सपने देखना एक आम बात है हम सब नींद में अक्सर सपने देखते हैं। स्वप्न शास्त्र की मानें तो इन सपनों के भी अपने अलग मायने होते हैं। सपने कई तरह के होते हैं और कुछ सपने हमारे भूतकाल और वर्तमान में चल रही घटनाओं की और इशारा करते हैं, वहीं कुछ ऐसे सपने भी होते हैं जो हमें आगे आने वाले समय के लिए सचेत करते हैं। सपने में कई बार हम खुद को किसी ऐसी गतिविधि में लिप्त देखते हैं जिसका कुछ न कुछ मतलब जरूर होता है।
हम सपने में कभी- कभी अपने आप को गिरते हुए देखते हैं। हमें ऐसा लगता है कि हम किसी ऊंचाई वाली जगह से सच में गिरने वाले हैं। कई लोग सपने में किसी ऊंची बिल्डिंग या पहाड़ी से खुद को गिरते हुए देखते हैं। दरअसल ऐसे सपने के पीछे हो सकता है कि भविष्य में आपको किसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आइए ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉ आरती दहिया जी से जानें कि ऐसे सपने का क्या मतलब होता है जिसमें आप खुद को उंचाई से गिरते हुए देखते हैं।
सपने में ऊंचाई से गिरने का मतलब
जिस सपने में आप खुद को ऊंचाई से गिरते हुए देखते हैं तो आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां आने की संभावना हो सकती है। ऐसे किसी भी सपने का अर्थ है कि आपको निकट भविष्य में किसी बड़ी विपत्ति का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे सपने से आर्थिक हानि के साथ स्वास्थ्य की भी क्षति हो सकती है इसलिए इस सपने को अच्छा नहीं माना जाता।
इसे जरूर पढ़ें:सपने में नया मकान खरीदने का क्या है मतलब, जानें ज्योतिषीय राय
सपने में छत से गिरने का मतलब
स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि आप सपने में खुद को छत से गिरते हुए देखते हैं तो इसका मतलब यह है कि आपको आने वाले समय में शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जैसे जोड़ो के दर्द या एड़ियों में तकलीफ़ हो सकती है।
सपने में फिसल कर गिरने का मतलब
स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि आप सपने में खुद को फिसल कर गिरते हुए देखते हैं तो, इस सपने का अर्थ है कि आपको निकट भविष्य में अपने किसी परिचित या रिश्तेदार से धोखा मिल सकता है। इसके लिए आपको सचेत रहने की आवश्यकता है।
सपने में बच्चे को छत से गिरते हुए देखना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि आप सपने में किसी बच्चे को (सपने में छोटे बच्चे को देखना) छत से गिरते हुए देखते हैं तो इसका मतलब यह है कि आपको आने वाले समय में छोटी मगर परेशान करने वाली शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, घर के अन्य सदस्यों के स्वास्थ्य पर भी आपको विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
ऊंचाई से गिरने के डर का सपना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार यदि आप अपने सपने में खुद को ऊंचाई से गिरने से डरते हुए देखते है तो इस सपने का मतलब है कि आप अपनी भावी योजनाओं को लेकर परेशान हैं तथा उन्हें अमल में लाने से डर रहे है। ऐसे में आपको आत्मविश्वास की बहुत आवश्यकता है।
इसे जरूर पढ़ें:सपने में दूध के उबलने से लेकर दान तक का दिखाई देना इस ओर करता है इशारा, जानें ज्योतिष की राय
आसमान से नीचे गिरते हुए देखना
आसमान से नीचे गिरते हुए सपने देखने से यह संकेत मिल सकता है कि आप हाल ही में थक गए हैं साथ ही यह इस बात का भी संकेत है कि भविष्य में आप किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। सामान्यतः इस तरह का सपना मानसिक और शारीरिक थकावट या उप-स्वास्थ्य की स्थिति के कारण बनता है। ऐसा कोई भी सपना आने पर आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आपकी नींद पूरी हो और मानसिक तनाव न रहे।
इसके अलावा आप सपने में (सपने में सांप दिखना शुभ या अशुभ)आसमान से कितनी तेजी से गिरे हैं, इसका भी अलग संकेत हो सकता है जैसे आसमान से तेजी से गिरने का सपना इस ओर इशारा करता है कि आप अपने जीवन में जल्द ही कुछ महत्वपूर्ण बदलाव करेंगे। कभी-कभी ऐसा भी होता है कि आप अपने आप जोर से गिरते हुए देखते हैं लेकिन इस दौरान तुरंत ही आपकी नींद खुल जाए और आप जाग जाएं तो ऐसा सपना दर्शाता है कि आप सतर्क हैं और अपने आस-पास के लोगों पर जल्दी भरोसा नहीं करते है।
अगर आपको भी ऐसे कोई सपने आते हैं तो इसके फल को जानकार आप अपने भविष्य की योजनाएं बना सकते हैं। अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ जुड़ी रहें।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों