herzindagi
Eve teasing problem of india and tourists

जयपुर में लगा महिला टूरिस्ट का रेट, तो मुंबई में हुई छेड़छाड़ क्या यही है हमारा 'अतिथि देवो भव:'?

जयपुर के एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम वीडियो बनाते हुए कुछ विदेशी टूरिस्ट्स का रेट लगाया और उनके बारे में अभद्र टिप्पणी की। क्या अब हमारी संस्कृति को ठेस नहीं पहुंच रही? <div>&nbsp;</div>
Editorial
Updated:- 2024-06-27, 17:38 IST

हमारा देश अपनी संस्कृति, अपनी सभ्यता और अपनी आन पर बहुत नाज करता है। हमारा देश बहुत खूबसूरत भी है और हमें बचपन से यह सिखाया गया है कि अपने घर आए लोगों का सम्मान करना चाहिए और उन्हें खुश रखना चाहिए, लेकिन शायद हम बचपन की ये सीख भूल ही चुके हैं। हमारी संस्कृति को लड़कियों के किसी भी काम से ठेस पहुंच सकती है, लेकिन लड़कों के किसी भी काम को लेकर हमें कोई परेशानी नहीं होती है। 

हाल ही में एक वीडियो वायरल होता दिखा है जिसने हमारे देश का ऐसा नाम किया है कि क्या बताया जाए। जयपुर में एक इंस्टाग्रामर 'गुरू ब्रांड' ने कई ऐसे वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें वो जयपुर के आमेर फोर्ट में महिला टूरिस्ट्स का रेट लगाता हुआ दिख रहा है। इसमें से एक वीडियो में वो महिला के पास जाकर कह रहा है "ये मिल रही है 150 रुपये में", इस तरह के कमेंट्स उसे मजाकिया लग रहे हैं। 

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसपर प्रतिक्रिया दी और पुलिस ने संज्ञान लिया। अब वह व्यक्ति गिरफ्तार हो चुका है। पर चिंताजनक बात यह है कि इस वीडियो के 5 लाख से भी ज्यादा शेयर हो चुके हैं। शर्म की बात तो यह है कि इस वीडियो को 2 लाख से ज्यादा लाइक्स भी मिले हैं। गुरू की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से ये वीडियोज डिलीट हो चुके हैं। ये वीडियो अप्रैल का बताया जा रहा है जिसमें 150 रुपये, 200 रुपये, 300 रुपये बोलकर महिलाओं के रेट लगाए गए हैं। 

रिपोर्ट्स की मानें, तो गुरू टूरिस्ट्स के सामने गाइड बनकर जाता था और फिर लोगों को उसकी बताई गई दुकानों पर शॉपिंग करने को कहता था। उसे कुछ दिन पहले आमेर फोर्ट में लोगों ने मारा भी था। यह वीडियो ट्विटर पर कुछ यूजर्स ने शेयर किया और उसके बाद जयपुर पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया। उसके खिलाफ धारा 354 (महिलाओं से छेड़छाड़), 505 (2) के तहत केस भी दर्ज किए गए।

इसे जरूर पढ़ें- अगर सफर में हो छेड़छाड़ तो इस महिला की तरह ले सकते हैं लीगल एक्शन 

मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन दो लाख लोगों का भी है जिन्होंने इस वीडियो को लाइक किया।  

यह पहली बार नहीं है जब किसी विदेशी टूरिस्ट के साथ ऐसा काम हुआ है।  

जयपुर में ऑटो ड्राइवर ने महिला टूरिस्ट के साथ की थी छेड़छाड़

एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक ऑटो ड्राइवर विदेशी टूरिस्ट को पीछे से आकर पकड़ रहा था और महिला इससे घबरा भी रही थी। यह तब था जब महिला के साथ एक पुरुष भी था और वो दोनों ही ऑटो वाले से बचते फिर रहे थे।  

jaipur auto driver molesting woman

झारखंड में स्पैनिश टूरिस्ट के साथ हुआ गैंगरेप 

झारखंड के दुमका में महिला टूरिस्ट के साथ गैंगरेप हुआ और उसे बहुत प्रताड़ित किया गया। उसके पहले का वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें महिला के चेस्ट पर हाथ लगाते हुए पुरुष दिख रहे थे। इस वीडियो को भी ट्विटर पर शेयर किया गया और फीमेल टूरिस्ट का सेक्शुअल एक्सप्लोइटेशन देखा गया।  

होली के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में महिला टूरिस्ट्स के साथ हुई बदतमीजी 

कोरियन टूरिस्ट के साथ इस तरह की बदतमीजी हुई कि उसने भारत से बाहर जाने के बारे में सोच लिया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि उस लड़की के साथ क्या किया जा रहा है। उस टूरिस्ट ने एक लड़के को थप्पड़ भी मारा। उस टूरिस्ट के सिर पर अंडे फोड़े गए, उसपर स्प्रे डाला गया, जबरन उसे पकड़ कर उसके बाल खींचे गए उसे अलग-अलग जगह रंग लगाया गया। इस तरह से हमने होली का त्योहार मनाया। पूरी दुनिया में इसके बाद भारत की क्या इमेज बनी होगी वह तो आप सोच ही सकते हैं।   

होली पर एक विदेशी कपल का ऐसा ही वीडियो सामने आया था। इसमें भी लोग आकर विदेशी महिला के साथ अभद्र हरकतें कर रहे थे। उसे जगह-जगह छू रहे थे और उसे गले लगा रहे थे। यह तरीका बहुत ही खराब था और वीडियो देखकर आप समझ सकते हैं कि लड़की को कैसा लग रहा होगा।   

रशियन टूरिस्ट के साथ हुआ हैरेसमेंट

ऐसे ही 2023 में एक वीडियो वायरल हुआ था जहां कुछ लोग मिलकर रशियन टूरिस्ट के साथ छेड़छाड़ हुई और पेट्रोल पंप वाले व्यक्ति ने रशियन टूरिस्ट्स के साथ अजीब हरकतें की। एक सज्जन के बीच बचाव के बाद पेट्रोल पंप वाले व्यक्ति को वॉर्निंग दी गई और पुलिस ने हस्तक्षेप किया। पर विदेशी टूरिस्ट्स के साथ इस तरह का व्यवहार पूरे देश में देखा गया है। हालांकि, राजस्थान से ऐसे किस्से बहुत ज्यादा आते हैं।  

मुंबई में यूट्यूबर के साथ सड़कों पर की छेड़छाड़ 

साउथ कोरिया से आई यूट्यूबर के साथ मुंबई की सड़कों पर जिस तरह से छेड़छाड़ की गई वह पूरे देश के लिए शर्म की बात है। वह यूट्यूबर लाइव वीडियो पर थी जिसे 1000 से ज्यादा लोग देख रहे थे। उसे गाड़ी में बैठने के लिए फोर्स किया गया और उसे हाथ लगाने की कोशिश की गई।    

ये कुछ किस्से हैं और इन जैसे हजारों किस्से हमारे सामने मौजूद हैं। लोग सड़कों पर घूम रही महिलाओं के साथ ऐसे व्यवहार करते हैं जैसे उन्हें ना जाने क्या मिल गया हो। उसे खिलौना समझ लेते हैं। इस तरह की घटनाएं किसी को भी परेशान कर सकती हैं, लेकिन दुख की बात यह है कि ऐसे मामलों में कोई कार्यवाही नहीं की जाती है।  

इसे जरूर पढ़ें- सेक्शुअल हैरेसमेंट को लेकर डरने की जरूरत नहीं, इस तरह से खुलकर करें घर और समाज में बात  

दिल्ली में एक बेल्जियन टूरिस्ट को इतनी बुरी तरह से हैरेस किया गया कि उसने 24 घंटे के अंदर इंडिया छोड़ दिया और बेल्जियन एम्बेसी को खत लिखकर इसकी जानकारी दी। यह मामला मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटर्नल अफेयर्स तक भी पहुंचा।  

क्या अब हमारी संस्कृति को नहीं है खतरा? 

भारत में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। चाहें वह अपने देश की हों या फिर विदेश से आई हों। हमारे देश में महिलाओं के खिलाफ क्राइम इतने बढ़ गए हैं कि लोगों को डर ही नहीं है किसी भी चीज का। कुछ दिन पहले भरी सड़क पर मुंबई में एक लड़की का कत्ल कर दिया गया, लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की। इन वीडियोज में आप देखें कि हर जगह भरी हुई सड़कें हैं जहां ऐसा हो रहा है और लोग तमाशा देख रहे हैं। यहां कुछ ऐसे भी होंगे जो फॉरेनर्स के कपड़ों पर सवाल उठाएंगे और उनको ही गलत कहेंगे।  

विक्टिम ब्लेमिंग करने वाले हमारे देश में जिस तरह से बाहर से आए लोगों को ट्रीट किया जाता है वह यही समझाता है कि हम 'अतिथि देवो भव:' में यकीन करते ही नहीं हैं। सेक्स एजुकेशन, लड़कों को लड़कियों की इज्जत करना सिखाने जैसे मुद्दों पर यहां लोग सवाल खड़े कर देते हैं कि इसकी जरूरत क्या है, लेकिन जब लड़के बाहर जाकर इस तरह की हरकत करते हैं तब उन्हें कुछ नहीं कहा जाता क्योंकि इज्जत तो सिर्फ लड़कियों से है, लड़कों को हर चीज की छूट है।  

हमारे देश में गंगा, यमुना, सरस्वती, लक्ष्मी और ना जाने कितनी देवियों की पूजा की जाती है। छोटी लड़कियों को नवरात्र में घर में बुलाकर खाना खिलाया जाता है, लेकिन हम महिलाओं में देवी का रूप नहीं देखते। महिलाओं से अगर देश की इज्जत होती है, तो देश को महिलाओं की इज्जत करना भी सीखना होगा। 

आप ही बताएं, मेरी बात सही है या गलत??

 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।