हमारे देश में जब भी दुल्हन की बातें होती हैं तब एक सकुचाई और शरमाई सी दुल्हन घूंघट के पीछे धीरे से मुस्कुराती नज़र आती है। जभ भी दुल्हन अपने धीमे कदमों से आगे बढ़ती है उनकी आंखों में अजीब सी झिझक और खामोशी नज़र आती है। धीरे से दुल्हन आगे बढ़ती है और अपने दूल्हे का हाथ थाम के आगे बढ़ जाती है। लोगों की रूढ़िवादी सोच कहें या सदियों से चली आ रही प्रथाएं दुल्हन हमेशा दूल्हे के आगे थोड़ी दबी हुई ही दिखती है।
हमारे देश में न जानें कितनी शादियां सिर्फ एक समझौता मात्र होती हैं और अपनी रूढ़ियों के बेड़ियों में जकड़ी लड़की हमेशा शादी के बंधन को निभाती जाती है। ये तो थी देश की आम दुल्हनों की बात, लेकिन कभी आपने सोचा है कि अगर शादी के मंडप में दूल्हे ही जगह दुल्हन घोड़ी चढ़कर शेरवानी पहने या फिर विदाई के समय अपनी डोली खुद ही लेकर और कार चलाकर दूल्हे को बैठाकर ससुराल चली जाए तो आप क्या कहेंगे। जी हां, हम बात कर रहे हैं साल 2021 की कुछ ऐसी दुल्हनों के बारे में जिन्होंने समाज में चली आ रही रूढ़ियों को तोड़कर अपनी एक अलग पहचान कायम की और सबके लिए उदाहरण बनीं। आइए देखें कौन हैं वो दुल्हनें और क्या है उनकी कहानी।
View this post on Instagram
हाल ही में एक्टर राजकुमार राव की शादी में एक नयी रस्म देखने को मिली थी जिसमें उनकी दुल्हन पत्रलेखा ने दूल्हे राजकुमार की मांग में सिंदूर भरा। उनकी शादी से प्रेरणा लेकर कोलकाता की एक दुल्हन ने दूल्हे के माथे पर सिंदूर लगाकर शादी की रस्म पूरी की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल जो रहा है जिसे देखकर लोग शादीशुदा कपल को बधाइयां देने के साथ वीडियो को पसंद भी कर रहे हैं। दुल्हन का नाम शालिनी सेन है और वीडियो में वो अपने दूल्हे अंकन मजूमदार के माथे पर सिंदूर लगाती दिख रही है। ऐसा ही कुछ समय पहले बॉलीवुड स्टार राजकुमार राव और पत्रलेखा की शादी के दौरान देखा गया था जब राजकुमार ने व्यक्तिगत रूप से अपनी दुल्हन को अपने माथे पर सिंदूर लगाने के लिए राजी किया था।
आमतौर पर शादी में दूल्हा घोड़ी चढ़कर बारात लेकर दुल्हन को लेने आता है। लेकिन हाल ही में राजस्थान के सीकर जिले में ऐसी शादी हुई है जिसमें दुल्हन शेरवानी पहनकर घड़ी पर सवार होकर दूल्हे को लेने शादी स्थल पर पहुंची। इस नजारे को देखकर वहां पहुंचे सभी लोग हैरान हो गए और उसके इस वीडियो को सोशल मीडिया में तेजी से पसंद किया जा रहा है। आपको बता दें कि ये दुल्हन कृतिका सैनी है और उसके पिता का नाम महावीर सैनी है। महावीर सैनी ने एक मीडिया इंटरव्यू में बताया कि वो काफी समय से सोच रहे थे कि बेटी की शादी भी बेटे की तरह ही करेंगे। उनकी चार बेटियां और दो बेटे हैं और इनमें से जिनमें कृतिका सबसे छोटी बेटी है। कृतिका की सगाई 1 साल पहले हुई थी और उसी वक्त कृतिका के पिता महावीर सैनी को यह ख्याल आया था कि क्यों न बेटी की शादी भी बेटों की तरह की जाए। इसलिए उन्होंने शादी के लिए बेटी को दूल्हे की तरह शेरवानी पहनाई और घोड़ी पर चढ़ाकर ले गए। कृतिका ने 2 साल पहले एमए की पढ़ाई पूरी की थी। जिसके बाद जयपुर के एक निजी कॉलेज से फैशन डिजाइनिंग का डिप्लोमा भी किया है। दुल्हन कृतिका की शादी सीकर के राधा किशनपुर के रहने वाले मनीष सैनी से हुई है और मनीष एक निजी बैंक में अकाउंटेंट हैं।
एक हिंदू विवाह समारोह के दौरान मांग में सिंदूर लगाने का अलग महत्व है। आमतौर पर दूल्हा अपनी दुल्हन की मांग सिंदूर से भरता है। लेकिन हाल ही में एक्टर राजकुमार राव और पत्रलेखा की शादी में दुल्हन बनी पत्रलेखा ने अपने दूल्हे की मांग सिन्दूर से भरकर एक नया ट्रेंड शुरू किया। इस बात को पूरे सोशल मीडिया में जमकर तारीफ़ मिली।
पुरानी रूढ़ियों को तोड़ता एक और वीडियो तेजी से वायरल होता नज़र आ रहा है। दरअसल लाल जोड़े में सजी दुल्हन शादी के दिन एग्जाम देने पहुंचती है। गुजरात के राजकोट की रहने वाली शिवांगी बगथरिया की 22 नवंबर को शादी भी थी और एग्जाम भी, मगर उन्होंने शादी से पहले अपना एग्जाम देना ज्यादा जरूरी समझा। वास्तव में ये उनकी लगन को दिखाता है और हर लड़की को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनके इस कदम पर उनका साथ उनके पति ने भी दिया। इस वीडियो के वायरल होते ही लोग उनकी और उनके पति की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इसे जरूर पढ़ें:Viral Video : लाल जोड़े में सज-धजकर एग्जाम देने पहुंची दुल्हन, दूल्हा करता रहा इंतजार
View this post on Instagram
आमतौर पर दुल्हन शादी के दिन अपने दूल्हे के साथ कार में बैठकर, आंखों में आंसू भरकर विदा हो जाती है। लेकिन एक ऐसी भी दुल्हन है जिनकी शादी साल 2021 में हुई और वो खुद की शादी के बाद कार में दूल्हे हो बैठाकर कार चलाकर ले गयी। दरअसल, कोलकाता की स्नेहा सांघी और सौगात उपाध्याय ने साल 2021 में ही शादी की और इंस्टाग्राम पर एक स्टीरियोटाइप-ब्रेकिंग विदाई समारोह को सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि शादी के पूरा होने के बाद, जब लड़की का घर छोड़ने का समय आया तब दूल्हे सौगात की जगह स्नेहा कार चलाने के लिए तैयार कार के अंदर पहुंच जाती हैं और उनके दूल्हे सौगात उनकी बगल वाली सीट में नज़र आ रहे हैं। स्नेहा फिर धीरे से कार चलना शुरू करती है और सबको देखकर मुस्कुराती हुई ससुराल चली जाती है। इस वीडियो को देखने के बाद भारतीय विवाह की पुरानी रूढ़ियों पर प्रश्न चिह्न लग गया है। (कार चलाकर ससुराल जाती दुल्हन )
View this post on Instagram
इस साल एक ऐसी शादी हुई जिसमें दूल्हे की कमजोर नजर को देखते हुए दुल्हन ने शादी करने से ही मन कर दिया। दरअसल अर्चना नाम की एक लड़की ने अपनी शादी इसलिए रद्द कर दी क्योंकि दूल्हा बिना चश्मे के अखबार नहीं पढ़ सकता था। औरैया के रहने वाले अर्जुन सिंह नाम के एक शख्स ने अपनी बेटी अर्चना की शादी शिवम नाम के लड़के से तय की लड़के के परिवार ने कहा था कि वह एक 'सुशिक्षित' व्यक्ति है इसलिए सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए हामी भर दी। शादी के दिन ही यह समस्या सामने आई जब दूल्हा अपनी आंखों पर काला चश्मा चढ़ाए नजर आया , जिससे सभी को शक होने लगा कि कहीं उसकी नजर कमजोर तो नहीं है। असलियत ये है कि दूल्हा बिना चश्मे के देख ही नहीं सकता है।
साल 2021 में शादी के एक तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में एक दुल्हन को जयमाल के लिए ले जाया जा रहा है लेकिन वो गुस्से में अपने रिश्तेदारों से बोलती है कि उसका पसंदीदा गाना ही चलना चाहिए। दुल्हन गुस्से में थोड़ी परेशान होकर बोलती है " वही लगेगा जो मैंने बोला था, इतने पहले से मैंने बोला था वो लगाने को " दुल्हन को नाराज़ देखकर उसके सभी रिश्तेदार उसे मनाने की कोशिश करते हैं लेकिन वो शादी के स्थान पर आगे बढ़ने से मना कर देती है। इस दुल्हन की जिद के सामने सबने घुटने टेक दिए और उसकी पसंद का गाना चलाया।
View this post on Instagram
वास्तव में ऐसी कुछ शादियां साल 2021 में सभी के लिए एक मिसाल बनकर सामने आईं और इन सभी दुल्हनों ने सभी के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया जो समाज की रूढ़ियों को तोड़कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य रोचक लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: instagram.com and freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।