुल भी मिस न करें। वहीं अगर आप धार्मिक नहीं भी हैं, तो भी इन मंदिरों का वास्तुशिल्प और इतिहास आपको जरूर अंचभित करेगा। तो चलिए जानते हैं मुंबई में मौजूद कुछ बेहतरीन मंदिरों के बारे में-
इसे भी पढ़ें:Ganesh Chaturthi 2019: पूजन विधि और शुभ मुहूर्त के साथ जानें कैसे करनी है आपको गणपति जी की स्थापना
माता वैष्णोदेवी मंदिर
मुंबई के मलाड में स्थित यह मंदिर जम्मू में स्थित वैष्णोदेवी मंदिर की लगभग एक रेप्लिका है, जो देखने में बेहद खूबसूरत है। यहां पर भक्तों को मंदिर के शीर्ष तक पहुंचने के लिए एक छोटी पैदल यात्रा करनी होती है, जो वास्तव में सुखदायक है। अगर आप कभी जम्मू कश्मीर में वैष्णोदेवी मंदिर नहीं गई हैं तो यहां पर जाकर भी आपको वहीं अनुभूति होगी।
इस्कॉन मंदिर
इस्कॉन मंदिर 1978 में मुंबई में आचार्य भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद द्वारा स्थापित किया गया था। यह दुनिया भर में बहुत प्रसिद्ध है और भक्त हर जगह से यहां आते हैं और भगवान कृष्ण की शिक्षाओं को समझते हैं। यह सफेद संगमरमर से बना है और इसमें सभी जगह नक्काशी की गई है। यह एक मेडिटेशन सेंटर के रूप में भी कार्य करता है, जहाँ पर भक्त आकर अपने आंतरिक स्व के साथ जुड़ सकते हैं।
श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर
यह मंदिर अपनी सुंदर वास्तुकला के लिए जाना जाता है और इसका निर्माण दक्षिण भारत में स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के समान ही किया गया है। यहां सबसे अच्छी बात यह है कि इस मंदिर में आपको शोर-शराबा नहीं, बल्कि शांति मिलेगी। जिसके कारण आप बेहद आनंदपूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से यहां पर अपना समय बिता सकती हैं।
इसे भी पढ़ें:7 ऐसे लक्ष्मी गणेश मंदिर जहां जाकर पूजा करने से आपको मिलेगा धन
श्री भक्त अंजनेया ट्रस्ट हनुमान मंदिर
नवी मुंबई में स्थित मंदिर में देश की सबसे ऊंची हनुमान प्रतिमा है जो एक ही पत्थर से बनी है। यह 33 फीट ऊंची है। यहां पर शनिवार को मुख्य आरती होती है, जिसे देखने व उसका हिस्सा बनने के लिए श्रद्वालु काफी दूर-दूर से आते हैं।
मुंबादेवी मंदिर
मुंबई के झवेरी बाजार में स्थित यह मुंबई के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है। यह देवी मुम्बा को समर्पित है, जिन्हें देशी सोमवंशी क्षत्रियों की संरक्षक देवी माना जाता है। देवी की मूर्ति को नोजपिन और हार जैसे आभूषणों से सजाया गया है। इस मंदिर में मंगलवार के दिन काफी हलचल देखी जाती है। यह एक शुभ दिन माना जाता है।
महालक्ष्मी मंदिर
मुंबई के भलाभाई देसाई रोड पर स्थित महालक्ष्मी मंदिर काफी प्रसिद्ध है। यह देवी लक्ष्मी, दुर्गा और सरस्वती को समर्पित है और इसका निर्माण 1831 में एक हिंदू व्यापारी द्वारा किया गया था। इस मंदिर का सी-फेसिंग व्यू है और यह शहर के सबसे प्रतिष्ठित स्थलों में से एक है। नवरात्रि उत्सव के दौरान मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया जाता है।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों