Wed Apr 1, 2026 | Updated 06:20 PM IST HZ Awards 2026
balika vadhu

'बालिका वधू' के यह किरदार दुनिया को कह चुके हैं अलविदा

बालिका वधू के यह अहम किरदार दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। अब दर्शकों को इतने मंझे हुए कलाकारों की अदाकारी टीवी स्‍क्रीन पर देखने को नहीं मिलेगी। 
Editorial
Updated:- 2021-09-06, 17:24 IST

टी.वी सीरियल 'बालिका वधू' एक सुपर हिट शो रहा है। यह सीरियल बाल विवाह पर आधारित था, जिसे इतनी कामयाबी मिली कि इसका दूसरा सीजन भी शुरू किया जा चुका है। लोग दूसरे सीजन को भी काफी पसंद कर रहे हैं। हालांकि, पहले सीजन में बालिका वधू के कई स्टार कास्ट अपने किरदार से हर घर में पहचान बनाने वाले इस दुनिया से अलविदा कह चुके हैं। अब उन किरदारों में लोगों को आनंदी का किरदार निभाने वाली प्रत्यूषा बनर्जी, दादी सा के रोल में नजर आई सुरेखा सीकरी और चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर शिवराज शेखर बने सिद्धार्थ शुक्ला को दर्शक टीवी स्‍क्रीन पर नहीं देख पाएंगे। हालांकि, लोग इन कलाकारों को कभी नहीं भूल पाएंगे। आज हम इन कलाकारों से जुड़े कुछ तथ्यों को आपके साथ साझा कर रहे हैं।

प्रत्युषा बनर्जी उर्फ आनंदी

patyusha

बालिका वधु में आनंदी का लीड रोल प्ले करने वाली प्रत्युषा बनर्जी को कौन भूल सकता है। उन्होंने अपनी कलाकारी से लोगों का खूब दिल जीता था। लेकिन अचानक 1 अप्रैल, 2016 को उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रत्युषा बनर्जी की सुसाइड करने को लेकर उनके परिवार वालों को शक है इसलिए एक्ट्रेस का परिवार पिछले कई सालों से इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठा है।

प्रत्युषा बनर्जी की करियर और लाइफ

प्रत्युषा बनर्जी का जन्म झारखंड के जमशेदपुर में 10 अगस्त, 1991 को हुआ था। जब उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा था, तब वह महज 25 साल की थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2010 में रक्त संबंध से की थी। फिर उन्हें टीवी सीरियल बालिका वधु से काफी लोकप्रियता मिली। इसके बाद, वह कई रियलिटी शोज जैसे झलक दिखला जा और बिग बॉस 7 में भी नजर आई।

बिग बॉस के बाद वह कॉमेडी क्लासेज और ससुराल सिमर का जैसे सीरियल में भी दर्शकों को नजर आईं थीं। वह इंडस्ट्री में काफी अच्छा कर रहीं थीं लेकिन अचानक उनके सुसाइड की खबर ने सभी को चकित कर दिया। हालांकि प्रत्युषा के बॉयफ्रेंड राहुल राज पर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। इस मामले में आज भी उन पर केस चल रहा है।

सुरेखा सीकरी उर्फ दादी सा

surekha hindi

फेमस टीवी सीरियल 'बालिका वधू' में दादी-सा का आइकॉनिक किरदार निभाने वाली दिग्गज अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का 16 जुलाई को निधन हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह काफी समय से बीमार चल रही थीं और 75 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस मुंबई में ली थी।

सुरेखा सीकरी की लाइफ

उत्तर प्रदेश में रहने वाली सुरेखा सीकरी का जन्म 19 अप्रैल 1945 में हुआ था। उनके पिता एयर फोर्स अधिकारी और मां टीचर थीं। सुरेखा का बचपन नैनीताल और अल्मोड़ा में गुजारा था। कहा जाता है कि सुरेखा को अभिनय में रुचि बचपन से ही थी। इसलिए उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई अभिनय में ही की थी। इसके लिए उन्होंने वर्ष 1971 में नेशनल स्‍कूल ऑफ ड्रामा से ग्रेजुएशन पूरा किया और रंगमंच से जुड़ गईं।

सुरेखा सीकरी का करियर

सुरेखा सीकरी ने खुद को अभिनय की कसौटी पर कसने के लिए खूब सारे नाटकों में भाग लिया और आखिरकार वर्ष 1978 में पहली बार उन्हें सिल्‍वर स्‍क्रीन पर आने का मौका मिला। सुरेखा के करियर की असल शुरुआत फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' से हुई थी। काम को लेकर सुरेखा शुरुआत से ही चूजी रहीं। इसके बाद सुरेखा को काफी समय बाद वर्ष 1986 में फिल्म 'अनादी अनंत' और 'तमस' में देखा गया था।

इसके अलावा, अभिनेत्री सुरेखा को 3 बार राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जा चुका है। सुरेखा ने लगभग 28 से 30 फिल्मों में काम किया है और 15 से भी अधिक टीवी सीरियल्स में वह नजर आई हैं। सुरेखा ने कई शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया है। इन सबसे के अलावा, सुरेखा एक बेहतरीन थिएटर आर्टिस्ट भी रह चुकी हैं और कई स्टेज प्ले भी कर चुकी हैं।

इसे ज़रूर पढ़ें-शहनाज और सिद्धार्थ के इन मूमेंट्स ने जीता था फैंस का दिल

सिद्धार्थ शुक्ला उर्फ शिवराज

balika vidhu and actors

फेमस टीवी एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का बीते गुरुवार यानि 2 सितंबर को 40 साल की उम्र में निधन हो गया। सिद्धार्थ के निधन की खबर मिलते ही पूरी इंडस्‍ट्री में कोहराम सा मच गया है। केवल सिद्धार्थ का परिवार और इंडस्‍ट्री ही नहीं बल्कि सिद्धार्थ के लाखों फैंस का भी बुरा हाल है। हर कोई बस यही चाहता है कि सिद्धार्थ किसी भी तरह से वापस आ जाए, जो शायद अब मुमकिन नहीं है। आपको बता दें कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। लोग यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि सिद्धार्थ अब इस दुनिया में नहीं हैं। 'बालिका वधू' से हर घर में पहचान बनाने वाले शिवराज की याद लोगों को जिंदगी भर खलती रहेगी।

सिद्धार्थ शुक्ला की लाइफ

सिद्धार्थ शुक्ला की परवरिश मुंबई में हुई और उन्होंने इंटीरियर डिजाइनिंग में डिग्री हासिल की। हालांकि, अभिनय से पहले सिद्धार्थ इंटीरियर डिजाइनर बनना चाहते थे, लेकिन पैसों की किल्लत की वजह से उन्होंने अपनी राहें बदल दीं और टीवी को दुनिया में अपना करियर 'बाबुल का आंगन छूटे ना' से शुरू किया। इस शो में उन्होंने शुभ रानावत का किरदार निभाया था।

इसके बाद, वह जाने-पहचाने से ये अजनबी में वीर वर्धन सिंह के किरदार में दिखाई दिए थे। लेकिन उन्हें अपने करियर की पहली बड़ी कामयाबी और पहचान 'बालिका वधू' से मिली। इसके अलावा, सिद्धार्थ शुक्ला रशमी देसाई के साथ शो दिल से दिल तक में भी नजर आए। सिद्धार्थ ने कई रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया। सिद्धार्थ शुक्ला ने टीवी की दुनिया में लगभग 11 साल तक काम किया।

सिद्धार्थ शुक्ला का करियर


'बालिका वधू' के बाद सिद्धार्थ हर घर में पहचाने जाने लगे थे। इसके बाद एक के बाद एक रियलिटी शोज में सिद्धार्थ को देखा जाने लगा था। उन्हें 'झलक दिखला जा सीजन 6' में अपनी डांसिंग स्किल्स ने दर्शकों को खूब इंप्रेस किया था। इसके बाद उन्होंने 'फियर फैक्टर' और 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 7' जैसे शोज में काम किया।

इसके बाद सिद्धार्थ सिद्धार्थ बिग बॉस-13 में भी नजर आए और उन्होंने जीत भी हासिल की। वहीं से सिद्धार्थ और शहनाज की जोड़ी को एक अलग पहचान मिली। इसके अलावा, वह कई गानों में भी काम कर चुके हैं।

इसे ज़रूर पढ़ें-धर्मेन्द्र से शादी के सख्त खिलाफ थीं हेमा मालिनी की मां, इस शर्त पर दी थी रजामंदी

आज भले ही इन कलाकारों ने दुनिया को अलविदा कह दिया हो, लेकिन उनकी पर्सनालिटी और इनके बेहतरीन अभिनव को दुनिया हमेशा याद रखेगी। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Image credit- (@Instagram)

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।