herzindagi
 aaj ka suvichar 23 jan 2026

Aaj Ka Suvichar 23 Jan 2026: क्या आप सच में सफल हैं? आज के सुविचार में गुरुदेव का वो मंत्र जानें, जो किस्मत बदल देगा

गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के सुविचार के अनुसार, सच्ची सफलता बाहरी उपलब्धियों में नहीं, बल्कि आंतरिक शांति और एक ऐसी मुस्कान में है जिसे कोई छीन नहीं सकता। अक्सर हम धन और पद को सफलता मानते हैं, पर यह तनाव और बीमारियों का कारण बन सकता है। वास्तविक सफलता हृदय की वह तृप्ति है जो जीवन की हर परिस्थिति में अडिग रहती है, और यही हमें सच्चे अर्थों में सफल बनाती है।
Editorial
Updated:- 2026-01-23, 07:46 IST

भागदौड़, प्रतिस्पर्धा और उपलब्धियों की इस दुनिया में हम अक्सर सफलता को अंकों, पदों और धन के तराजू में तौलते हैं। बाहर से चमकती यह सफलता भीतर कितना सुकून देती है, यह सवाल शायद ही हम खुद से पूछते हैं। क्या वह सफलता सच में सफलता है, जो हमें मुस्कान नहीं, बल्कि चिंता, तनाव और डर सौंप दे?

आज के सुविचार में गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर का यह गूढ़ कथन हमें जीवन की इसी सच्चाई से रूबरू कराता है, जिसे हम अक्सर अनदेखा कर देते हैं कि वास्तविक सफलता का प्रमाण बाहरी उपलब्धियां नहीं, बल्कि भीतर से उपजी वह मुस्कान है, जिसे कोई परिस्थिति, व्यक्ति या समय छीन नहीं सकता। यह मुस्कान मन की शांति, आत्मिक संतुलन और जीवन के प्रति तृप्त भाव की अभिव्यक्ति है।

इसी गहराई और सत्य के साथ आइए समझते हैं कि क्यों मुस्कान ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है और कैसे आंतरिक शांति ही हमें सच्चे अर्थों में सफल बनाती है।

आज का सुविचार

suvichar

"सफलता का सूचक है-एक मुस्कान! एक मुस्कान जो कि किसी के द्वारा चुराई नहीं जा सकती।"
- गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर

क्या सफलता का अर्थ चिंता, तनाव, ब्‍लड प्रेशर, अल्सर, डायबिटीज, डर और परेशानी है? निश्चित रूप से नहीं। लोग धन, पद या भौतिक लाभ को सफलता मानते हैं, लेकिन यह सब प्राप्त करने के प्रयास में अक्सर मानसिक चिंताएं, तनाव और डर व शारीरिक बीमारियां जैसे शुगर, अल्सर और ब्‍लड प्रेशर उत्पन्न होते हैं। यदि ये सब सफलता के सूचक हैं, तो कोई भी सफल नहीं होना चाहेगा।

यह भी पढ़ें- Motivational & Inspirational Quotes 2024: जब टूट जाए उम्मीद तो इन मोटिवेशनल कोट्स से अपनों को करें प्रेरित

असली सफलता क्‍या है?

सफलता का वास्तविक और शाश्वत सूचक मुस्कान है। एक मुस्कान जो कि किसी के द्वारा चुराई नहीं जा सकती। मुस्कान जो केवल बाहरी खुशी या क्षणिक संतोष का प्रदर्शन नहीं है, अपितु हृदय का भाव है, जो जीवन की हर परिस्थिति में अडिग रहता है। जब व्यक्ति अपने भीतर विद्यमान ईश्वर से जुड़ाव महसूस करता है, तो इसे बहुलता का आभास होता है। यह जुड़ाव ही वह शक्ति है जिससे कोई भी उसकी मुस्कान नहीं छीन सकता।

भौतिक सफलता क्षणभंगुर होती है और बाहरी परिस्थितियों पर निर्भर करती है, लेकिन आंतरिक मुस्कान स्वयं के ज्ञान से संभव होती है और इसलिए समय और जगत से परे होती है।

मुस्‍कुराते रहने के फायदे

हमारी मुस्कान और तृप्ति भाव जीवन में भौतिक व मानसिक प्रगति का द्वार सहज ही खोल देता है। प्रसन्न व तृप्त व्यक्ति ईश्वर के अधिक निकट होता है। यह मुस्कान भावनात्मक प्रौढ़ता का भी संकेत है। जब हम अपनी भावनाओं को नियंत्रित करना सीख लेते हैं और दुनिया की अपूर्णता पर क्रोधित होने के बजाय करुणा और क्षमा को अपने जीवन का अंग बना लेते हैं, तब यह मुस्कान सदैव हमारे साथ बनी रहती है।

यह भी पढ़ें- Success Quotes In Hindi: सफलता की बधाई इन शानदार और बेहतरीन मैसेज के माध्यम से आप भी दीजिए

एक ऐसी मुस्कान जो अटल है और हमें साहस, मजबूती और शांति देती है। यह मुस्कान ही प्रमाणित करती है कि व्यक्ति ने एक ऐसा आंतरिक धन कमाया है जो किसी भी भौतिक संपत्ति से अधिक मूल्यवान और सुरक्षित है। यही वास्तविक जीवन की उपलब्धि है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।