Wed Mar 11, 2026 | Updated 10:43 PM IST
image

क्या सच में सपने में शवयात्रा देखना देता है किसी बड़ी घटना का संकेत, जानें क्या है मतलब?

सपने में कई ऐसी चीजें दिखाई देती हैं जो आपके जीवन के लिए मिले-जुले संकेत दे सकते हैं। अगर आपको कभी ऐसा सपना दिखाई देता है जिसमें आप शव यात्रा या अर्थी देखती हैं, तो आपके जीवन में इसका क्या मतलब हो सकता है। इसके बारे में यहां जानें विस्तार से।
Editorial
Updated:- 2026-03-11, 15:54 IST

सोते समय हमें जो भी सपने दिखाई देते हैं वह भविष्य में आने वाली कई तरह की घटनाओं का संकेत हो सकते हैं। कई बार सपनों में हमें कुछ ऐसी चीजें दिखाई देती हैं जिसमें काफी डर लगता है और हम ऐसे सपने देखकर चौंक भी जाते हैं। कुछ सपने हमें खुशी देते हैं, तो कुछ ऐसे सपने भी हो सकते हैं जो हमें परेशान कर सकते हैं। वहीं कई बार ऐसे सपने भी दिखाई देते हैं जिनके बारे में आप समझ ही नहीं पाते हैं कि सपने शुभ हैं या अशुभ। आमतौर पर हम सिर्फ वही सपने याद रखते हैं जो थोड़े विचित्र होते हैं और जिनके बारे में जानने की इच्छा होती है। ऐसे सपने जो बहुत डरावने हों या जो बहुत अच्छे हों वो हमें जरूर याद रहते हैं। ऐसे ही सपनों में से एक है शवयात्रा का सपना देखना। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें ऐसे सपने का क्या मतलब हो सकता है, जिसमें आप शवयात्रा या अर्थी देखती हैं।

बीमार व्यक्ति का सपने में शवयात्रा देखना 

shav yatra in dream meaning

अगर किसी ऐसे व्यक्ति को सपने में शवयात्रा दिखाई देती है जो काफी लंबे समय से बीमार चला आ रहा है तो इसका संकेत शुभ हो सकता है। ऐसा भी माना जाता है कि सपने में अर्थी या शवयात्रा देखने का अर्थ है निरोगिता का संकेत, इसका मतलब यह है कि जल्द ही बीमार व्यक्ति की सभी सेहत से जुड़ी समस्याएं दूर हो सकती हैं। अगर आप किसी ऐसी बीमारी से जूझ रही हैं जो आपके जीवन को बहुत ज्यादा प्रभावित करती है तो समझें कि जल्द ही आपको इससे मुक्ति मिलने वाली है। यही नहीं ये सपना आपको मानसिक तनाव से भी दूर होने का संकेत देता है।

यह भी पढ़ें- शव ले जाते वक्त क्यों कहा जाता है राम नाम सत्य है? जानें

बिजनेस से जुड़े व्यक्ति का सपने में शवयात्रा देखना

अगर कोई ऐसा व्यक्ति सपने में शवयात्रा देखता है जो बिजनेस से जुड़ा है तो समझें कि जल्द ही आपको व्यापार में मुनाफा होने वाला है। बिजनेस से जुड़े व्यक्ति द्वारा सपने में अर्थी देखने का मतलब है कि जल्द ही उन्हें बिजनेस में धन लाभ हो सकता है। आपका बिजनेस सुपरहिट चलने वाला है और बिजनेस में छप्पर फाड़ लाभ होने वाला है।

सपने में बहुत सारी अर्थियों की शवयात्रा देखना

dream of shav yatra

अगर आप सपने में बहुत सारी अर्थियों की शवयात्रा देखते हैं तो आपके असल जीवन में इसका बहुत शुभ फल मिल सकता है। इसका मतलब यह है कि जल्द ही आपके जीवन की सभी समस्याएं दूर होने वाली हैं और आपके जीवन में कोई शुभ खबर मिलने वाली है। अगर आपकी नौकरी में समस्या आ रही है तो जल्द ही आपको इनसे बाहर निकलने में मदद मिलेगी और अगर आप कोई नई संपत्ति खरीदने के बारे में सोच रही हैं तो आपको इसका लाभ अवश्य होगा।

नौकरी करने वाले व्यक्ति का सपने में शवयात्रा देखना 

अगर नौकरी वाले व्यक्ति को सपने में शवयात्रा दिखाई देती है तो जल्द ही आपके प्रमोशन के योग बन सकते हैं। ये आपकी नौकरी के लिए बहुत शुभ संकेत होते हैं और यह भी संभव है कि आपको नई नौकरी भी मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- सपने में मृत व्यक्ति को नाराज देखने का क्या मतलब होता है?

किसी करीबी व्यक्ति की शवयात्रा देखना

अगर आप कभी सपने में किसी करीबी की शवयात्रा देखती हैं तो भले ही आपको ये सपना डरावना क्यों न लगे, लेकिन ये आपके लिए एक शुभ संकेत हो सकता है। ऐसे सपने का मतलब है कि आप जिस करीबी की शवयात्रा देख रही हैं, उसके जीवन में आने वाला कोई बड़ा संकट टलने वाला है। यह सपना उस व्यक्ति की दीर्घायु का संकेत देता है।

सपने में खुद को अर्थी पर लेटा हुआ देखना

अगर आप सपने में खुद को अर्थी पर लेटा हुआ देखती हैं तो ये सपना आपके लिए शुभ नहीं है। ऐसे सपने का मतलब है कि आपके जीवन में कोई बड़ी समस्या आ सकती है। इसका मतलब यह है कि आपको कुछ मानसिक चिंताएं और तनाव हो सकते हैं। हालांकि आपको ऐसे सपने से घबराने के बजाय ईश्वर का ध्यान करने की जरूरत है।

यदि किसी विवाहित महिला को सपने में शवयात्रा दिखाई दे तो समझें कि परिवार पर आने वाली कोई बड़ी मुसीबत टल गई है। यदि कुंवारी लड़की ऐसा कोई सपना देखे तो जल्द ही उसकी शादी के योग बन सकते हैं। सपने में शवयात्रा देखना अलग-अलग बातों का संकेत हो सकता है काफी हद तक यह आपके लिए शुभ है, लेकिन इसके मिले-जुले संकेत भी मिलते हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock.com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।

;