Monthly Horoscope April 2022: ज्योतिष एक्सपर्ट से जानें अप्रैल के महीने में किन राशियों के चमकेंगे सितारे

अगर आप अपनी राशि के लिए अप्रैल के महीने में होने वाली घटनाओं की जानकारी लेना चाहते हैं तो यहां अपने भविष्यफल के बारे में जानें। 

april month horoscope prediction

अपने आने वाले समय के बारे में भला कौन नहीं जानना चाहता है। लेकिन बात जब भविष्य के अनुमान की करें तो इसे जान पाना आसान नहीं होता है। हर एक व्यक्ति अपने आने वाले समय की जानकारी के लिए उत्सुक रहता है। हर एक राशि के लोगों के लिए समय बदलता रहता है और उनकी राशि के अनुसार ही किसी भी व्यक्ति के जीवन के लिए प्रत्येक महीने का अलग महत्व होता है।

ऐसा माना जाता है कि भविष्य में आने वाली घटनाओं का अनुमान ज्योतिष शास्त्र से लगाया जा सकता है। अगर आप भी अपने आने वाले समय यानी कि अप्रैल के महीने में आपके लिए समय कैसा रहने वाला है इस बात की जानकारी लेना चाहते हैं तो ज्योतिषाचार्य एवं वास्तु विशेषज्ञ डॉक्टर आरती दहिया जी से जानें सभी राशियों के लिए अप्रैल महीने के राशिफल के बारे में।

मेष राशि

aries taurus april horoscope

मेष राशि के लिए इस माह बड़े ग्रह राशि परिवर्तन करने वाले हैं जिसके कारण आपकी ज़िन्दगी में कई बदलाव आने की संभावना है। शनि आपको कार्य क्षेत्र में सफलता दिलाने वाले हैं। गुरु भी आपके भाग्य को बदल देंगे। यदि आप काफी लंबे समय से विदेश जाना चाह रहे थे तो इस कार्य में आपको सफलता मिल सकती है। आपके अंदर आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरी एवं धन दोनों क्षेत्रों में आपको उन्नति मिल सकती है। अप्रैल के महीने में मेष राशि के लोगों को मान-सम्मान मिलने वाला है। विद्यार्थियों के लिए यह समय अच्छा रहेगा। इस माह आप उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इस राशि के लोगों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और आर्थिक स्थिति भी अच्छी रहेगी। कारोबार से आपको फायदा होगा और धन संचय करने में सफलता भी मिलेगी।

इसे जरूर पढ़ें: टैरो कार्ड एक्सपर्ट से जानें कैसा होता है मेष राशि के लोगों का स्वभाव

वृषभ राशि

इस माह आपका वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। वृषभ राशि के लोगों के जीवनसाथी के साथ रिश्ते मजबूत होंगे। आपके घर का वातावरण सुखद रहेगा। इस दौरान आपके लिए धन लाभ का योग बनेगा। राहु का राशि परिवर्तन आपको कई बीमारियों से छुटकारा दिलाएगा। घर के दूसरे सदस्यों विशेषकर बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। विवाह के योग्य जातक को इस माह वर या वधु मिलने की संभावना है। अप्रैल के महीने में आपकी सोच में काफी बदलाव आएगा। आपकी कई परेशानियां इस महीने ख़त्म होंगी। छात्रों के लिए भी यह माह अच्छा रहेगा। ससुराल पक्ष से भी आपको लाभ होगा। इस महीने आपकी धर्म के प्रति रूचि बढ़ सकती है।

मिथुन राशि

gemini cancer zodiac april horoscope

आने वाले महीने में करियर की संभावनाएं काफी कमजोर दिखाई दे रही हैं। आपको मेहनत की अपेक्षा कम सफलता मिलेगी। हालांकि आपका कामकाजी माहौल उत्कृष्ट और तनाव मुक्त रह सकता है। अप्रैल के महीने में आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। पूरे महीने आपके लिए खर्च की अधिकता रह सकती है। मिथुन राशि (मिथुन राशि के लिए कैसा होगा साल 2022) के कई जातकों को अप्रैल के महीने में पैतृक संपत्ति का लाभ मिल सकता है। आपको अचानक धन प्राप्त होने की संभावना है। घर में वाद-विवाद से बचने की कोशिश करें। संतान के करियर संबंधी चिंता रहेगी। माता पिता एवं बड़ों की इज़्ज़त करें। इस दौरान अपने पार्टनर से बात करने में सावधानी बरतें।

april month horoscope by aarti dahiya

कर्क राशि

गुरु आपके भाग्य को बढ़ाएंगे। आपके अंदर ज्ञान की वृद्धि होगी। इस माह आपके विदेश जाने की संभावना है। 12 अप्रैल के बाद आपकी पढ़ाई सही चलेगी। यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो आपको सफलता मिलेगी। आपकी नौकरी में परिवर्तन हो सकता है जो लोग नई नौकरी की तलाश में हैं उन्हें नौकरी मिलने की संभावना है। राजनीति से जुड़े व्यक्तियों को भी लाभ हो सकता है। आपका व्यापार अच्छा चलेगा। विदेश से जुड़े कारोबार में भी लाभ होगा। बड़े भाई बहन से आपको लाभ मिलेगा। कर्क राशि के लोग स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। आपको रक्त संबंधी परेशानी हो सकती है। आपके जो काम नहीं बन पा रहे थे वो इस माह बनने की संभावना है।

सिंह राशि

leo horoscope april horoscope

छोटे भाई बहन से संबंध थोड़े बिगड़ सकते हैं। धर्म के क्षेत्र में आपका रुझान बढ़ेगा। इस महीने किसी धार्मिक स्थान में भी जाने की संभावना है। 14 अप्रैल के बाद आपके भाग्य में वृद्धि होगी। इस समय मान-सम्मान मिलेगा। 20 अप्रैल के बाद नयी नौकरी के मिलने के योग हैं। आपको नौकरी में कई अवसर प्राप्त होंगे। जिनके प्रमोशन रुके हुए थे उन्हें 20 अप्रैल के बाद जरूर मिलेंगे। भौतिक सुख साधन इस समय अच्छे बने रहेंगे। आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी रहेगी। यदि आप विदेश जाने की सोच रहे हैं तो इस समय आप जा सकते हैं। इस समय व्यय अधिक होगा, लेकिन खर्च शुभ कार्यों में अधिक होगा। आपके घर में कोई मंगल कार्य हो सकता है।

कन्या राशि

अप्रैल का महीना आपके लिए स्वर्णिम समय रहेगा। आपके भाग्य में वृद्धि होगी। छोटे भाई बहन से अच्छे संबंध होंगे। आपके व्यापार में तरक्की होगी। जो लोग लेखन के क्षेत्र में हैं उन्हें उन्नति मिलेगी। यदि आप तकनीकी, यांत्रिक, डिफेन्स या सरकारी नौकरी कर रहे हैं तो यह माह आपके लिए बेहद शानदार रहेगा। कई लोगों के इस महीने प्रमोशन की संभावना है। जल्दबाजी में कोई काम न करें। यहां पर सतर्क रहें एवं सोच समझ कर निर्णय लें। स्वास्थ्य की दृष्टि से आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। आपके पारिवरिक जीवन में सौहार्द्र बढ़ेगा।

तुला राशि

libra horoscope april prediction

इस महीने आपकी आर्थिक स्थिति बहुत सामान्य रहने वाली है। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आप संघर्ष करेंगे लेकिन उतनी सफलता नहीं मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी। इस महीने आपके प्रमोशन की भी संभावना है। पार्टनरशिप में अभी कोई काम न करें। इस महीने आप अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें। इस दौरान खानपान पर विशेष ध्यान दें। इस माह छात्रों का मन पढ़ाई में नहीं लगेगा। आपका पारिवारिक जीवन सुखमय होगा। घर के सदस्यों में प्यार बढ़ेगा और सुख शांति बनी रहेगी।

इसे जरूर पढ़ें: राशिफल 2022: ज्योतिष एक्सपर्ट से जानें आपकी राशि के लिए कैसा रहेगा आने वाला साल 2022

वृश्चिक राशि

अप्रैल के महीने में राहु केतु के राशि परिवर्तन के कारण पहले की अपेक्षा समय ठीक हो जायेगा। आपको आकस्मिक रूप से धन लाभ होगा। शत्रुओं पर आप विजय प्राप्त कर पाएंगे। स्वास्थ्य पहले से बढ़िया रहेगा लेकिन फिर भी थोड़ा बहुत मानसिक तनाव रहेगा। आपको कार्यस्थल में सफलता मिलेगी। इस महीने आपके प्रमोशन के योग हैं। कोई नया कारोबार शुरू कर सकते हैं। वैवाहिक जीवन में शुभता देखने को मिलेगी। जीवन साथी का पूर्ण सहयोग मिलेगा। ससुराल पक्ष से भी आपको सहयोग मिलेगा। प्रेम संबंधों में भी अनुकूलता देखने को मिलेगी। भूमि और वाहन से संबंधित कार्य सफल होंगे। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

धनु राशि

saggitarious zodiac april

इस माह आपमें रचनात्मकता आएगी । आपके भाग्य में भी वृद्धि होगी। इस महीने आप छोटी मोटी यात्रा करंगे। आपके लिए विदेश भ्रमण के भी योग बन सकते हैं। राहु के कारण अचानक आपको लाभ होगा। बृहस्पति के कारण ज्ञान में वृद्धि होगी यदि आप सौंदर्य, होटल, फिल्म से सम्बंधित कार्य कर रहे हैं तो उसमे आपको लाभ होगा। बृहस्पति देव आपके सुखों में वृद्धि करेंगे। परिवार में प्रेम बढ़ेगा।10-12 अप्रैल से पहले आपकी फैमिली में कलेश हो सकता है। अप्रैल के माह में आपकी पढ़ाई अच्छी नहीं चलेगी।15 अप्रैल के बाद जो मेडिकल, कंप्यूटर, नेटवर्किंग में काम करते हैं उनके लिए बहुत अच्छा समय रहेगा। जो लोग सरकारी नौकरी में हैं उनका प्रमोशन हो सकता है।

मकर राशि

इस माह आपको बड़ी बड़ी उपलब्धियां मिलेगी। कई जगह से आपको धन लाभ होगा। धन लाभ के एक से अधिक स्रोत बनेंगे। परिवार में ख़ुशी का माहौल रहेगा। जो काम आपके बनते- बनते बिगड़ जाते थे उनमें भी सफलता मिलेगी। आपको घर और वाहन का लाभ मिलेगा। व्यापारियों के लिए भी यह समय अच्छा है। मकर राशि (मकर राशि के लिए कैसा रहेगा साल 2022) के लोगों कीव्यापार में उन्नति हो सकती है। शिक्षा के क्षेत्र में 12 अप्रैल के बाद सफलता मिलेगी। इस माह क्रोध अधिक रहेगा। शत्रु आपको बिना वजह परेशान कर सकते हैं। आप नौकरी में तरक्की करेंगे लेकिन आप में आत्म संतुष्टि की कमी रहेगी।

कुंभ राशि

aquarious piceanhoroscope april month

अप्रैल के माह में आपको बहुत सारे परिवर्तन देखने को मिलेंगे। धन के मामले में अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। आपकी वाणी अच्छी रहेगी। इस महीने खर्च की अधिकता बनी रहेगी। अप्रैल माह की शुरुआत में परिवार के साथ थोड़ा मन- मुटाव रह सकता है। 13 अप्रैल के बाद आपके रिश्तेदारों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। छोटे भाई बहनों के साथ भी अच्छे संबंध रहेंगे। इस माह बच्चों का मन थोड़ा भ्रमित रह सकता है। आपकी एकाग्रता में कमी देखी जा सकती है। भाग्य का साथ मिलेगा। पिता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। आपकी नौकरी व्यवसाय ठीक रहेगा। इस दौरान बॉस के साथ आप अच्छे संबंध बनाये रखें। धार्मिक कार्यों में आपकी रूचि बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र में आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। अप्रैल के महीने में आप अपने किसी भी कार्य में सफल होंगे। नौकरी या व्यवसाय अच्छा रहेगा। आपकी उच्च शिक्षा के लिए भी अच्छा समय रहेगा। यदि आप विदेश जाना चाहते हैं तो आप वहां जाकर लाभ कमा सकते हैं।

इसे जरूर पढ़ें: कुंभ लव हॉरोस्कोप 2022: इस वर्ष कैसे रहेंगे आपके प्रेम और वैवाहिक संबंध, पंडित जी से जानें


मीन राशि

13 अप्रैल तक अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान कहीं भी इन्वेस्ट न करें। अगर कोई जातक विवाह करना चाह रहे थे तो उनका विवाह का योग बन रहा है। आपको पिता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। जीवन साथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शिक्षा के क्षेत्र में बृहस्पति असीम ऊंचाइयां प्रदान करेंगे। उच्च शिक्षा की प्राप्ति आपको इस दौरान हो सकती है। आपके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा। संतान से सुख मिलेगा। संतान के करियर को लेकर शुभ समाचार मिल सकता है। आप शेयर या लॉटरी से भी पैसा कमा सकते हैं।

इस प्रकार सभी राशियों के लिए आने वाला अप्रैल का महीना मिले जुले प्रभाव लेकर आएगा। इस ज्योतिषीय अनुमान के अनुसार आप आने वाले समय की योजनाएं तय कर सकते हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Recommended Video

Image Credit: freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP