herzindagi
image

Delhi New CM Atishi: कैसे आतिशी के नाम संग जुड़ा 'मार्लेना'? दिल्ली की नई सीएम के नाम नहीं है खुद का कोई घर, जानें नई मुख्यमंत्री के सियासी सफर से जुड़ी सारी डिटेल्स

केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, दिल्ली के सीएम पद की कमान आतिशी को सौंपी गई है। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री कौन हैं और उनका सियासी सफर कैसा रहा है, चलिए जानते हैं।
Editorial
Updated:- 2024-09-18, 14:52 IST

केजरीवाल ने जेल से बाहर आने के बाद परसो यह ऐलान किया था कि वह अगले 48 घंटे में दिल्ली के सीएम की कुर्सी छोड़ देंगे। उन्होंने चुनाव भी नवंबर में करवाने की मांग की थी। साथ ही, यह भी कहा था कि जब तक जनता अपना फैसला न सुना दे कि केजरीवाल ईमानदार है, वह सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे और जल्दी ही पार्टी की तरफ से नए सीएम का ऐलान किया जाएगा। इसके बाद, राजनीतिक गलियारों और जनता के बीच भी नए सीएम के नाम को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं और अब दिल्ली की नई सीएम का नाम सामने आ चुका है। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, दिल्ली के सीएम पद की कमान आतिशी को सौंपी गई है। खुद केजरीवाल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और विधायकों की मीटिंग में इस नाम पर मुहर लगाई गई। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री कौन हैं और उनका सियासी सफर कैसा रहा है, चलिए जानते हैं।

कौन हैं दिल्ली की नई सीएम आतिशी?

 

दिल्ली के सीएम पद की जिम्मेदारी अब आतिशी मार्लेना की होगी। 2 दिन के इंतजार के बाद, दिल्ली की नई सीएम का नाम सामने आ चुका है। उनका जन्म 8 जून 1981 में दिल्ली में हुआ था। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर दंपति विजय सिंह और तृप्ता सिंह के घर जन्मी आतिशी, अब दिल्ली की बागडोर संभालने जा रही हैं। उन्होंने दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल से पढ़ाई की थी। इसके बाद, सेंट स्टीफन कॉलेज से उन्होंने बैचलर डिग्री ली। इसके बाद, स्कॉलरशिप हासिल कर, उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी लंदन से मास्टर्स किया।

शुरुआत से 'आप' के संग जुड़ी हैं आतिशी

आतिशी, आम आदमी पार्टी की स्थापना के वक्त से ही पार्टी के संग जुड़ी रही हैं। साल 2013 में उन्होंने पहली बार दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा था। साल 2015 से साल 2018 तक, उन्होंने दिल्ली के डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार के तौर पर काम किया था। जब पार्टी की शुरुआत हुई थी, उस वक्त भी नई नीतियों को बनाने में आतिशी की अहम भूमिका रही थी। साल 2013 में जब पार्टी ने अपना मेनिफेस्टो ड्राफ्ट करने के लिए कमेटी बनाई थी, उसमें भी आतिशी को जगह दी गई थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के नेता गौतम गंभीर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद, साल 2020 के दिल्ली चुनाव में उन्होंने कालकाजी क्षेत्र से चुनाव लड़ा और इस बार जीत हासिल की। साल 2020 के चुनाव के बाद, उन्हें आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई का प्रभारी बनाया गया था। आतिशी का सियासी ग्राफ, आम आदमी पार्टी के साथ तेजी से ऊपर की तरफ बढ़ा है। उनकी गिनती केजरीवाल के भरोसेमंद नेताओं में की जाती है और वर्तमान में वह दिल्ली की शिक्षामंत्री का पद संभाल रही थीं।

आतिशी के नाम संग कैसे जुड़ा 'मार्लेना'?

who is atishi marlena delhi new cm

काफी लोगों के मन में यह सवाल आता है कि आतिशी के नाम संग मार्लेना कैसे जुड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पिता मार्क्स और लेनिन से प्रभावित थे, इसलिए दोनों को मिलाकर, उन्होंने आतिशी के नाम साथ 'मार्लेना' जोड़ा था। हालांकि, साल 2019 में चुनाव के दौरान, विपक्ष ने इस बात को धर्म से जोड़कर मुद्दा बनाया था इसलिए, उन्होंने उस समय अपने नाम से 'मार्लेना' हटा दिया था।

कितनी संपत्ति की मालकिन हैं आतिशी?

अगर आतिशी की कुल संपत्ति की बात करें, तो साल 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान, इलेक्शन कमीशन को दिए गए उनके चुनावी हलफनामे में उनकी संपत्ति 1 करोड़ 41 लाख रुपये बताई गई थी। कुछ बैंक खातों में जमा राशि और एफडी का भी ब्यौरा इसमें दिया गया था। उनके पास, करीब 54 लाख रुपये की एफडी भी है। आतिशी के नाम पर अपना कोई घर या जमीन नहीं है। साल 2019 में उन्होंने बताया था कि उनके पास कोई कार या ज्वैलरी भी नहीं है।

यह भी पढ़ें- Delhi Budget 2024-25: दिल्ली में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 1000 रुपये, केजरीवाल सरकार की बजट में बड़ी घोषणा

केजरीवाल के जेल में होने पर मजबूती से रखा था पार्टी का पक्ष

Atishi marlena details

जब अरविंद केजरीवाल जेल में थे, तो आतिशी पार्टी का एक मजबूत चेहरा बनकर उभरी थीं। यह भी उनके सीएम बनने का एक अहम कारण कहा जा सकता है। दिल्ली शराब नीति मामले में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के जेल में होने पर आतिशी ने विपक्ष पर जमकर हमले किए थे और मजबूती से पार्टी का पक्ष रखा था। केजरीवाल कैबिनेट में वह एक भरोसेमंद और पुरानी मंत्री हैं। इसके साथ ही, वह मीडिया और विपक्ष को हैंडल करने का गुण भी जानती हैं। अपनी तेज-तर्रार छवि और पार्टी संग ईमानदारी भी, उनका नाम आगे करने की एक वजह बनी। उनके अलावा, राघव चड्ढा, सौरभ भारद्वाज, राघव चड्ढा, गोपाल राय, सुनीता केजरीवाल और कैलाश गहलोत के नाम भी मुख्यमंत्री बनने की लिस्ट में सामने आ रहे थे। हालांकि, पार्टी और केजरीवाल ने आतिशी पर भरोसा दिखाते हुए, उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी है।

कौन हैं आतिशी के पति?

आतिशी एक पंजाबी राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पति का नाम प्रवीण सिंह हैं। वह एक एजुकेटर हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम अहमदाबाद से पढ़ाई की है। वह समाज सेवा से भी जुड़े हुए हैं।

दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी आतिशी

आतिशी, दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले बीजेपी की तरफ से सुषमा स्वराज और कांग्रेस की ओर से शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। सुषमा स्वराज सिर्फ 52 दिनों के लिए दिल्ली की सीएम बनी थीं।

यह भी पढ़ें- आपको पता है हम-आप भी इन तरीकों से कर सकते हैं नरेंद्र मोदी से सीधे बात? जानें फोन नंबर और ईमेल एड्रेस तक सारी डिटेल्स

 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।