सावन का महीना शुरू हो चुका है। यह महीना होता है भक्ति और आस्था का। सावन के महीने को देवों के देव महादेव से जोड़ कर देखा जाता है। भगवान शिव को भोलेनाथ भी कहा जाता है और इसके पीछे सबसे बड़ी वजह है कि महादेव आपकी छोटी-छोटी बातों से प्रसन्न होकर आपकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण कर देते हैं।
सावन का महीना भगवान शिव को अति प्रिय होता है और इसलिए सावन में महादेव की पूजा, अभिषेक और शिव कथा पढ़ने और सुनने को बहुत महत्व दिया गया है। लेकिन इसके साथ-साथ शिवपुराण में सावन के महीने में कुछ खास चीजों को दान करने की भी बात लिखी हुई है।
इस बारे में हमने उज्जैन के पंडित मनीष शर्मा से बातचीत की तो उन्होंने बताया, 'दान-पुण्य को हिंदू धर्म में बहुत महत्व दिया गया है। इससे आपको केवल सुख-समृद्धि ही नहीं मिलती है बल्कि धन, वैभव और ऐश्वर्य की प्राप्ति भी होती है।'
पंडित जी ने हमें यह भी बताया कि सावन के महीने में किन वस्तुओं का दान करना चाहिए और उससे आपको क्या लाभ मिलेगा।
इसे जरूर पढ़ें- 'ॐ' शब्द का सही समय और तरीके से करेंगे जाप तो होंगे कई लाभ, पंडित जी से जानें
दान-पुण्य की चीजों में नमक को हमेशा ही शामिल किया जाता है। वास्तु शास्त्र में भी नमक को महत्व दिया गया है, ऐसा माना जाता है कि नमक सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। अगर आप सावन के महीने में किसी निर्धन व्यक्ति को नमक का दान करते हैं, तो आपके घर में सुख-समृद्धि का प्रवेश होता है। इतना ही नहीं, अगर आप बहुत समय से बुरे वक्त का सामना कर रहे हैं तो वह भी दूर हो जाता है।
घी को बहुत ही शुद्ध और पवित्र माना गया है। इसमें औषधीय गुण भी होते हैं। घी का प्रयोग दवा के रूप में भी किया जाता है। भगवान शिव का भी घी से अभिषेक किया जाता है। ऐसे में सावन के दौरान यदि आप घी का दान करते हैं, तो आपकी बीमारी दूर हो सकती है। यदि आपको लंबे वक्त से कोई बीमारी परेशान कर रही है, तो उसमें भी आपको घी का दान करने से राहत मिल सकती है।
इसे जरूर पढ़ें- रोज महामृत्युंजय मंत्र पढ़ने से मिलेंगे ये 5 लाभ
अगर आप सावन के महीने में काले तिल का दान करते हैं, तो इससे राहु-केतु और शनि के बुरे प्रभावों से बचा जा सकता है। खासतौर पर जो जातक शनि के साढ़ेसाती, ढय्या, पितृ दोष आदि से जूझ रहे हैं, उन्हें उपाय के तौर पर शिवलिंग पर काले तिल अर्पित करने चाहिए और किसी गरीब को काले तिल का दान भी करना चाहिए। पंडित जी कहते हैं, 'तिल का दान करने से आत्मविश्वास बढ़ता है।'
रुद्राक्ष का सीधा संबंध भगवान शिव से है। हिंदू धर्म में इसे बहुत ही शुभ और महत्वपूर्ण माना गया है। सावन में यदि आप रुद्राक्ष का दान करते हैं, तो जाने-अनजाने में हुए पाप दूर होते है। आपको कितने मुखी रुद्राक्ष का दान करना चाहिए यह आपको किसी पंडित से पूछ लेना चाहिए और इसका दान किसी पंडित को ही करना चाहिए।
हिंदू धर्म में नए और पुराने कपड़ों का दान भी महत्वपूर्ण बताया गया है। पंडित जी कहते हैं, 'अपनी उम्र बढ़ाने के लिए आप कपड़ों का दान कर सकते हैं।' नए कपड़ों का दान करते वक्त आपको पंडित जी से उसका रंग जरूर पूछ लेना चाहिए। पुराने कपड़े दान कर रही हैं, तो आपको पहले से उन्हें साफ कर लेना चाहिए और यदि वह फटे हुए हैं तो उन्हें सिल देना चाहिए।
पंडित जी द्वारा बताई गईं इन वस्तुओं का दान आप भी कर सकती हैं। यह लेख आपको अच्छा लगा हो, तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी ज्योतिष शास्त्र से जुड़े आर्टिकल्स पढ़ना चाहती हैं तो जुड़ी रहे हरजिंदगी से।
Image Credit: freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।